- तेलंगाना के सिद्दिपेट जिले में एक महिला ने अपने पति को रिटायरमेंट के 15 दिन पहले मार दिया.
- महिला पति के रिटायरमेंट पर मिलने वाला फंड अपने नाम पर करवाना चाहती थी.
- रविवार को दोनों के बीच इसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने पति को मार दिया.
रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात में तेलंगाना के सिद्दिपेट जिले से सामने आई है. जहां जीवन का एक लंबा वक्त एक दूसरे के साथ गुजार चुके पति-पत्नी के बीच उम्र के आखिरी पड़ाव में रिटायरमेंट के पैसों पर विवाद हो गया. पति सरकारी नौकरी से रिटायर होने वाला था, पत्नी चाहती थी कि रिटायरमेंट से मिलने वाला फंड पत्नी के नाम कर दिया जाए. इसी को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था. रविवार की रात को विवाद होने के बाद पत्नी ने पति को मूसल से मारकर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया था, जिसके बाद यह खुलासा हुआ है.
क्या है तेलंगाना का यह मामला
दरअसल, तेलंगाना के सिद्दिपेट जिले के हुस्नाबाद इलाके में रहने वाले 62 साल के वेंकटेशम सरकारी नौकरी में थे. वह इसी महीने अपनी सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले थे. उनकी पत्नी राजमणि स्वास्थ्य विभाग में एक सहायक नर्स मिडवाइफ के रूप में कार्यरत है. पुलिस के मुताबिक वेंकटेशम की पत्नी चाहती थी कि रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले भारी-भरकम फंड और अन्य संपत्तियों को उसके नाम कर दिया जाए. राजमणि लगातार अपने पति पर दबाव बना रही थी. रविवार 16 अगस्त की रात को भी हनुमान नगर स्थित उनके आवास पर इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.
पति पर मूसल से किया हमला
देखते ही देखते यह पारिवारिक विवाद इतना उग्र हो गया कि राजमणि ने अपना आपा खो दिया. गुस्से में उसने घर में रखे मूसल से वेंकटेशम के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण वेंकटेशम जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद सोमवार सुबह जब इस हत्याकांड का खुलासा हुआ, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. हुस्नाबाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया.
पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी पत्नी राजमणि को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस सभी वित्तीय और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है ताकि हत्या के पीछे की हर कड़ी को कोर्ट के सामने पुख्ता तरीके से पेश किया जा सके.
ये भी पढ़ेंः हापुड़ में 1 लाख रुपये देकर कराई शादी, सुहागरात के बाद जेवर लेकर फरार हुई दुल्हन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं