विज्ञापन

वाराणसी, अयोध्या से मुंबई तक चलेंगी 2 अमृत भारत ट्रेनें, PM मोदी आज दिखाएंगे हरी झंडी, इन 10 शहरों को फायदा

New Amrit Bharat Trains: प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी में 6269.86 करोड़ की 160 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, साथ ही दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. नई ट्रेनें बनारस-हडपसर और अयोध्या-मुंबई के बीच चलेंगी, जिससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

वाराणसी, अयोध्या से मुंबई तक चलेंगी 2 अमृत भारत ट्रेनें, PM मोदी आज दिखाएंगे हरी झंडी, इन 10 शहरों को फायदा
  • PM मोदी वाराणसी में 6269.86 करोड़ रुपये की 160 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे
  • P M मोदी दो नई अमृत भारत ट्रेनों को हरि झंडी दिखाएंगे, जो बनारस-हडपसर और अयोध्या-मुंबई के बीच चलेंगी
  • प्रधानमंत्री वाराणसी के बीएलडब्लू मैदान में आयोजित महिला सम्मेलन में लगभग 40,000 महिलाओं से संवाद करेंगे
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
वाराणसी:

PM Modi Varanasi visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं. यहां पीएम मोदी 6269.86 करोड़ रुपये की 160 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी बनारस से पुणे के हडपसर और अयोध्या से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक चलने वाली दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाएंगे. पीएम मोदी दोपहर लगभग 1:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. शाम लगभग 5:00 बजे बरेका (BLW) मैदान में एक विशाल 'महिला सम्मेलन' आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 40,000 महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है.  

अमृत भारत ट्रेनों से कई शहरों के बीच सिमटेंगी दूरियां 

28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. ये ट्रेनें बनारस-हडपसर (पुणे) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के बीच चलेंगी. इससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी. ट्रेन शुरू होने से काशी विश्वनाथ धाम, राम मंदिर अयोध्या और शिर्डी साईं बाबा की यात्रा आसान होगी.  

Latest and Breaking News on NDTV

बनारस - पुणे ट्रेन का रूट और फायदे 

  • काशी से पुणे तक सीधी यात्रा आसान होगी. 
  • बनारसी सिल्क व्यापार और मजदूरों को लाभ
  • रास्ते में प्रमुख स्टेशन- प्रयागराज, झांसी, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, दौंड
  • यात्रा समय लगभग 30 घंटे में पूरा होगा.  

अयोध्या - मुंबई ट्रेन के फायदे

  • राम मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा
  • पूर्वी यूपी के प्रवासी मजदूरों को सीधी ट्रेन
  • ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण, ठाणे स्‍टेशनों पर रुकेगी.
  • यात्रा लगभग 28 घंटे में पूरी होगी 
  • अब देश में कुल 64 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें हो जाएंगी. 

50 हज़ार महिलाओं से करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर 50 हज़ार महिलाओं से संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में पीएम नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संसद में गिरने के बाद अपने ‘मन की बात' महिलाओं से करेंगे. संसद में इस संशोधन विधेयक के गिरने के बाद पीएम का महिलाओं से ये इस तरह का पहला संवाद होगा. इस दो दिन के दौरे में काशी को भी पीएम बहुत बड़ी सौगात देने वाले हैं.  इसके अलावा पीएम मोदी बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन करने उनके दरबार भी जायेंगे. 

160 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल और परसों के अपने काशी दौरे पर 6269.86 करोड़ रुपये की 160 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और 112 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है. इनमें एसटीपी, सड़क, पुल और अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण काम शामिल हैं. गंगा नदी पर पुराने रेलवे पुल के बगल में प्रस्तावित पुल का भी पीएम शिलान्यास करेंगे. पीएम बुधवार को जब बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने जायेंगे, तब बीएलडब्लू से मंदिर तक के रास्ते पर रोड शो जैसा माहौल दिखाई दे सकता है. 
बीएलडब्लू के मैदान में होने वाली पीएम की रैली में महिलाओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतज़ाम भी महिला केंद्रित रखा गया है. वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के मुताबिक 1500 से अधिक महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बीएलडब्लू में की गई है. पीएम की सुरक्षा की देखते हुए पूरे मैदान में सीसीटीवी, एंटी ड्रोन सिस्टम और एटीएस, पैरा मिलिट्री और पुलिस की तैनाती की गई है. पीएम जिन सड़कों से होकर गुज़रेंगे, उन पर 2000 से अधिक पुलिसकर्मी लगाये गए हैं. पीएम के पूरे दौरे में सुरक्षा के बेहद चाक चौबंद इंतज़ाम किए गए हैं. 

सड़क से लेकर कई घाटों का सुंदरीकरण 

वाराणसी में पीएम मोदी जिन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें पीडब्ल्यूडी की बनाईं शहर की 20 सड़कें, कज्जाकपुरा और बाबतपुरा चौबेपुर आरओबी, कस्तूरबा बालिका विद्यालय में एकडेमी ब्लाक व छात्रावास, पीएसी में 100 लोगों की क्षमता का बैरक, मारकंडेय महादेव घाट पर रैंप, कल्याण मंडप का निर्माण, सांरगनाथ मंदिर का पर्यटन विकास, संत रविदास पार्क का सुंदरीकरण, चंद्रावती घाट का पुर्ननिर्माण जैसे तमाम काम शामिल हैं. 

ये भी पढ़ें :- 'मां गंगा मुझे बुला रही हैं' के बाद 'मां काली मुझे ऊर्जा दे रही हैं'... PM मोदी की चिट्ठी का मर्म समझिए

बेहद खास है गंगा नदी के ऊपर बनने वाला रेलवे का पुल

पीएम मोदी किन योजनाओं का शिलान्यास करने वाले हैं, उनमें सबसे बड़ा तो गंगा नदी के ऊपर बनने वाले रेलवे का पुल है. उसके अलावा मंडलीय चिकित्सालय में 500 बेड मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, अस्सी घाट पर मैकेनाइज्ड पार्क, 100 बेड क्रिटिकल केयर ब्लाक, दशाश्वमेध घाट से काशी विश्वनाथ मंदिर के मध्य घाटों का पर्यटन विकास, अस्सी घाट का जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास से जुड़ी योजना, अस्सी घाट से दशाश्वमेध घाट के पर्यटन विकास जैसी तमाम योजनाएं शामिल हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले पीएम मोदी का ये काशी दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पीएम मोदी फिलहाल तो महिलाओं से संवाद और काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करेंगे लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि मंगलवार शाम के बाद पीएम अपने संसदीय क्षेत्र काशी के औचक दौरे पर भी निकल सकते हैं. इससे पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है कि पीएम विकास के काम देखने काशी की सड़कों पर निकल जाते हैं. ऐसे में पीएम के दौरे में कुछ “औचक” भी हो सकता है.

ये भी पढ़ें :- गंगटोक में पीएम मोदी का मेगा रोड शो, सिक्किम को मिलेगी 4,000 करोड़ से अधिक की सौगात

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com