अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस वक्त चीन के दौरे पर है जहां उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात हुई. इस दौरान एक बैठक हुई, जिसमें ताइवान, व्यापार और अमेरिका-चीन संबंधों में मतभेद के अन्य मुद्दों पर दो घंटे की बातचीत का दौर चला. एपी ने सरकारी चीनी मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि शी जिनफिंग ने ट्रंप को चेतावनी दी है कि ताइवान को लेकर मतभेद अमेरिका और चीन के बीच टकराव या संघर्ष का कारण बन सकते है. भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने गुरुवार को ब्रिक्स 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि उभरते बाजारों और विकासशील देशों के बीच यह उम्मीद बढ़ रही है कि ब्रिक्स वैश्विक अनिश्चितता, संघर्षों और आर्थिक चुनौतियों के बीच एक "रचनात्मक और स्थिर करने वाली भूमिका निभाएगा. विदेश मंत्री जयशंकर ने भारत मंडपम में ब्रिक्स के विदेश मंत्रियों की मीटिंग में ओपनिंग स्पीच देते हुए कहा, “भारत की अध्यक्षता आपके सपोर्ट की तारीफ करती है, जिसने हमारे काम की लगातार तरक्की में मदद की है.” 2026 में भारत ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है. मौजूदा ग्लोबल हालात पर जोर देते हुए विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि यह मीटिंग ऐसे समय में हो रही है जब अंतरराष्ट्रीय संबंधों में बड़े बदलाव और अस्थिरता है.
Today Breaking News Live:
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक वीडियो’ पोस्ट करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ वीडियो पोस्ट करने के आरोप में कूचबिहार जिले के दिनहाटा से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में ‘‘मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा’’ के इस्तेमाल की शिकायतों के बाद बुधवार को दोनों को हिरासत में लिया गया.
सीएम रेस से बाहर होने पर केसी वेणुगोपाल ने कहा-आलाकमान का फैसला अंतिम, मैं पार्टी का वफादार सिपाही
कांग्रेस पार्टी ने केरल में मुख्यमंत्री पद के लिए वी.डी. सतीशन के नाम का ऐलान कर दिया है. इसके बाद, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने गुरुवार को संयम दिखाते हुए सार्वजनिक रूप से हाईकमान के उस फैसले को मान लिया. घोषणा के तुरंत बाद पत्रकारों से बात करते हुए वेणुगोपाल का अंदाज़ एक राजनेता और एक वफादार पार्टी सिपाही जैसा था. उन्होंने बहुत सावधानी से अपने मन में किसी भी तरह की कड़वाहट को ज़ाहिर नहीं होने दिया, भले ही वे उस दौड़ में पीछे रह गए थे, जिसके बारे में कई अंदरूनी सूत्रों का मानना था कि यह आखिरी पल तक चली थी.
मतदाता सूची पुनरीक्षण का तीसरे चरण की घोषणा, 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में अभियान
निर्वाचन आयोग ने 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तीसरे चरण की शुरुआत की घोषणा की है. इस अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट और शुद्ध करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, जिससे चुनावी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा सके.
प्रधानमंत्री पर कथित टिप्पणी को लेकर वाराणसी में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में गुरुवार को वाराणसी में भाजपा महिला मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने जिला मुख्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर नारेबाजी करते हुए सपा सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग की.
महाराष्ट्र विधान भवन में 10 नए एमएलसी ने शपथ ली
महाराष्ट्र विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने यहां विधान भवन में बृहस्पतिवार को शपथ ली जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छह सदस्य भी शामिल हैं. विधान परिषद के सभापति राम शिंदे ने विधान भवन के केंद्रीय हॉल में विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) को शपथ दिलाई. नवनिर्वाचित सदस्यों में शिवसेना की नीलम गोरे, प्रहार जनशक्ति पार्टी के ओमप्रकाश उर्फ बच्चू कडू, शिवसेना (उबाठा) के अंबादास दानवे के अलावा भाजपा की प्रज्ञा सातव, प्रमोद जठार, माधवी नाइक, सुनील कर्जतकर, विवेक कोल्हे और संजय भेंडे, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के जीशान सिद्दीकी हैं.
