कुछ राज्यपालों को इस्तीफा देने के लिए मजबूर करने के बाद, नरेंद्र मोदी सरकार ने आज पुडुचेरी के उपराज्यपाल वीरेंद्र कटारिया को उनके पद से हटा दिया। यूपीए सरकार द्वारा नियुक्त किसी राज्यपाल के खिलाफ भाजपा सरकार की इस तरह की यह पहली कार्रवाई है।
राष्ट्रपति भवन द्वारा देर रात घोषणा की गई, 'राष्ट्रपति ने निर्देश दिया है कि वीरेंद्र कटारिया पुडुचेरी के उपराज्यपाल का पद छोड़ें।'
राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि अंडमान निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अजय कुमार सिंह पुडुचेरी के उपराज्यपाल के पद पर नियमित नियुक्ति होने तक इस पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे।
पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा के पूर्व सदस्य 81 वर्षीय कटारिया को पिछले साल जुलाई में पुडुचेरी का उपराज्यपाल बनाया गया था। उन्होंने इकबाल सिंह की जगह ली थी।
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com
आज का फैसला ऐसे समय आया है, जब सरकार ने विभिन्न राजभवनों में राज्यपाल के तौर पर नियुक्त करने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और अन्य शीर्ष नेताओं ने इस मुद्दे पर चर्चा की।