विज्ञापन
6 days ago

तमिलनाडु चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है तो डीएमके दूसरे नंबर की पार्टी रही है. जहां पर टीवीके ने 108 सीटें जीती है तो डीएमके को 59 सीटें मिली हैं. हालांकि टीवीके बहुमत नहीं जुटा पा रही है. यही कारण है कि अब डीमएके एक्टिव हो गई है. पार्टी ने एमके स्टालिन को आपातकालीन निर्णय लेने का अधिकार दिया है. साथ ही डीएमके विधायकों को चेन्नई में ही रहने को कहा गया है. पार्टी ने कहा कि हमारा प्राथमिक लक्ष्य एक और चुनाव को टालना और एक स्थिर सरकार का गठन करना है. साथ ही कहा कि सांप्रदायिक ताकतों को कोई अवसर नहीं देना है. उधर, देश आज ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मना रहा है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सशस्त्र बलों के पराक्रम को सलाम करते हुए आतंकवाद पर कड़ा संदेश दिया है. इस मौके पर जयपुर में सेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. मीडिया को ऑपरेशन सिंदूर के समय के सेना के तीनों अंगों के डायरेक्टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशन ने संबोधित किया तो वहीं बिहार में कैबिनेट विस्तार हुआ. इन सबके बीच देशभर से आ रही हर बड़ी खबर, बयान, और ग्राउंड अपडेट हम आपको इसी लाइव ब्लॉग में लगातार दे रहे हैं.

Breaking News Live Updates:
 

ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद से हटना नहीं चाहती थीं: ममता बनर्जी

भाजपा नेता देबाश्री चौधरी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि द्वारा पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल को बर्खास्त करने पर कहा कि ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद से हटना नहीं चाहती थीं, लेकिन जो संवैधानिक तरीका है उसी तरीके से राज्यपाल ने उन्हें बर्खास्त कर दिया है ये सिस्टम है और इसी से चलेगा. 

'ऑपरेशन सिंदूर' का एक साल होने पर रक्षा मंत्री ने लॉन्च की वीडियो डॉक्यूमेंट्री

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की पहली वर्षगांठ के अवसर पर जयपुर स्थित दक्षिण-पश्चिमी कमान के मुख्यालय में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर आधारित एक वीडियो डॉक्यूमेंट्री लॉन्च की. 

थलपति ने कई चुनौतियों का सामना किया है, निश्चित रूप से हम सरकार बनाएंगे: टीवीके नेता

टीवीके के महासचिव एन आनंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाग लेने के बाद थेनी से टीवीके जिला अध्यक्ष लेफ्ट पांडी ने कहा कि इस जीत के लिए हमारे नेता थलपति ने अब तक कई चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन निश्चित रूप से हम सरकार बनाएंगे. हमें विश्वास है कि गठबंधन दल हमारा समर्थन करेंगे. गठबंधन दलों और सरकार गठन के संबंध में निर्णय हमारे नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा. उन्होंने (डीएमके और एआईएडीएमके) कहा था कि हम कभी नहीं जीतेंगे, लेकिन हम जीत गए हैं. बहुत जल्द, हमारे थलपति मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. 

हम टीवीके को समर्थन देने पर कल फैसला लेंगे: NDTV से बोले माकपा महासचिव एमए बेबी

तमिलनाडु में चुनाव परिणाम आने के बाद टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर के उभरी है, लेकिन पार्टी अभी तक सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत नहीं जुटा पाई है. टीवीके को कांग्रेस ने समर्थन दिया है. वहीं पार्टी ने माकपा-भाकपा से भी समर्थन मांगा है. ऐसे में माकपा महासचिव एमए बेबी ने एनडीटीवी से कहा कि टीवीके को समर्थन देने पर हम कल फैसला लेंगे. उन्‍होंने कहा कि राज्यपाल के कार्यों से टीवीके के समर्थन के प्रति हमारा झुकाव और बढ़ रहा है. साथ ही उन्‍होंने कहा कि हम लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा करना चाहते हैं. विजय को शपथ ग्रहण से रोकना अलोकतांत्रिक और अस्वीकार्य है. 

