पुणे केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी चेतन चौधरी के पिता ने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा है कि उसे जबरदस्ती ही सहआरोपी बनाकर झूठे केस में फंसा रहे हैं. 22 साल के चेतन चौधरी के पिता बाबूलाल ने दावा किया कि सिया गोयल खुद को बचाने के लिए उनके बेटे को फंसाने की कोशिश कर रही है. बता दें कि 20 साल की सिया और उसके प्रेमी चेतन ने कथित तौर पर 18 जून को पुणे के पास लोहागढ़ किले से 26 साल मंगेतर केतन अग्रवाल को गहरी खाई में धक्का दे दिया था. सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में जयपुर में एक भव्य समारोह में उनकी शादी होने वाली थी. घटना के बाद उसने केतन के परिवार को बताया कि ट्रेकिंग के दौरान उसका पैर फिसल गया था हालांकि बाद में पुलिस की जांच में हत्या के पीछे की कथित साजिश का खुलासा हुआ और दोनों को 23 जून को गिरफ्तार कर लिया गया.
पिछले साल दिवाली पर पहली बार मिले थे सिया और चेतन
सिया और चेतन पिछले साल दिवाली के दौरान एक पार्टी में मिले थे और लगभग 6 महीने तक संपर्क में रहे. इस दौरान उन्होंने 2000 से ज्यादा कॉल की और लगभग 238 घंटे फोन पर बात की.
किराना दुकान के मालिक हैं बाबूलाल
चेतन के पिता और किराना दुकान के मालिक बाबूलाल चौधरी ने बताया कि हमने उस लड़की को पहले कभी नहीं देखा और न ही हमें उसके बारे में कुछ पता है. मुझे कल ही उसका नाम सिया है पता चला. मैंने पहली बार उसे पुलिस स्टेशन में देखा. उन्होंने बताया कि जब उनकी मुलाकात चेतन से हुई तो उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह सिया और केतन से काफी दूर खड़ा था. सवाल पूछे जाने पर पिता ने ये भी कहा कि हमें नहीं पता कि चेतन उस दिन लोहागढ़ किले में क्या कर रहा था, उसने हमें इस बारे में कुछ नहीं बताया कि वह वहां क्यों गया था.
मेरा बेटा निर्दोष है- पिता
पिता ने कहा कि मेरा बेटा वैसा नहीं है, वह इस मामले में शामिल नहीं है. साथ ही उन्होंने ये भी साफ किया कि उन्हें नहीं पता कि उनके बेटे और सिया गोयल के बीच कोई अफेयर चल रहा था. उन्होंने कहा कि चेतन 'निर्दोष' है और वह हमेशा किराने की दुकान पर काम करने आता था.
#WATCH | Pune, Maharashtra: On the death of Ketan Vishal Agarwal, Babulal Chowdhury (father of accused Chetan Chowdhury) says, “…He did not inform me beforehand. He only mentioned that he had a meeting and was heading there. He had told his mother that in the morning, and he… pic.twitter.com/N7hSHWCIsO
— ANI (@ANI) June 24, 2026
चेतन ने रोते हुए बताया मुझे झूठा फंसा रहे हैं- चाचा
चेतन के चाचा उदयराम चौधरी ने भी कहा कि वह 'पूरी तरह निर्दोष' है. वह एक खिलाड़ी और बहुत सीधा-सादा इंसान है. उसके खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं आई. हमारे परिवार को चेतन और उस लड़की के रिश्ते के बारे में कुछ भी पता नहीं है. हमें कोई जानकारी नहीं थी. हमें उनसे एक मिनट के लिए मिलने का मौका मिला और उसने हमें रोते हुए बताया कि मुझे झूठा फंसाया जा रहा है.
#WATCH | Pune, Maharashtra: On the death of Ketan Vishal Agarwal, Udayram Chowdhury (uncle of accused Chetan Chowdhury) says, “Chetan is completely innocent in this matter. The media is hyping this up and showing a one-sided view on Instagram, but Chetan is not involved in it.… pic.twitter.com/urO2X1ZxeM
— ANI (@ANI) June 24, 2026
चेतन के वकील राम शाहणे ने कहा कि उनके मुवक्किल को इस मामले में फंसाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि एफआईआर में भी कथित अपराध में उनकी भूमिका का स्पष्ट वर्णन नहीं है. इसमें केवल इतना कहा गया है कि वह मुख्य आरोपी का प्रेमी है और इसी आधार पर उसे इस मामले में फंसाया गया है. हमने पहली बार कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान भी ये दलील दी थी.
क्या है पुणे फोर्ट मर्डर से जुड़ा मामला
बता दें कि सिया गोयल ने मंगेतर केतन अग्रवाल (फैमिली के रियल स्टेट बिजनेस में डायरेक्टर) को कई बार लोहागढ़ किले की यात्रा करने के लिए मनाया था. वे 31 मई को भी लोहागढ़ गए थे और सिया ने चार दिन बाद फिर किले की यात्रा करने पर जोर दिया, हालांकि केतन की मां ने उन्हें दूसरी बार वहां जाने की अनुमति नहीं दी थी. 14 जून को एक बार फिर लोहागढ़ जाने की योजना बनाई गई और केतन मान गए. उसी दिन सिया ने कथित तौर पर केतन को चट्टान से धक्का देने की कोशिश की, हालांकि केतन किसी तरह एक पेड़ को पकड़ने में कामयाब रहे और बच गए. जब केतन ने पूछा कि धक्का क्यों दिया तो सिया ने कहा कि उसने एक सांप देखा था और यह जताने की कोशिश की कि उसने केतन की जान बचाई है. पुलिस के मुताबिक- 18 जून की सुबह सिया और चेतन पुणे के एक कैफे में मिले और केतन की हत्या की योजना बनाई. इस बैठक में उन्होंने एक इस काम के लिए उपयुक्त स्थान की पहचान की जहां से केतन को नीचे धकेला जा सकता था. इस काम के लिए पूरी योजना यहीं बनाई गई. पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने पीटीआई को ये जानकारी दी.
चेतन चौधरी कैसे पकड़ा गया
CCTV फुटेज की जांच करते समय पुलिस ने देखा कि चेतन हुडी पहने केतन और सिया का पीछा कर रहा था. फुटेज में उसे सिया से हाथ के इशारों से बात करते हुए भी देखा गया. एक अन्य फुटेज में सिया ने अचानक पीछे मुड़कर उसे देखा और वह तुरंत बैठ गया. पुलिस ने 18 जून के उस खास समय का तापमान को भी जांचा और पाया कि तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था. पुलिस को आश्चर्य हुआ कि इतनी गर्मी में कोई हुडी क्यों पहनेगा? इसके बाद पुलिस का शक यकीन में बदलने लगा कि दोनों के बीच जरूर कोई रिश्ता है. इसके बाद पूछताछ के दौरान सभी कड़ियों को जोड़ा गया, जिसमें सिया और चेतन की मिलीभगत वाली पूर्वनियोजित साजिश का खुलासा हुआ.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं