Ashwini Vaishnaw News: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव राजनीतिक चर्चाओं और विकास कार्यों को लेकर राजधानी जयपुर पहुंचे थे. वहीं उन्होंने आकाशवाणी केंद्र पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. इस दौरान उन्होंने कई विकास की नई घोषणाएं कीं. लेकिन इस मंच पर एक ऐसा वाक्या हुआ जिससे लोग आश्चर्यचकित रह गए. अश्विनी वैष्णव ने जयपुर की सांसद मंजू शर्मा को संबोधित कर रहे थे और उनका परिचय आदरणीय मंजू दीदी कह कर किया. इसी दौरान घेवर की बात शुरू हुई और सांसद ने अश्विनी वैष्णव से अजमेर-दरभंगा ट्रेन को लेकर आग्रह की, जिस पर रेल मंत्री ने बड़ा ऐलान कर दिया.
दरअसल, अश्विनी वैष्णव ने दीदी का जिक्र करते हुए कहा कि वो दीदी (ममता बनर्जी) अलग थीं और यह दीदी अलग हैं. उन्होंने सांसद मंजू शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि यह दीदी बिल्कुल जयपुर के मशहूर घेवर जैसी मीठी और लोकप्रिय हैं.
रेल मंत्री ने की घेवर खिलाने की डील
इसी दौरान सांसद मंजू शर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से अजमेर-दरभंगा ट्रेन के फेरे बढ़ाने का आग्रह किया. इस पर रेल मंत्री ने फौरन जवाब देते हुए कहा कि अगर आप जयपुर की प्रसिद्ध घेवर खिलाएंगी तो मैं अजमेर-दरभंगा ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग को पूरी कर दूंगा. मंजू शर्मा मुस्कुराते हुए कहा कि घेवर तो तैयार हैं.
रेल मंत्री ने फौरन ही उत्तर-पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को अजमेर-दरभंगा ट्रेन के फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए. पहले अधिकारियों ने एक महीने समय मांगा, लेकिन मंत्री ने दो महीने की मियाद तय करते हुए घोषणा की कि अब से यह ट्रेन वीकली (सप्ताहिक) के बजाय डेली (रोजाना) चलायी जाएगी.
सांसद मंजू शर्मा ने जताया आ भार
वहीं रेल मंत्री के ऐलान पर सांसद मंजू शर्मा ने उनका आभार जताया और कहा कि इस ट्रेन के फेरे बढ़ने से बिहार और राजस्थान जैसे लंबी दूरी वाले प्रदेशों के बीच संपर्क और मजबूत होगा और यात्रियों को बड़ी सुविधा होगी.
मंजू शर्मा ने इसके बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को जयपुर का प्रसिद्ध घेवर खिलाया और वहीं जब वह जा रहे थे तो उन्हें गाड़ी में भी घेवर गिफ्ट किया.
यह भी पढ़ें: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बड़ा ऐलान, 2 महीने में वीकली नहीं डेली जाएगी अजमेर-दरभंगा एक्सप्रेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं