यह ख़बर 28 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

रेलमंत्री सदानंद गौड़ा के पुत्र के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज

बेंगलूर:

रेलमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा के पुत्र के खिलाफ बुधवार को एक महिला की शिकायत पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया जिसने गौड़ा के पुत्र से अपनी शादी होने का दावा किया है। इस बीच, आज गौड़ा के पुत्र की सगाई रस्म हुई।

गौड़ा ने इस आरोप पर स्तब्धता जताई और साजिश एवं ब्लैकमेल किए जाने का संदेह व्यक्त किया। उनके पुत्र कार्तिक ने महिला के आरोप को खारिज कर दिया।

बेंगलूर पुलिस के आयुक्त एमएन रेड्डी ने बताया कि महिला ने आरटी नगर पुलिस थाने में सदानंद गौड़ा के पुत्र कार्तिक गौड़ा के खिलाफ कथित बलात्कार एवं उसे धोखा देने की शिकायत दर्ज कराई है।

रेड्डी ने कहा कि कार्तिक के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शिकायत करने वाली महिला ने कुछ समय तक मॉडल के रूप में काम किया है और उसने एक कन्नड़ फिल्म में नायिका के रूप में भी काम किया था। उसने दावा किया कि उसका मंत्री के पुत्र के साथ विवाह हो चुका है। कार्तिक की आज कोडागु जिले के कुशालनगर में एक अन्य महिला के साथ सगाई हुई।