विज्ञापन
This Article is From Feb 15, 2026

गंदी राजनीति से किसानों को डराने की कोशिश... राहुल गांधी पर शिवराज का पलटवार

कांग्रेस और राहुल गांधी पर नकारात्मक राजनीति करके विकास को रोकने की कोशिश का आरोप लगाते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वो किसानों को डराने की कोशिश कर रहे हैं कि भारत में कपास की मांग खत्म हो जाएगी.

गंदी राजनीति से किसानों को डराने की कोशिश... राहुल गांधी पर शिवराज का पलटवार
राहुल गांधी पर शिवराज सिंह चौहान का पलटवार.
  • राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को कपास किसानों और टेक्सटाइल उद्योग के लिए विनाशकारी बताया है
  • राहुल गांधी का दावा है कि ट्रेड डील से करोड़ों परिवारों की आजीविका और रोजगार प्रभावित होंगे
  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के आरोपों को झूठ और भ्रम फैलाने वाला बताया है
नई दिल्ली:

"आज देश एक महत्वपूर्ण आर्थिक अवसर के दौर से गुजर रहा है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि देशहित को भूलकर कांग्रेस और राहुल गांधी झूठ और भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं", भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को ये बयान जारी कर पलटवार किया.

ये भी पढ़ें- आगे कुआं, पीछे खाई... राहुल गांधी ने अमेरिकी ट्रेड डील को कपास किसानों व उद्योगों के लिए बताया विनाशकारी

कपास सेक्टर को लेकर राहुल गांधी का बड़ा आरोप

इससे कुछ ही घंटे पहले राहुल गांधी ने एक वीडियो स्टेटमेंट जारी कर एनडीए सरकार पर आरोप लगाया था कि टेक्सटाइल और कपास सेक्टर पर ट्रेड डील की वजह से भारत का हित कमज़ोर हुआ है. अपने वीडियो स्टेटमेंट में राहुल गांधी ने दावा किया,  "भारत में टेक्सटाइल उद्योग और कपास की खेती आजीविका की रीढ़ हैं, करोड़ों लोगों की रोज़ी-रोटी इन्हीं पर टिकी है. इन क्षेत्रों पर चोट का मतलब है लाखों परिवारों को बेरोज़गारी और आर्थिक संकट की खाई में धकेल देना. एक दूरदर्शी और राष्ट्रहित में सोचने वाली सरकार ऐसा सौदा करती जो कपास किसानों और टेक्सटाइल एक्सपोर्टर्स- दोनों के हितों की रक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करती. लेकिन इसके ठीक उलट, नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रियों ने ऐसा समझौता किया है जो दोनों क्षेत्रों को गहरी चोट पहुंचाने वाला साबित हो सकता है."

राहुल पर शिवराज का पलटवार

लेकिन राहुल गांधी के सवालों को सिरे के ख़ारिज करते हुए कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक काउंटर वीडियो स्टेटमेंट जारी कर उनके और कांग्रेस पर झूठ और भ्रम फ़ैलाने का आरोप लगाया. शिवराज सिंह चौहान ने कहा,  "मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं यह समय देश को आगे बढ़ाने का है ना कि गंदी राजनीति कर देश को और आम लोगों को गुमराह करने का. भारत और अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कई तरह की बातें कहीं जा रही है, लेकिन सच्चाई बिल्कुल अलग है. भारत ने अब तक 9 FTA किए हैं, जिससे 38 विकसित देशों के बाजार भारत के लिए खुल गए हैं." 

किसानों को डराने की कोशिश कर रहे

टेक्सटाइल पर राहुल गांधी के आरोप के जवाब में कृषि मंत्री ने तथ्य पेश करते हुए कहा कि आज भारत से कुल टेक्सटाइल निर्यात 4 lakh करोड़ का है, और आगे बढ़कर 45 लाख करोड़ का विशाल बाजार हमारे लिए दरवाजे खुल रहा है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा, और उद्योग भी आगे बढ़ेंगे.कांग्रेस और राहुल गांधी पर नकारात्मक राजनीति करके विकास को रोकने की कोशिश का आरोप लगाते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वो किसानों को डराने की कोशिश कर रहे हैं कि भारत में कपास की मांग खत्म हो जाएगी. कृषि मंत्री ने अपने वीडियो स्टेटमेंट में स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा, "सच्चाई ये है कि अमेरिका में कपास का उत्पादन सीमित है, उनका कुल निर्यात 6 अरब डॉलर ही है, जबकि बांग्लादेश अकेला भारत से 2.7 अरब डॉलर की कपास खरीदता है और आगे भी खरीदेगा. इसका मतलब साफ है भारत का टेक्सटाइल सेक्टर बढ़ेगा तो कपास की मांग भी बढ़ेगी, जिसका फायदा हमारे किसानों को होगा. आज जो लोग जीरो ड्यूटी आयात का विरोध कर रहे हैं, उन्हें इतिहास में झांकना चाहिए. कांग्रेस सरकार के समय से ही विदेश व्यापार नीति और SEZ कानून में कपास सहित कच्चे माल की ड्यूटी फ्री आयात की अनुमति दी गई थी. लेकिन आज वही लोग विरोध कर रहे हैं, यानी अपने ही नीतियों का विरोध कर रहे हैं." जाहिर है, ससनद में बजट पर चर्चा के दौरान शुरू हुआ ये वाद-विवाद जल्दी खत्म होगा इसके आसार फिलहाल दिखाई नहीं देते.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India US Trade Deal, Rahul Gandhi On Farmers, Shivraj Singh Chauhan, Congress On India Us Trade Deal, Farmers
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com