विज्ञापन
This Article is From Mar 24, 2011

पिता ने तीन बेटियों को गंगा में फेंका

बिहार में पटना जिले के हाथीदह थाना क्षेत्र में पिता ने एक-एक कर अपनी तीन मासूम बेटियों को राजेंद्र पुल से गंगा नदी में फेंक दिया।
पटना: बिहार में पटना जिले के हाथीदह थाना क्षेत्र में पिता ने एक-एक कर अपनी तीन मासूम बेटियों को राजेंद्र पुल से गंगा नदी में फेंक दिया। वैसे अब तक उनमें से किसी का शव बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार बेगूसराय जिले के नीरपुर गांव का रहने वाला राजकुमार साव बुधवार को हाथीदह आया था और देर रात जब वह वापस अपने घर लौट रहा था तब उसने राजेंद्र पुल से अपनी तीनों बच्चियों को गंगा नदी में फेंक दिया। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रामानंद कुमार कौशल ने गुरुवार को बताया कि इस घटना को अंजाम देने के समय राजकुमार की पत्नी रूबी भी उसके साथ थी। रूबी ने इसकी सूचना हाथीदह थाना में पुलिस को दी। कौशल ने बताया कि रूबी के अनुसार सभी बच्चियों की उम्र एक से पांच वर्ष के आसपास है। शवों को ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं, परंतु अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इस मामले की प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। पुलिस आरोपी राजकुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बिहार, पटना, लड़कियां, गंगा, फेंका
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com