इतनी जल्दी प्रतिक्रिया देने की कोई जरूरत नहीं थी: डीएमके के प्रस्‍ताव पर बोले कांग्रेस नेता

टीवीके को समर्थन देने के लिए कांग्रेस के खिलाफ डीएमके के प्रस्ताव पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि इतनी जल्दी प्रतिक्रिया देने की कोई जरूरत नहीं थी. तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य को ध्यान में रखना चाहिए. कांग्रेस पार्टी ने  यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि वहां भाजपा समर्थित सरकार न बने, बल्कि एक धर्मनिरपेक्ष सरकार बने. हमारे पास बहुत सीमित विकल्प थे, इसलिए कांग्रेस पार्टी ने विजय के नेतृत्व वाली नई पार्टी को समर्थन देने का फैसला किया. 

मैंने उनके साथ अपनी राय साझा की. फैसला लेना उनका काम है: कप्‍पन

यूडीएफ नेताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षकों अजय माकन और मुकुल वासनिक के साथ बैठक की. पाला निर्वाचन क्षेत्र से यूडीएफ के विजयी उम्मीदवार मणि सी कप्पन ने कहा कि मैंने उनके साथ अपनी राय साझा की. फैसला लेना उनका काम है. 

बिहार कैबिनेट विस्‍तार: बीजेपी के 9 बड़े नेताओं का पत्ता साफ

बिहार कैबिनेट विस्‍तार के बाद सबसे बड़ी चर्चा उन नेताओं को लेकर हो रही है, जिनका नाम मंत्रिमंडल से गायब हो गया. बीजेपी ने अपने 9 पुराने मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया, जिन नेताओं को जगह नहीं मिली, उनमें शामिल हैं- 

मंगल पांडेय

नारायण प्रसाद

सुरेंद्र मेहता

नीरज सिंह बबलू

जीवेश मिश्रा

राजू सिंह

संतोष सिंह

सुनील कुमार

कृष्ण कुमार मंटू

बिहार कैबिनेट विस्‍तार में किस पार्टी को कितनी हिस्सेदारी?

सम्राट चौधरी कैबिनेट में कुल 32 मंत्रियों को शामिल किया गया. इनमें:

BJP के 15 मंत्री

JDU के 13 मंत्री

LJP (रामविलास) के 2 मंत्री

HAM के 1 मंत्री

RLM के 1 मंत्री

कैबिनेट विस्तार में सामाजिक और जातीय समीकरणों को साधने की पूरी कोशिश दिखाई दी. युवा चेहरों, क्षेत्रीय संतुलन और सहयोगी दलों को प्रतिनिधित्व देकर NDA ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर नई रणनीति पर काम कर रही है.

हमारा प्राथमिक लक्ष्य एक और चुनाव को टालना और स्थिर सरकार का गठन: डीएमके

तमिलनाडु में डीएमके एक्टिव हो गई है. पार्टी ने बहुमत नहीं मिलने को एक जटिल संकट बताया है. पार्टी ने एमके स्टालिन को आपातकालीन निर्णय लेने का अधिकार दिया है. साथ ही डीएमके विधायकों को चेन्नई में ही रहने को कहा गया है. पार्टी ने कहा कि हमारा प्राथमिक लक्ष्य एक और चुनाव को टालना और एक स्थिर सरकार का गठन करना है. साथ ही कहा कि सांप्रदायिक ताकतों को कोई अवसर नहीं देना है. 

कांग्रेस पर भड़की डीएमके, गठबंधन तोड़ने और विश्‍वासघात का लगाया आरोप

तमिलनाडु में कांग्रेस के टीवीके को समर्थन देने बाद डीएमके नाराज है. पार्टी ने कांग्रेस पर गठबंधन तोड़ने और विश्वासघात करने का आरोप लगाया गया है. डीएमके ने कहा कि सहयोगी दलों द्वारा तीन दिनों में किए गए अथक परिश्रम से कांग्रेस को जीत मिली है. गठबंधन के खिलाफ बोलने वाले नेताओं पर कांग्रेस ने लगाम नहीं लगाई है. 

आईयूएमएल नेता कादर मोहिदीन ने डीएमके नेता एमके स्टालिन से मुलाकात की

तमिलनाडु में टीवीके की सरकार बनने को लेकर असमंजस की स्थित बनी हुई है. ऐसे में डीएमके सक्रिय हो गई है. आईयूएमएल नेता कादर मोहिदीन ने डीएमके नेता एमके स्टालिन से मुलाकात की है. 

TMC ने जनता के जनादेश को स्वीकार नहीं किया: भाजपा सांसद

सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ की हत्या के मामले पर भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने कहा कि TMC की इसमें साजिश जरूर है.  जनता ने जनादेश दे दिया है जिसे TMC ने स्वीकार नहीं किया है. वे माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. ममता बनर्जी राष्ट्रपति शासन की बात कर रही हैं. 9 तारीख को हमारी सरकार बन रही है. हम शांति का वातावरण बनाएंगे. कहीं भी खून-खराबा नहीं होगा. विकास होगा और युवा को काम मिलेगा. 

इसे बर्दाश्‍त नहीं किया जाएगा: चंद्रनाथ रथ की हत्‍या पर भाजपा नेता शंकर घोष

सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम के पास गोली मारकर हत्या करने पर भाजपा नेता शंकर घोष ने कहा कि हम सभी चुनौतियों के लिए तैयार हैं, जिस तरह से बंगाल में हत्या हो रही है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ये बंद करना पड़ेगा और मुझे उम्मीद है कि हमारी सरकार बनने के बाद ये हमारी प्राथमिकता में रहेगा. 

जयपुर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम भजनलाल शर्मा और डिप्‍टी सीएम दीया कुमारी ने किया स्‍वागत

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जयपुर एयरपोर्ट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया. रक्षा मंत्री आज  'ऑपरेशन सिंदूर' की पहली वर्षगांठ के अवसर पर 'सप्त शक्ति कमांड' मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. 

विदेशी पर्यटक कोटे पर रेलवे का एक्शन: 39 फर्जी बुकिंग पकड़ी, 3.56 लाख का जुर्माना

रेलवे ने विदेशी पर्यटक कोटे (FT कोटा) के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. मध्य रेलवे में 39 मामलों का खुलासा हुआ, जिसमें 121 यात्री अनियमित रूप से यात्रा करते पकड़े गए. कुल 3.56 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया और संदिग्ध बुकिंग की जांच जारी है.

ऑपरेशन सिंदूर अब भी ‘पॉज’ में, लेकिन मिशन जारी- एयर मार्शल भारती

एयर मार्शल भारती ने कहा कि आज पहलगाम हमले को 1 साल 15 दिन और ऑपरेशन सिंदूर को एक साल पूरा हो चुका . उन्होंने 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले को दिल दहला देने वाला बताते हुए कहा कि इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है और उस हमले में मारे गए लोगों को वापस नहीं लाया जा सकता.

ऑपरेशन सिंदूर अब भी ‘पॉज’ में, लेकिन मिशन जारी

एयर मार्शल ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर फिलहाल रुका हुआ (paused) है, लेकिन इसका उद्देश्य अभी भी कायम है- आतंकवाद को जड़ से खत्म करना. उन्होंने इसे भारत के उस संकल्प का हिस्सा बताया, जिसका लक्ष्य भविष्य में ऐसे हमलों को रोकना है.

एयर मार्शल भारती ने साफ किया कि भारत की सैन्य कार्रवाई हमेशा पूर्ण और प्रभावी होती है. उन्होंने कहा, 'जब हम कार्रवाई करते हैं, तो उसमें कोई आधा-अधूरापन नहीं होता. वह निर्णायक होती है, घातक होती है और वही ऑपरेशन सिंदूर में दिखा.'

Operation Sindoor पर एयर मार्शल अवधेश कुमार का बयान: ‘शांति हमारी नीति, लेकिन जवाब भी उतना ही सख्त’

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में एयर मार्शल अवधेश कुमार ने भारत की रणनीति और इस ऑपरेशन के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि भारत हमेशा “जियो और जीने दो” की नीति पर चलता है, लेकिन जब शांति की इच्छा को कमजोरी समझा जाता है, तब कार्रवाई करना जरूरी हो जाता है.

एयर मार्शल ने कहा, 'जब हमारी चुप्पी को कमजोरी समझा जाता है, तब हमारे पास कार्रवाई के अलावा कोई विकल्प नहीं होता, और जब हम कार्रवाई करते हैं तो वह पूरी ताकत के साथ होती है.'

'पूरी आजादी के साथ ऑपरेशन, साफ था लक्ष्य'

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य पूरी तरह स्पष्ट था और सेना को इसे अंजाम देने के लिए पूर्ण ऑपरेशनल स्वतंत्रता  दी गई थी.

ऑपरेशन की योजना से लेकर क्रियान्वयन तक तीनों सेनाओं के प्रमुखों और वरिष्ठ नेतृत्व ने हर विकल्प पर विस्तार से विचार किया. इस तरह यह ऑपरेशन बेहद सोच-समझकर और संतुलित तरीके से प्लान किया गया.

तीनों सेनाओं का मजबूत तालमेल

एयर मार्शल ने जोर देकर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सबसे बड़ी ताकत जॉइंटनेस थी. थल, जल और वायु सेना ने पूरी एकजुटता के साथ काम किया. रणनीति और एक्शन में उच्च स्तर का समन्वय देखने को मिला.

PoK और पाकिस्तान में आतंकी ढांचे पर सीधा प्रहार

उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के तहत PoK और पाकिस्तान के अंदर मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया. उद्देश्य था आतंकी इंफ्रास्ट्रक्चर को खत्म करना.

'7 मई की सुबह पहला हमला- भारत का संकल्प'

एयर मार्शल अवधेश कुमार ने कहा, '7 मई 2025 की सुबह जब पहला हथियार लक्ष्य पर लगा, वह सिर्फ एक अटैक नहीं था, बल्कि भारत के लोगों के संकल्प और ताकत का सीधे दुश्मन के दिल तक पहुंचना था.' 

Operation Sindoor की एनिवर्सरी पर आज शाम को जारी होगी फिल्म

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर आज तीनों सेनाओं के वरिष्ठ कमांडर्स संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं. इस दौरान ऑपरेशन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं, रणनीति और उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में लेफ्टिनेंट जनरल जुबिन ए मिनवाला, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, एयर मार्शल अवधेश कुमार, वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद मौजूद हैं. ॉये सभी अधिकारी ऑपरेशन सिंदूर में तीनों सेनाओं की संयुक्त भूमिका और समन्वय पर प्रकाश डाल रहे हैं.

रक्षामंत्री का जयपुर दौरा

इसी बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज जयपुर में मौजूद रहेंगे, जहां से वे इस ऐतिहासिक ऑपरेशन की वर्षगांठ से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. सरकार की ओर से ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म भी आज शाम जारी की जाएगी, जिसे खुद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लॉन्च करेंगे.

यह अंत नहीं, शुरुआत है- पूर्व डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारतीय सेना के पूर्व डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने इस ऑपरेशन को भारत के संकल्प, जिम्मेदारी और रणनीतिक संयम का स्पष्ट संदेश बताया. लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य पूरी तरह साफ और स्पष्ट था और इसे बेहद सटीक तरीके से अंजाम दिया गया. यह ऑपरेशन भारत की बदलती रणनीति का संकेत है, जहां अब पूरे सरकार स्तर (Whole-of-Government Approach) पर समन्वित तरीके से कार्रवाई की जा रही है.

उन्होंने दुष्यंत कुमार की पंक्तियां दोहराते हुए कहा, 'सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं है, मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए.'

तीनों सेनाओं की संयुक्त ताकत का प्रदर्शन

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर एक ट्राई-सर्विसेज जॉइंट ऑपरेशन था, जिसमें थल, जल और वायु सेना ने मिलकर काम किया. यह भारत की सैन्य क्षमताओं के बेहतर तालमेल और तैयारियों को दर्शाता है. 

‘आतंक के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं’

पूर्व डीजीएमओ के अनुसार, इस ऑपरेशन ने साफ संदेश दिया कि अब आतंकवादियों या उनके समर्थकों के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है. भारत जरूरत पड़ने पर कहीं भी जवाब दे सकता है. 