अहमदाबाद में मुफ्त एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को बड़ी सफलता
अहमदाबाद में 31,000 से अधिक किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए शुरू किए गए शहर-व्यापी अभियान के तहत मुफ्त ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) का टीका लगाया गया है. इसके साथ ही, अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने अब तक अपने टीकाकरण लक्ष्य का 65 प्रतिशत हिस्सा हासिल कर लिया है.
महंगे कच्चे तेल का असर! थोक महंगाई दर अप्रैल में 8.3 प्रतिशत रही
- थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित महंगाई दर या थोक महंगाई दर अप्रैल में सालाना आधार पर 8.30 प्रतिशत (प्रोविजनल) रही है. इससे पहले मार्च में यह 3.88 प्रतिशत थी. सरकार ने आधिकारिक बयान में कहा कि अप्रैल में महंगाई के सकारात्मक रहने की वजह खनिज तेल, कच्चे तेल और नेचुरल गैस, बेसिक मेटल, अन्य मैन्युफैक्चरिंग और गैर-खाद्य उत्पादों की कीमतों में इजाफा होना है.
- आंकड़ों के मुताबिक, प्राइमरी आर्टिकल्स में थोक महंगाई दर सालाना आधार पर 9.17 प्रतिशत रही. फ्यूल एंड पावर में महंगाई दर सालाना आधार पर 24.71 प्रतिशत और मैन्युफैक्चरिंग प्रोडक्ट्स में महंगाई दर 4.62 प्रतिशत रही. हालांकि, खाद्य उत्पादों में महंगाई में नरमी बनी हुई है और अप्रैल में यह सालाना आधार पर 2.31 प्रतिशत रही है.
ईंधन बचत के लिए बाइक पर निकले सीएम फडणवीस, बड़े आयोजनों पर भी लगाई रोक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ईंधन बचाने के लिए बाइक से सफर कर संदेश दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर अमल करते हुए फडणवीस खुद बाइक से दफ्तर पहुंचे और कहा कि नेताओं को इस तरह के कदम उठाकर जनता को प्रेरित करना चाहिए, ताकि ईंधन और विदेशी मुद्रा की बचत हो सके. उन्होंने यह भी बताया कि मंत्रियों के काफिलों को छोटा करने और अनावश्यक विदेशी दौरों को रद्द करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही सरकार ने अगले 6 महीने तक किसी भी बड़े सार्वजनिक आयोजन नहीं करने का फैसला किया है और सतारा का कार्यक्रम आखिरी बड़ा आयोजन होगा.
ईडी ने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े मामले में कई राज्यों में छापे मारे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े कथित विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में दिल्ली स्थित एक कंपनी और उससे संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कई राज्यों में छापेमारी की. उन्होंने बताया कि जिगार्ड टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ चल रही जांच के सिलसिले में दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश के इंदौर और जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में करीब 14 लोगों और कंपनियों के ठिकानों पर छापे मारे गए.
वीडी सतीशन होंगे केरल के नए CM, कांग्रेस का बड़ा ऐलान
केरल में कांग्रेस का सीएम कौन होगा. आखिरकार इस पर्दा उठ ही गया. वीडी सतीशन केरल के नए सीएम होंगे
राहुल गांधी की 54 विदेश यात्रा में खर्च हुए 60 करोड़ रुपये, फंडिंग कहां से हुई: संबित पात्रा
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की निजी विदेश यात्रा में खर्च होने वाले पैसों के फंडिंग को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने 54 विदेशों की यात्रा की। जिसमें 60 करोड़ रुपये खर्च हुए। हैरानी की बात यह है कि राहुल गांधी के आय का विवरण 11 करोड़ रुपये है ऐसे में उनके निजी यात्रा के दौरान फंडिंग कहां से हुई.
नीट परीक्षा रद्द होने पर शिवसेना (यूबीटी) का केंद्र पर तंज
नीट परीक्षा रद्द होने के बाद शिवसेना (यूबीटी) ने गुरुवार को केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया. पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में ठाकरे गुट ने आरोप लगाया कि ब्रेकिंग और लीकिंग मौजूदा सरकार का मानो एक मंत्र बन गया है. सरकार बड़ी परीक्षाओं को बिना किसी घोटाले के आयोजित करने में असमर्थ दिख रही है. शिवसेना (यूबीटी) ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (एनईईटी) की निष्पक्षता पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि व्यापक स्तर पर पेपर लीक की खबरों के बाद केंद्र सरकार को परीक्षा रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा.
