विज्ञापन

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: VHP अध्यक्ष ने बताया अब भक्तों का भरोसा कैसे लौट सकता है-EXCLUSIVE

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में NDTV से खास बातचीत में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि अभी जो लोग आरोप लगा रहे हैं, उसमें कुछ तो जीवन भर राम मंदिर के खिलाफ लड़ते रहे, जुल्म करते रहे. 2027 के चुनाव का हिस्सा मानकर आरोप लगा रहे हैं.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी और चंपत राय की भूमिका पर विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने एनडीटीवी से खुलकर बात की है.
NDTV
  • राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अध्यक्ष आलोक कुमार ने NDTV से बातचीत की है.
  • आलोक कुमार ने राम मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के लगे आरोप के साथ-साथ चंपत राय की भूमिका पर भी पक्ष रखा.
  • उन्होंने कहा कि हम चंपत राय को जानते हैं. हमे विश्वास है कि इस तरह की गड़बड़ियों में उनकी भागीदारी नहीं होगी.
नई दिल्ली:

राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर ट्रस्ट पर कई तरह से सवाल उठ रहे हैं. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में हैं. बीते दिनों सीएम योगी आदित्यनाथ के अयोध्या राम मंदिर दौरे में चंपत राय मंच पर नहीं नजर आए. मीडिया रिपोर्ट में खबर आई कि चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर ही उनसे दूरी बनाने को कहा गया था. हालांकि आधिकारिक रूप से अभी कुछ सामने नहीं आया है. इस बीच राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अध्यक्ष आलोक कुमार ने NDTV से बातचीत में कई अहम बातों का उल्लेख किया है. 

चंपत राय गड़बड़ियों में शामिल नहीं हो सकतेः विहिप अध्यक्ष

विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार ने राम मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के लगे आरोप के साथ-साथ चंपत राय की भूमिका को लेकर भी अपना पक्ष रखा. आलोक कुमार ने चंपत राय को लेकर स्पष्ट कहा, 'हमलोग चंपत राय को जानते हैं. हमारे मन में उनके प्रति आदर है. हमको विश्वास है कि इस तरह की गड़बड़ियों में उनकी भागीदारी नहीं हो सकती. लेकिन हम अपने इस विश्वास को जांच के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना चाहते. जांच करो, सबकी करो, निर्भयता से करो, हम उसके परिणामों को स्वीकार करेंगे.'  

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में आलोक कुमार ने कहा कि इस मामले में दो तरह के वर्जन आ रहे हैं. दोनों वर्जन की पुलिस जांच करें. पुलिस की जांच के बाद न्यायालय में टेस्ट होकर अंतिम निर्णय आ जाएगा. 

'जो आरोप लगा रहे, उन्हीं के राज में कारसेवकों की हत्या हुई'

NDTV से खास बातचीत में विहिप प्रमुख आलोक कुमार ने आगे कहा कि अभी जो लोग आरोप लगा रहे हैं, उसमें कुछ तो जीवन भर राम मंदिर के खिलाफ लड़ते रहे, जुल्म करते रहे. 2027 के चुनाव का हिस्सा मानकर आरोप लगा रहे हैं. वो ये भूल गए कि कारसेवकों की हत्या हुई थी वो इनके राज में आया था. जो एफिडेविट आया था कि राम जी है ही नहीं, राम काल्पनिक है... वह एफिडेविट भी इनके राज में आया था. 

अखिलेश SIT के पास क्यों नहीं जा रहेः आलोक कुमार

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का जिक्र करते हुए आलोक कुमार ने कहा कि अखिलेश ने अपने ट्वीट में कहा कि इसके बारे में जांच हो तो पता नहीं चले तो हम भी सहयोग करेंगे. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि वो एसआईटी के सामने खुद क्यों नहीं गए? उनके पास डॉक्यूमेंट हैं तो उन्हें एसआईटी को सौंपना चाहिए. 

अखिलेश के आरोप कि हमारी रामभक्ति पर सवाल उठा रहे हैं से जुड़े सवाल पर आलोक कुमार ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार किया. उन्होंने साफ कहा कि मैं इस पर टिप्पणी नहीं करूंगा. मैं जांच का इंतजार करूंगा. 

ट्रस्ट की पारदर्शिता को लेकर आलोक कुमार ने कहा कि मैं समझता हूं कि ट्रस्ट पर्याप्त रूप से पारदर्शी है, पर पारदर्शिता लोकतंत्र के जीवन का सिद्धांत है. ये ईमानदारी का आधार है. पारदर्शिता का कोई विचार आएगा तो ट्रस्ट उस पर ईमानदारी से विचार करेगा. 

विहिप ने चंपत राय को कोई परामर्श नहीं दिया हैः आलोक कुमार

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से चंपत राय को कोई परामर्श नहीं दिया. सीएम के हालिया अयोध्या दौरे में चंपत राय नजर नहीं आए थे. इस पर आलोक कुमार ने कहा कि मैं इस एक घटना से कोई परिणाम नहीं निकालना चाहता. चंपत राय को पता है कि किस स्थिति में किसी चीज को कैसे हैंडल करना है. 

यह भी पढ़ें - चढ़ावा चोरी में अब तक FIR क्यों नहीं? राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी विहिप ने रख दीं 4 बड़ी मांगें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Mandir, Ram Mandir Donation, Ram Mandir Donation Scam, Ram Mandir Donation Scam News, Vishwa Hindu Parishad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com