- गुजरात के सूरत में दो छात्राओं ने हाल ही में ब्रेकअप के कारण गहरे मानसिक तनाव में आत्महत्या की थी.
- पुलिस जांच में दोनों छात्राओं के मोबाइल चैट्स से पता चला कि वे ब्रेकअप के बाद काफी परेशान थीं.
- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि दोनों ने एनेस्थीसिया के ओवरडोज इंजेक्शन लेकर आत्महत्या की थी.
गुजरात के सूरत में दो छात्राओं की सामूहिक आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया है कि दोनों छात्राओं का हाल ही में अपने-अपने बॉयफ्रेंड के साथ ब्रेकअप हुआ था. बताया जा रहा है कि दोनों के ब्रेकअप लगभग 15 दिनों के अंतराल में हुए थे जिसके बाद दोनों गहरे मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चली गई थीं. पुलिस ने जब दोनों छात्राओं के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें कुछ अहम चैट्स सामने आईं. इन चैट्स से संकेत मिला कि दोनों के प्रेम संबंध टूटने के बाद वे काफी परेशान थीं.
जांच में ब्लैकमेल या दबाव की बात नहीं आई
पुलिस ने इस मामले में रिश्तेदारों दोस्तों और दोनों लड़कों से भी पूछताछ की है, जिससे यह पुष्टि हुई है कि हाल ही में उनके रिश्ते खत्म हुए थे. फिलहाल जांच में किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या दबाव का मामला सामने नहीं आया है.
जानकारी के अनुसार 6 मार्च 2026 को सूरत के सणिया कणदे इलाके में स्थित नवनिर्मित आत्मीय संस्कारधाम स्वामिनारायण मंदिर के बाथरूम से दोनों छात्राओं के शव मिलने से सनसनी फैल गई थी. मौके से इंजेक्शन सिरिंज और एनेस्थीसिया की दवाओं की बोतलें बरामद हुई थीं. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि दोनों ने एनेस्थीसिया के ओवरडोज इंजेक्शन लेकर आत्महत्या की थी.
बी.कॉम फर्स्ट और सेकेंड ईयर की छात्राएं थी दोनों
मृतक छात्राओं में 18 वर्षीय रोशनी शरदभाई शिरसाठ शामिल है जो मूल रूप से महाराष्ट्र के धुलिया जिले की रहने वाली थी और सूरत के डिंडोली इलाके के रामी पार्क में रहती थी. वह उधना स्थित सिटीजन कॉलेज में बी.कॉम प्रथम वर्ष की छात्रा थी. वहीं उसकी 20 वर्षीय बहनपनी ज्योत्सना अतुलभाई चौधरी जो डिंडोली के शिव वाटिका क्षेत्र में रहती थी, अठवागेट स्थित वाडिया विमेंस कॉलेज में बी.कॉम द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रही थी.
मंदिर के बाथरूम से मिले दोनों के शव
घटना वाले दिन सुबह रोशनी स्कूटर लेकर ज्योत्सना के साथ कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी. दोपहर में जब दोनों घर वापस नहीं पहुंचीं तो परिवार वालों ने उन्हें फोन किया. उस समय दोनों ने जल्द घर आने की बात कही थी लेकिन उसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया. काफी खोजबीन के बाद शाम को मंदिर परिसर के बाथरूम से दोनों के शव बरामद हुए.
मामूली तकरार के बाद लड़कों ने तोड़े थे संबंध
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों लड़कों में से एक मीशो कंपनी में काम करता है जबकि दूसरा डीजे इवेंट से जुड़ा हुआ है. बताया जा रहा है कि मामूली तकरार के बाद दोनों लड़कों ने संबंध खत्म कर दिए थे. फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्राओं को एनेस्थीसिया की दवा और सिरिंज कहां से मिली. घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढे़ं - सूरत की दो सहेलियों की आत्महत्या के तरीके से एलन मस्क भी हैरान, दिया ऐसा रिएक्शन
| Helplines | |
|---|---|
| Vandrevala Foundation for Mental Health | 9999666555 or help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (Monday-Saturday: 8 am to 10 pm) |
| (If you need support or know someone who does, please reach out to your nearest mental health specialist.) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं