विज्ञापन
This Article is From Jun 10, 2020

राहुल गांधी ने PM मोदी पर बोला हमला- 'चीनी हमारी सीमा में दाखिल हो गए और प्रधानमंत्री खामोश हैं'

चीनी सेना के साथ चल रहे गतिरोध को लेकर राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि चीन के सैनिक भारतीय सीमा में दाखिल हो गए हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खामोश हैं और कहीं नजर नहीं आ रहे हैं.

राहुल गांधी ने PM मोदी पर बोला हमला- 'चीनी हमारी सीमा में दाखिल हो गए और प्रधानमंत्री खामोश हैं'
लद्दाख के मुद्दे पर राहुल गांधी ने अब पीएम मोदी को बनाया निशाना. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (Line of Actual Control-LAC) पर चीनी सेना के साथ चल रहे गतिरोध को लेकर बुधवार को दावा किया कि चीन के सैनिक भारतीय सीमा में दाखिल हो गए हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खामोश हैं और कहीं नजर नहीं आ रहे हैं. उन्होंने ट्वीट किया, ‘लद्दाख में चीनी हमारे क्षेत्र में दाखिल हो गए. इस बीच, प्रधानमंत्री पूरी तरह खामोश हैं और कहीं नजर नहीं आ रहे.'

बता दें कि भारत और चीन की सेनाओं ने सीमा पर गतिरोध के शांतिपूर्ण समाधान के अपने संकल्प को दिखाते हुए पूर्वी लद्दाख के कुछ गश्त बिंदुओं से 'सांकेतिक वापसी' के तौर पर अपने सैनिकों को वापस बुलाया है. वहीं, इस मुद्दे पर दोनों पक्ष बुधवार को एक और दौर की मेजर जनरल स्तर की वार्ता करने वाले हैं.

भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच पैंगोंग त्सो इलाके में पांच मई को हिंसक झड़प हुई थी जिसके बाद से दोनों पक्ष वहां आमने-सामने थे और गतिरोध बरकरार था. यह 2017 के डोकलाम घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सैन्य गतिरोध बन गया था.

राहुल गांधी और कांग्रेस लद्दाख में भारतीय सेना की चीनी सेना के साथ चल रहे गतिरोध को लेकर लगातार हमले बोल रही है. राहुल गांधी ने मंगलवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को भी निशाने पर लेते हुए सवाल किया था कि 'क्या चीनी सेना भारत के अधिकार क्षेत्र में घुस आई है?'

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Laddakh Border Dispute, Rahul Gandhi, PM Narednra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com