विज्ञापन
This Article is From Jun 26, 2019

मॉब लिंचिंग पर राज्यसभा में बोले PM मोदी- युवक की मौत का दुख हमें भी है, लेकिन समूचे झारखंड को कठघरे में खड़ा करना सही नहीं

पीएम मोदी ने कहा, 'झारखंड में लिंचिंग की घटना से मुझे दुख हुआ. इससे दूसरों को भी दुख पहुंचा होगा. लेकिन कुछ लोगों ने राज्यसभा में झारखंड को लिंचिंग का हब कहा था. क्या यह सही है?'

नई दिल्ली:

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का राज्यसभा में जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड में मॉब लिंचिंग की घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 'मॉब लिंचिंग में युवक की मौत बेहद दुःखदायी है, लेकिन इसके लिए समूचे झारखंड को कठघरे में खड़ा करना सही नहीं.' साथ ही उन्होंने कि कहा कि हर हिंसा पर हमारा एक मानदंड हो. सबकी सुरक्षी की गारंटी हमारा दायित्व है. पीएम मोदी ने कहा, 'झारखंड में लिंचिंग की घटना से मुझे दुख हुआ. इससे दूसरों को भी दुख पहुंचा होगा. लेकिन कुछ लोगों ने राज्यसभा में झारखंड को लिंचिंग का हब कहा था. क्या यह सही है? वे एक प्रदेश का अपमान क्यों कर रहे हैं. एक मॉब लिंचिंग की घटना के बाद पूरे झारखंड को बदनाम करने का अधिकार हमारे पास नहीं है. दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.'

साथ ही उन्होंने कहा, 'अपराध होने पर उचित रास्ता कानून और न्यायिक प्रकिया से निकलना चाहिए. गुड टेररिज्म और बेड टेररिज्म से दुनिया को बहुत नुकसान हुआ है. हिंसा की घटना चाहे झारखंड में हो या फिर पश्चिम बंगाल में हो या फिर केरल में हो, हमारा सभी के लिए एक ही मानदंड होना चाहिए. तभी हिंसा को हम रोक पाएंगे और तब ही हिंसा करने वालों को सबक मिलेगा कि इस एक मुद्दे पर पूरा देश एक है.'

राज्यसभा में कांग्रेस पर बरसे PM मोदी, EVM और चुनाव नतीजों सहित इन मुद्दों को लेकर साधा निशाना: 10 खास बातें

इसके साथ ही भाजपा नीत राजग को लोकसभा चुनाव में मिले बहुमत को ‘देश की हार' बताने के लिए कांग्रेस पर बरसते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि ऐसा कहना देश के करोड़ों मतदाताओं, किसानों एवं मीडिया का अपमान है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हारने से देश नहीं हार जाता क्योंकि कांग्रेस देश नहीं है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ‘ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं जब चुनाव स्वयं जनता लड़ती है. 2019 का चुनाव दलों से परे देश की जनता लड़ रही थी.'

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- अहंकार की एक सीमा होती है, कांग्रेस हारी तो क्या देश हार गया?

उन्होंने कहा कि ये चुनाव विशेष थे, कई दशकों के बाद पूर्ण बहुमत की सरकारें बनना मतदाताओं की सोच की स्थिरता जाहिर करता है. मोदी ने कहा कि भाजपा की जीत को लोकतंत्र तथा देश की हार बताना लोकतंत्र का अपमान है. विपक्षी कांग्रेस पर तंज करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा ‘कांग्रेस हारी तो देश हार गया । देश यानी कांग्रेस, कांग्रेस यानी देश. अहंकार की एक सीमा होती है.' उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हारने से देश नहीं हार जाता क्योंकि कांग्रेस देश नहीं है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mob Killing, PM In Rajya Sabha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com