DMk गठबंधन कमजोर नहीं हुआ, तमिलनाडु की जनता को अब भी गठबंधन पर भरोसा: स्टालिन
द्रविड मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल नहीं करने के बावजूद द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन कमजोर नहीं हुआ है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन को मिले 1.54 करोड़ वोट इस बात का प्रमाण हैं कि तमिलनाडु की जनता ने इस गठबंधन पर अपना भरोसा बनाए रखा है. चुनाव परिणामों के बाद, अधिकांश सहयोगी दलों ने खुले तौर पर कहा है कि वे अपनी निष्ठा बदले बिना द्रमुक के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा जारी रखेंगे.
अस्थिर दुनिया में सहयोग और संवाद बेहद जरूरी... ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में जयशंकर
दिल्ली में आयोजित BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सभी प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करते हुए संगठन के भीतर सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि BRICS देशों के बीच द्विपक्षीय और बहुपक्षीय स्तर पर लगातार संवाद बना हुआ है और इस बैठक का उद्देश्य आपसी विचारों का आदान-प्रदान करना है. जयशंकर ने कहा कि आज की जटिल और अनिश्चित होती वैश्विक परिस्थितियों में विभिन्न देशों के बीच समझ और सहयोग बढ़ाना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी बैठकों से साझा दृष्टिकोण विकसित करने और वैश्विक मुद्दों पर एकजुटता बढ़ाने में मदद मिलती है.
केसी वेणुगोपाल केरल में मुख्यमंत्री बनने के सबसे बड़े दावेदार, दिल्ली में राहुल गांधी के साथ बैठक
केरल में नए मुख्यमंत्री को लेकर जल्द बड़ा फैसला हो सकता है. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है. अटकलों के बीच दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी के साथ केसी वेणुगोपाल की बैठक भी हुई है.
त्रिवेंद्रम में कांग्रेस विधायक दल की बैठक से कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल ने बड़ी बैठक की है. गुरुवार सुबह यह बैठक राहुल गांधी के 5 सुनहरी लेन आवास पर हुई। आधिकारिक तौर पर अभी बैठक का एजेंडा सामने नहीं आया है, लेकिन इससे राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है.
ब्रिक्स 2026 की शुरुआत से पहले विदेश मंत्री जयशंकर ने इंडोनेशियाई समकक्ष सुगियोनो से की मुलाकात
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 का गुरुवार से आगाज हो रहा है. दो दिवसीय सम्मेलन की शुरुआत से पहले भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अपने इंडोनेशियाई समकक्ष सुगिओनो से मुलाकात की. इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली पहुंचे. वहीं इस शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए इथियोपिया के विदेश मंत्री गेडियन टिमोथेवोस हेस्सेबन भी दिल्ली पहुंचे हैं. विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी.
राजकोट में नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा, बस और टैंकर टक्कर से 4 की मौत, 10 लोग घायल
गुजरात के राजकोट में एक दर्दनाक हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि लगभग 10 लोग घायल हुए हैं. यह घटना चोटिला-राजकोट नेशनल हाईवे पर हुई, जहां टैंकर से टकराने के बाद एक बस में आग लग गई. आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
दस दिन के लंबे इंतजार के बाद केरल के नए मुख्यमंत्री की घोषणा करेगी कांग्रेस
केरल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के दस दिन बाद कांग्रेस गुरुवार को केरल के नए मुख्यमंत्री की घोषणा करने जा रही है. बुधवार रात को कांग्रेस हाईकमान ने आखिरकार संकेत दिया कि दक्षिणी राज्य के अगले मुख्यमंत्री का इंतजार खत्म होने वाला है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक की
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कहा, "9 साल बाद चीन में आपका फिर से स्वागत है. पूरी दुनिया हमारी इस बैठक पर नजर रखे हुए है. इस समय, पूरी दुनिया में एक ऐसा बदलाव तेज़ी से आ रहा है जो पिछली एक सदी में नहीं देखा गया था और अंतरराष्ट्रीय हालात अस्थिर और उथल-पुथल भरे हैं. दुनिया एक नए मोड़ पर आ खड़ी हुई है. क्या चीन और अमेरिका 'थ्यूसीडाइड्स ट्रैप' से पार पाकर, बड़े देशों के आपसी संबंधों का एक नया मॉडल तैयार कर सकते हैं?..."
ईरान परमाणु हथियार बनाने की सीमा से कुछ हफ्ते दूर, अमेरिकी सीनेटरों ने दी चेतावनी
अमेरिका की सीनेट आर्म्ड सर्विसेज कमेटी की सुनवाई में अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ईरान हथियार बनाने योग्य यूरेनियम संवर्धन से बस कुछ हफ्ते दूर है. ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने सांसदों को बताया कि ईरान 60 फीसदी तक यूरेनियम संवर्धन कर चुका है, जो तकनीकी रूप से हथियार योग्य स्तर के बहुत करीब माना जाता है, इसलिए स्थिति बेहद चिंताजनक है. सुनवाई के दौरान सीनेट आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के अध्यक्ष रोजर विकर ने कहा कि दुनिया पहले से ज्यादा जटिल और खतरनाक हो गई है, क्योंकि चीन और रूस अपने परमाणु हथियारों का तेजी से विस्तार और आधुनिकीकरण कर रहे हैं.
NEET UG 2026 पेपर लीक पर बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने क्या कहा
NEET UG 2026 पेपर लीक पर बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा, "जो गलत कर रहा है उसके खिलाफ कार्रवाई हो रही है। ऐसी कौन सी सरकार थी जिसके समय पर इस तरह की गड़बड़ नहीं पाई गई थी। कानून अपना काम करेगा। विपक्ष ने बिहार का भविष्य खराब कर दिया है..."
गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 'प्रेसिडेंट्स कलर' पुरस्कार समारोह में शामिल हुए
गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 'प्रेसिडेंट्स कलर' पुरस्कार समारोह में शामिल हुए.
बीजिंग में ट्रंप-जिनपिंग की हाई-वोल्टेज बैठक शुरू, ईरान जंग- ताइवान और टैरिफ के साथ दांव पर दुनिया की राजनीति
दुनिया की राजनीति और कारोबार पर असर डालने वाली एक बेहद बड़ी मुलाकात बीजिंग में शुरू हो चुकी है. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भारतीय समयानुसार सुबह 7.30 बजे बीजिंग के भव्य “ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल” में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हाथ मिलाकर स्वागत किया. यह भव्य कार्यक्रम ऐसे समय हो रहा है जब दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच गहरा तनाव बना हुआ है. दोनों नेता शाम को इसी हॉल में स्टेट बैंक्वेट यानी सरकारी भोज में भी शामिल होंगे. इसके अलावा ट्रंप ऐतिहासिक “टेंपल ऑफ हेवन” भी जाएंगे. यह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, जहां कभी चीन के सम्राट अच्छी फसल के लिए प्रार्थना किया करते थे.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बीजिंग में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीजिंग में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की. चीन पहुंचने पर ट्रंप को बेहद भव्य स्वागत हुआ.
नई दिल्ली में ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक आज
ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की दो दिन की बैठक आज से नई दिल्ली में शुरू होने जा रही है. बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर करेंगे. ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के विदेश मंत्री और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख इस बैठक में भाग लेंगे. जो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे.
केंद्र सरकार ने चीनी निर्यात पर सख्त रोक लगाई, 30 सितंबर 2026 तक प्रतिबंध लागू
केंद्र सरकार ने चीनी के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से 30 सितंबर, 2026 तक या अगले आदेश तक रोक लगा दी है. विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने अधिसूचना जारी कर निर्यात नीति को ‘प्रतिबंधित’ से बदलकर ‘निषिद्ध’ कर दिया है. हालांकि, EU और USA को CXL और TRQ कोटे के तहत, एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम (AAS) के तहत, और अन्य देशों की खाद्य सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार-से-सरकार शिपमेंट के जरिए होने वाले निर्यात पर यह रोक लागू नहीं होगी.