विज्ञापन
This Article is From Sep 11, 2024

राहुल गांधी के सिख वाले बयान पर मचा घमासान, सोनिया गांधी के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन

दिल्ली भाजपा के सिख प्रकोष्ठ ने सिख समुदाय पर दिए गए बयान को लेकर लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ उनके आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.

राहुल गांधी के सिख वाले बयान पर मचा घमासान, सोनिया गांधी के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली:

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका यात्रा पर हैं. जहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में भाग लिया. राहुल गांधी का अमेरिका दौरा लगातार किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में बना हुआ है. दरअसल अमेरिका यात्रा पर राहुल गांधी ने कई ऐसे बयान दिए, जिनका बीजेपी खुलकर विरोध कर रही है. देश में धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिका में राहुल गांधी की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए भाजपा समर्थित एक सिख समूह दिल्ली में कांग्रेस की सोनिया गांधी के आवास तक विरोध मार्च निकाल रहा है. यह तर्क देते हुए कि वे कांग्रेस शासन के मुकाबले भाजपा सरकार में अधिक सुरक्षित हैं, वे मांग कर रहे हैं कि राहुल गांधी अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगें.

क्या है पूरा मामला?

अपनी तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि भारत में लड़ाई राजनीति के बारे में नहीं है.दर्शकों में से एक सिख सदस्य से उनका नाम पूछते हुए, राहुल गांधी ने कहा था: "लड़ाई इस बात को लेकर है कि क्या एक सिख के रूप में उन्हें भारत में पगड़ी पहनने की अनुमति दी जाएगी; या एक सिख के रूप में उन्हें पगड़ी पहनने की अनुमति दी जाएगी या नहीं." भारत में कड़ा पहनने की अनुमति है या नहीं, एक सिख के रूप में उसे गुरुद्वारे में जाने की अनुमति है या नहीं, यह लड़ाई सिर्फ उसके लिए नहीं है, बल्कि सभी धर्मों के लिए है.

इस टिप्पणी ने घरेलू स्तर पर हंगामा खड़ा कर दिया है और भाजपा ने उन पर विदेशों में आदतन राष्ट्रविरोधी टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है.

दिल्ली भाजपा के सिख प्रकोष्ठ ने सिख समुदाय पर दिए गए बयान को लेकर लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ उनके आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.

देखें ट्वीट

चीन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘‘देखिए, अगर आप हमारे 4,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में चीनी सैनिकों की मौजूदगी को चीजों को अच्छी तरह से संभालना कहते हैं, तो हो सकता है.'' उन्होंने कहा, ‘‘चीनी सैनिकों ने लद्दाख में दिल्ली के क्षेत्रफल जितनी जमीन पर कब्जा कर लिया है. मुझे लगता है कि यह अनर्थ है. मीडिया इसके बारे में लिखना नहीं चाहता है.''

बीजेपी का पलटवार

राहुल के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजनाथ ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने विदेश दौरे के दौरान जिस तरह की भ्रामक, निराधार और तथ्यहीन बातें कर रहे हैं, वो बेहद शर्मनाक और भारत की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली हैं.

सिंह ने कहा, ‘‘उन्होंने कहा है कि भारत में सिख समाज को गुरुद्वारों में पगड़ी पहनने की इजाजत नहीं है, उन्हें उनके पंथ के अनुरूप व्यवहार करने से रोका जा रहा है. यह बात एकदम बेबुनियाद और सच्चाई से कोसों दूर है.''

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति की रक्षा करने में सिख समाज की जो बड़ी भूमिका रही है, उसे पूरा देश मानता है और उनका सम्मान करता है. सिंह ने कहा कि उनके बारे में इस तरह की मनगढ़न्त बातें करना, विपक्ष के नेता को शोभा नहीं देता.

उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर भी जिस तरह के दावे उन्होंने अमेरिका की धरती पर किए हैं, वे भी भ्रामक और तथ्यों से परे हैं. लगता है कि मुहब्बत की दुकान चलाते- चलाते राहुलजी झूठ की दुकान खोल कर बैठ गये हैं. इस तरह की गलतबयानी से राहुलजी को परहेज करना चाहिए.'' उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दावा एकदम निराधार है कि राजग सरकार आरक्षण को समाप्त कर देना चाहती है.

सिंह ने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्रीजी ने दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के कल्याण और विकास के लिए आरक्षण की व्यवस्था को मजबूत किया है.''

भारत में अल्पसंख्यक सबसे सुरक्षित: किरेन रीजीजू

केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने अल्पसंख्यकों के बारे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर बुधवार को विपक्ष के नेता पर निशाना साधा और कहा कि वे (अल्पसंख्यक) भारत में सबसे सुरक्षित हैं. अमेरिका में गांधी की इस टिप्पणी से संबंधित एक सवाल के जवाब में कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कुछ धर्मों, भाषाओं और समुदायों को अन्य की तुलना में कमतर समझता है, रीजीजू ने कहा, ‘‘चाहे जितनी कोशिश कर ली जाए, भारत को बदनाम नहीं किया जा सकता, क्योंकि भारत का संविधान और संस्कृति लोगों के बीच भेदभाव नहीं करती है.''

उन्होंने कहा कि जो लोग भारत विरोधी ताकतों की मदद से भारत को बदनाम करना चाहते हैं, वे सफल नहीं होंगे. अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रीजीजू ने कहा कि भारत के पड़ोस में रहने वाले अल्पसंख्यक, यदि वहां उनके साथ कुछ गलत होता है तो वे यहां आते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘भारत में अल्पसंख्यक सबसे सुरक्षित हैं.''

राहुल गांधी का आरोप

गांधी ने आरोप लगाया था कि आरएसएस कुछ धर्मों, भाषाओं और समुदायों को अन्य की तुलना में कमतर मानता है. उन्होंने कहा था कि भारत में राजनीति के लिए नहीं बल्कि इसी बात की लड़ाई लड़ी जा रही है.

लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने सोमवार को वाशिंगटन के वर्जीनिया उपनगर में हर्नडॉन में भारतीय अमेरिकी समुदाय के सैकड़ों लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही थी. उन्होंने कहा था, ‘‘सबसे पहले आपको यह समझना होगा कि लड़ाई किस बारे में है. लड़ाई राजनीति के बारे में नहीं है.''

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi In America, Rahul Gandhi, Rahul Gandhi Latest News, Rajnath Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com