विज्ञापन

यूपी कांग्रेस प्रभारी पर 'भ्रष्टाचार' के आरोपों की इनसाइड स्टोरी , गुमनाम ईमेल के बाद राहुल गांधी ने आगाह किया, प्रियंका गांधी ने संभाली कमान

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति उनके नाम पर संगठन में पद या विधानसभा टिकट दिलाने के बदले पैसे मांगता है तो उसकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं.

भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच यूपी कांग्रेस चीफ का जवाब
NDTV

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पार्टी नेताओं को आगाह किया है कि यदि उनसे पद और पार्टी के एवज में कोई पैसे मांगता है तो बहकावे में आए बिना इसकी पुलिस शिकायत करें. राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस टिकट और पद के लिए पैसे नहीं लेती.

दरअसल कुछ दिन पहले 'राव साहब यूपी कांग्रेस' नाम के एक छद्म ई. मेल आईडी से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल जैसे शीर्ष नेताओं को राजेंद्र पाल गौतम के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत की गई थी. इसमें आरोप लगाया गया था कि गौतम के करीबी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन में पद और विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर उगाही कर रहे हैं. 

ऐसे दो ई मेल किए गए थे. कुछ दिनों के बाद इस मेल की कॉपी सोशल मीडिया पर लीक हो गई. इसमें दावा किया गया कि गौतम के निजी सहयोगी और उनके एनजीओ से जुड़े लोग नेताओं से संपर्क कर कैश और UPI ID पर पैसे ले रहे हैं. 

इसके बाद गौतम की सफाई सामने आई है. उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी के मिशन में लगा हूं, इससे मेरे विरोधी परेशान हैं और आरोप लगा रहे हैं. टिकट सर्वे के आधार पर मिलेगा, किसी को बहकावे में आने की जरूरत नहीं है कोई पैसे मांगे तो FIR दर्ज करवायें. गौतम ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस मजबूत होगी तो आरोप लगेंगे, अभी और आरोप लगेंगे. किसी झांसे में ना आएं, कांग्रेस टिकट-पद के लिए पैसे नहीं लेती." 

हालांकि गौतम ने दो हफ्ते पहले भी इस तरह की अपील जारी करते हुए कहा था कि उनके नाम पर कोई पैसे मांगे तो झांसे में ना आएं. 

सूत्रों के मुताबिक भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने के बाद राहुल गांधी ने भी राजेंद्र पाल गौतम को सावधान रहने की हिदायत दी थी. गौतम ने खुद भी पार्टी आलाकमान से आरोपों की जांच कराने का आग्रह किया था. 

जून में राहुल गांधी के निर्देश के अनुसार महज दो साल पहले कांग्रेस में आए राजेंद्र पाल गौतम को यूपी कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया था. गौतम कांग्रेस अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष भी हैं. 

यूपी कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद गौतम ने अजय राय की जगह आराधना मिश्रा को यूपी कांग्रेस का अध्यक्ष बनवाया. वो लगातार समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में बराबर की सीटों का दावा करते हैं. हाल में ही उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य से मुलाकात की जबकि अखिलेश यादव मौर्य को इंडिया गठबंधन में शामिल करने से स्पष्ट इंकार कर चुके हैं. राजेंद्र पाल गौतम के तौर तरीकों से समाजवादी पार्टी नाराज है. अब कांग्रेस के अंदर से भी शिकायत सामने आने लगी है. संगठन में उनके बढ़ते कद से कई पुराने नेता असहज हैं. 

माना जा रहा है कि इन्हीं वजहों से प्रियंका गांधी ने परोक्ष रूप से यूपी कांग्रेस की कमान संभाल ली है. बीते दिनों में उन्होंने यूपी कांग्रेस की टीम के साथ दो बैठकें की और सीटों और संगठन की कमिटियों को लेकर निर्देश दिए. दिवाली के बाद यूपी कांग्रेस की कमिटियों का ऐलान किया जाएगा. वहीं समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत के शुरू होने का भी इंतजार किया जा रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Congress, Rajendra Pal Gautam, UP Election, UP Election 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com