आत्मनिर्भर भारत की ताकत दिखी

उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि ऑपरेशन में इस्तेमाल हुए हथियारों और तकनीक का बड़ा हिस्सा स्वदेशी (Made in India) था. इससे साबित हुआ कि आत्मनिर्भर भारत (Atmanirbhar Bharat) अब रक्षा क्षेत्र में एक बड़ा फोर्स मल्टीप्लायर बन चुका है.

लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि मौजूदा दौर में जहां संघर्ष लंबे चलते हैं, वहीं भारत ने तेज और सटीक हमला किया. अपने रणनीतिक लक्ष्य हासिल किए और फिर पाकिस्तान के अनुरोध पर ऑपरेशन को रोक दिया. 


‘यह अंत नहीं, शुरुआत है’

उन्होंने साफ कहा कि ऑपरेशन सिंदूर किसी अभियान का अंत नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लंबी लड़ाई का नया अध्याय है.

आतंकवाद के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

उन्होंने दोहराया कि भारत का रुख स्पष्ट है, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लगातार जारी रहेगी और इसे जड़ से खत्म करने के लिए हर कदम उठाया जाएगा.

यहां सुनें सेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस LIVE

बिहार सरकार में मंत्री बने निशांत कुमार

बिहार में सम्राट सरकार की कैबिनेट का विस्तार हो रहा है. पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने बिहार सरकार के मंत्री पद की शपथ ग्रहण कर ली है. उन्होंने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विजय सिन्हा, श्रवण कुमार, दिलीप कुमार जयसवाल, लेसी सिंह के बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली.

PM मोदी पटना पहुंचे, शपथ ग्रहण में होंगे शामिल; एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक रोडशो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना पहुंच चुके हैं और वे बिहार में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे. एयरपोर्ट पर उनका स्वागत हुआ, जिसके बाद पीएम मोदी रोडशो करते हुए गांधी मैदान पहुंचेंगे, जहां समारोह आयोजित किया जा रहा है. पीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं.

तमिलनाडु में सरकार गठन पर हलचल: राज्यपाल ने विजय को बुलाया, पूछा- बहुमत जुटा पाए?

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने टीवीके प्रमुख विजय को राजभवन बुलाया है. खास बात यह है कि यह मुलाकात विजय की ओर से नहीं, बल्कि खुद राज्यपाल की पहल पर बुलाई गई है. दरअसल, राज्यपाल यह जानना चाहते हैं कि क्या विजय अब बहुमत का जरूरी आंकड़ा जुटा पाए हैं और सरकार बनाने का दावा पेश करने की स्थिति में हैं.

गौरतलब है कि एक दिन पहले जब विजय ने राज्यपाल से मुलाकात की थी, तब वे 118 विधायकों का समर्थन पत्र पेश नहीं कर सके थे, जो सरकार बनाने के लिए आवश्यक है. अब राज्यपाल ने दोबारा बुलाकर साफ तौर पर पूछा है कि क्या उन्होंने अतिरिक्त विधायकों का समर्थन हासिल किया है. इस घटनाक्रम से संकेत मिल रहे हैं कि तमिलनाडु में सत्ता गठन को लेकर जोड़-तोड़ तेज हो गई है और अगले कुछ घंटों में स्थिति और स्पष्ट हो सकती है.

पंजाब में ED की बड़ी कार्रवाई: बिल्डर लॉबी के 12 ठिकानों पर छापेमारी

पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहाली और चंडीगढ़ में 12 ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई बिल्डरों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस में की जा रही है.

किन पर कार्रवाई?

ईडी ने जिन प्रोजेक्ट्स और कंपनियों को निशाने पर लिया है, उनमें शामिल हैं सनटेक सिटी प्रोजेक्ट, ABS टाउनशिप प्राइवेट लिमिटेड, अल्टस बिल्डर्स, धीर कंस्ट्रक्शंस, अजय सहगल और उनसे जुड़े लोग.

क्या हैं आरोप?

सूत्रों के मुताबिक GMADA से CLU (Change of Land Use) लाइसेंस हासिल करने में गड़बड़ी की गई. आम लोगों से सैकड़ों करोड़ रुपये जुटाने के आरोप है. इसके अलावा फीस जमा किए बिना प्रोजेक्ट आगे बढ़ाने का मामला भी सामने आया है. 

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com