राजस्थान के उदयपुर में तीन दिनों तक चिंतन-मंथन में छह समितियों से मिले सुझावों पर कांग्रेस कार्य समिति ने आज चर्चा की और फैसला किया कि पार्टी 'एक व्यक्ति, एक पद' का नियम लागू करेगी. इसके साथ ही पार्टी की सर्वोच्च इकाई ने असंतुष्ट नेताओं की संसदीय बोर्ड को पुनर्जीवित करने की मांग खारिज कर दी है.
उधर, त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री के तौर पर मानिक साहा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ले ली है. वह प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद हैं. राजभवन में एक सादे समारोह में गवर्नर एसएन आर्या ने उन्हें शपथ दिलाई. छह साल पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ी थी. पेशे से डेंटल सर्जन रहे साहा त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे हैं. वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद और श्रृंगार गौरी मंदिर मामले में आज दूसरे दिन भी सर्वे हुआ. अब कल भी दो घंटे सर्वे होगा.