- भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता लगभग अंतिम चरण में है और इसे पूरा करने में केवल एक प्रतिशत बाधा बची है
- वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इस डील को बराबरी वाला और दोनों देशों के लिए लाभकारी बताया है
- डील के दौरान टाइम जोन के अंतर के कारण बातचीत देर रात तक होती रही, जिससे टीम को कठिनाई हुई
भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते को वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अच्छा और बराबरी वाला बताया है. उन्होंने कहा कि अब इसमें '1 फीसदी' ही बाधा है, जिसे दूर किए जाने की जरूरत है और फिर डील फाइनल हो जाएगी. उन्होंने कहा कि इस डील में हमें सिर्फ एक ही अजीब अनुभव आया और वह था दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच टाइम के अंतर का. उन्होंने कहा कि मेरे अमेरिका के अपने समकक्ष मंत्री से काफी अच्छे संबंध हैं. दोनों देशों के बीच फरवरी 2025 से ही ट्रेड एग्रीमेंट तो लेकर वार्ता चल रही है. अब यह डील लगभग फाइनल मोमेंट पर है. भारत सरकार का कहना है कि यह डील अब पूरी होने से लगभग एक फीसदी ही दूर है.
आखिर इस डील में आपके सामने सबसे बड़ी समस्या क्या आई? यह पूछने पर पीयूष गोयल ने कहा कि हमारे लिए शानदार अनुभव था. एक ही मजेदार और अजीब अनुभव यह था कि दिल्ली और वॉशिंगटन के टाइम जोन में काफी अंतर है. इस हिसाब से हमें डील के लिए रात को जागना ही पड़ा. लेकिन आप यह भी जानते हैं कि मैं देर से ही सोता हूं. ऐसे में मेरे लिए यह भी कोई बहुत ज्यादा कठिन नहीं था. मेरे स्टाफ और टीम को थोड़ी मुश्किल आई क्योंकि यह डील देर रात तक चलती रही. हम लोग इसके पहलुओं पर चर्चा करते रहे.
उन्होंने कहा, 'मैं नहीं मानता कि हमें कोई मुश्किल आई. दोनों टीमों के बीच अच्छे रिश्ते नजर आए. मेरे भी अपने समकक्ष मंत्री से ठीक संबंध हैं.' उन्होंने इस डील को भारत के पक्ष में भी बताया. पीयूष गोयल ने कहा कि इस डील से भारत की अमेरिकी बाजार में पहुंच बढ़ेगी. इसके अलावा अहम बात यह है कि अन्य प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले हमें ज्यादा प्राथमिकता दी गई है. हमारे पड़ोसी, साउथ ईस्ट एशिया के अन्य देश भी ऐसा मानते हैं. उन्होंने कहा कि यूरोपियन यूनियन, यूके, स्विट्जरलैंड, जापान और साउथ कोरिया जैसे कई देश भी यही नजरिया इस डील को लेकर रखते हैं.
अमेरिकी राजदूत ने भी बताया- फाइनल राउंड में चल रही है डील
बता दें कि पिछले दिनों भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी कहा है कि दोनों देशों के बीच डील आखिरी दौर में है. उनका कहना है कि डील लगभग पूरी हो गई है. कुछ ही चीजों पर दोनों पक्षों को बात करनी है. यह कह सकते हैं कि इस डील के 1 या 2 फीसदी चीजों पर ही मंथन बाकी है. उन्होंने कहा कि हम डील के बेहद करीब हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं