विज्ञापन

पवन सिंह, निशांत कुमार, संजय मयूख समेत कुल 10 उम्मीदवार बिहार विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुने गए

बिहार विधान परिषद की 9 सीटों और एक सीट पर हुए उपचुनाव में सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं. NDA को 9 सीटों पर और आरजेडी को एक सीट पर जीत मिली है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एमएलसी बन गए हैं.

पवन सिंह, निशांत कुमार, संजय मयूख समेत कुल 10 उम्मीदवार बिहार विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुने गए
पटना:

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं. इनमें भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख शामिल थे. जबकि एक सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी चुने गए हैं. उच्च सदन की 9 सीटों के लिए हाल ही में द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा हुई थी. जबकि 1 सीट पर उपचुनाव हुआ था. कुल 10 सीटें शामिल थी. जिसमें सत्ताधारी एनडीए के नौ और विपक्षी आरजेडी के एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे. नामांकन वापसी की समयसीमा खत्म होने के बाद सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है. विधानसभा सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्र वापस लेने का समय समाप्त होने के बाद उन सभी को चुनाव का प्रमाण पत्र सौंप दिया गया है.

निशांत कुमार और पवन सिंह बने एमएलसी 

बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह अब बिहार में एमएलसी बन गए हैं. वहीं विधानसभा सचिवालय अधिकारी ने बताया कि नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने से उनकी एमएलसी की सीट खाली हुई थी. जिससे इस सीट पर उपचुनाव हुआ था. जहां जेडीयू उम्मीदवार ललन सराफ को निर्विरोध चुना गया है. जिन नौ सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव हुए, उनमें से दो पर पहले बीजेपी का कब्जा था, लेकिन अब संजय, मयूख, अनिल ठाकुर और शीला पंडित के चुने जाने के साथ पार्टी ने चार सीटें हासिल कर ली हैं. 

जेडीयू को मिली चार सीटें

जेडीयू को भी चार सीटें मिली हैं. निशांत कुमार जो बिहार सरकार के कैबिनेट में शामिल होने से दो महीने पहले मार्च के महीने में ही जेडीयू में शामिल हुए थे. उनके अलावा भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन सराफ भी एमएलसी बने हैं. भारती मेहता अति पिछड़ा वर्ग से आती हैं और पार्टी की प्रवक्ता है. जबकि शिवरानी देवी प्रजापति ओबीसी वर्ग से आती हैं और जेडीयू की पूर्व महासचिव रही हैं. इसके अलावा एनडीए के एक और उम्मीदवार अशरफ अंसारी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) से एमएलसी चुने गए हैं, जिसके प्रमुख केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान हैं. 

ये भी पढ़ेंः लालू यादव का जन्मदिन मनाने में JCB से केक लेकर गिरे नेता केदार यादव, वीडियो वायरल

अशरफ अंसारी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) से विधान परिषद के लिए चुने जाने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं. यह पार्टी पांच साल पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत रामविलास पासवान के द्वारा स्थापित लोकजन शक्ति के विभाजन के बाद बनी थी. 

आरजेडी को मिली एक सीट 

राष्ट्रीय जनता दल यानि (आरजेडी) को एक सीट मिली है. पार्टी के सुनील कुमार सिंह लगातार तीसरी बार एमएलसी चुने गए हैं. जिससे उनके मेंटर लालू प्रसाद की अगुवाई वाली विपक्षी पार्टी में थोड़ी नाराज़गी पैदा हुई. पूर्व विधायक शिव चंद्र राम, जो काफी समय से राजनीति में हाशिए पर थे ने एमएलसी का टिकट नहीं मिलने पर रोते हुए पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की थी. लेकिन उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया गया था.

पवन सिंह के भाई ने लिया सर्टिफिकेट

सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं. ऐसे में सभी ने विधानसभा सचिवालय पहुंचकर अपने सर्टिफिकेट लिए. हालांकि पवन सिंह की जगह उनके छोटे भाई उनके प्रतिनिधि के तौर पर विधानसभा सचिवालय गए थे. जिन्होंने उनका पत्र लिया. सुनील सिंह और संजय मयूख को छोड़कर सभी उम्मीदवार पहली बार विधान परिषद जा रहे हैं. 

दीपक प्रकाश को लेकर हलचल

बिहार विधान परिषद में एनडीए को बड़ी जीत मिली है. लेकिन सत्ताधारी एनडीए में थोड़ी हलचल भी दिख रही है. क्योंकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश जो राज्य सरकार में मंत्री हैं. वह अब तक किसी भी सदन के सदस्य नहीं बने हैं. उन्हें एमएलसी का टिकट भी नहीं दिया गया है. अगर वे पिछले महीने कैबिनेट में शामिल होने के छह महीने के भीतर किसी सदन के सदस्य नहीं चुने जाते तो 37 साल के इस नेता को अपना मंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है. 

ये भी पढ़ेंः बिहार सरकार ने पेंशन के लिए क्यों निकाला इमरजेंसी फंड से ₹3662 करोड़? तेजस्वी यादव ने खड़े किए सवाल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar MLC Election, Nishant Kumar, Pawan Singh, Bihar Mlc Election 2026, Nishant Kumar In Bihar Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com