- यूपी, दिल्ली से राजस्थान तक अभी दो दिन और बारिश होने के संकेत, पहाड़ोंं पर भी तेज बारिश होगी
- दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में 5 से 7 डिग्री तक नीचे आया तापमान, आज भी बारिश का अलर्ट
- हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी आज तेज हवाओं के साथ बारिश के संकेत
उत्तर भारत में पिछले दो दिनों से अलग-अलग राज्यों में बारिश से तापमान में गिरावट आई है और थोड़ी राहत है. यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान समेत 10 राज्यों में अभी मई के बाकी दो दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने वाला है. उत्तराखंड और नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 30 मई को हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है. दिल्ली में भी 30 मई को हल्की बारिश, बादलों की गड़गड़ाहट और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
दिल्ली में आज का मौसम (Delhi Weather)
दिल्ली का मौसम बदलने से पारा 5 से 7 डिग्री तक नीचे आया है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गरज चमक के साथ 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दि्लली में 30 मई को हल्की बारिश और आंधी चल सकती है. राजस्थान में तेज आंधी आने की आज चेतावनी जारी की गई है.
उत्तराखंड और हिमाचल का मौसम
जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है. हिमाचल प्रदेश में भी 30 मई को बारिश होगी. उत्तर प्रदेश की बात करें तो 30 और 31 मई को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज चमक के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है.
मध्य प्रदेश का मौसम
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 1 और 2 जून को, महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में 2 जून को हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना भी है. पश्चिमी मध्य प्रेदश में 31 मई और 1 जून को भारी वर्षा की संभावना है.
महाराष्ट्र का मौसम
गोवा और कोंकण में 31 मई से 4 जून तक, मध्य महाराष्ट्र में 30 मई से 3 जून तक, मराठवाड़ा रीजन में 31 मई से 3 जून तक और गुजरात में 30 मई से 4 जून तक हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं