विज्ञापन

कल का मौसम: दिल्ली, यूपी से लेकर MP तक भारी बारिश, बिहार-हिमाचल-उत्तराखंड में येलो अलर्ट

कल का मौसम 22 अगस्त 2026: IMD ने कल देश के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है.

कल का मौसम: दिल्ली, यूपी से लेकर MP तक भारी बारिश, बिहार-हिमाचल-उत्तराखंड में येलो अलर्ट
कल का मौसम: जानिए कहां होगी बारिश Weather Update 22 August
IANS

Kal Ka Mausam 22 August 2026:  दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. कई राज्यों में मॉनसून एक्टिव होने की वजह से झमाझम बारिश हो रही है. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की वजह से उत्तर भारत के राज्यों में नदियां उफान पर हैं और बाढ़ जैसे हालात हो रहे हैं. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 22 अगस्त के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होने के आसार हैं. इनमें से 9 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसमें हिमाचल, उत्तराखंड से लेकर दिल्ली, यूपी और बिहार जैसे राज्य शामिल हैं. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

दिल्ली-एनसीआर कल बारिश का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून एक्टिव है. आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ मौसम का मिजाज बदलता दिखाई दे रहा है. कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं, जबकि मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कई दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान है. 24 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है. इसके बाद 25 और 26 अगस्त को बारिश से कुछ राहत मिलने के साथ आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है. कल बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है. अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश होने की संभावना है.

यूपी के कई जिलों में बारिश, कुछ जगह बाढ़ का अलर्ट

मौसम विभाग ने कल उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कल काफी ज़्यादा और व्यापक बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी पूर्वानुमान है. यह सिलसिला 24 अगस्त तक जारी रह सकता है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी) दर्ज की गई है और 22 अगस्त को भी बारिश की गतिविधियाँ जारी रहने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और प्रमुख बैराजों से नदियों में बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद उत्तर प्रदेश की कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग, जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है.

बिहार में ऑरेंज और येलो अलर्ट

बिहार में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने कल कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश हो सकती है. 22 अगस्त को उत्तरी बिहार के ज्यादातर हिस्सों में येलो अलर्ट रहने की उम्मीद है, जबकि दक्षिणी बिहार के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट की संभावना है. खराब मौसम की चेतावनी का सामना करने वाले जिलों में गोपालगंज, सिवान, रोहतास, कैमूर और बक्सर शामिल हैं. उत्तर-पूर्वी और मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान जारी रहने की उम्मीद है.

हिमाचल प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में कल बारिश का ‘येलो अलर्ट' जारी किया है. आईएमडी ने हिमाचल में 27 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है. ‘येलो अलर्ट' बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए जारी किया गया. भारी बारिश के बीच हिमाचल में कई सड़कें बंद हैं. शुक्रवार सुबह तक राज्य में 128 सड़कों पर ट्रैफिक बंद रहा. इसके अलावा 18 ट्रांसफॉर्मर और पेयजल आपूर्ति की 52 योजनाएं भी प्रभावित हुईं. मंडी में सबसे अधिक 52 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं जबकि कुल्लू में 43, चंबा में नौ, कांगड़ा व सिरमौर में छह-छह, शिमला और ऊना में पांच-पांच तथा लाहौल-स्पीति में दो सड़कें बंद रहीं.

इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट

भारी बारिश: पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, ओडिशा और बिहार

हल्की से मध्यम बारिश: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप

यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में 3 दिन बारिश, IMD का येलो अलर्ट, जानें यूपी-हिमाचल से उत्तराखंड तक आज का मौसम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kal Ka Mausam, Kal Ka Mausam In Hindi, Kal Ka Mausam Kaisa Rahega, Kal Ka Mausam Kaisa Rhega, Weather Tomorrow
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com