विज्ञापन

अजित डोभाल किए जाएंगे सम्मानित, अमित शाह के हाथों से मिलेगा लोकमान्य तिलक अवॉर्ड

होम मिनिस्टर अमित शाह 1 अगस्त को पुणे में होने वाले कार्यक्रम में खुद डोभाल को सम्मान प्रदान करेंगे. सोमवार को समिति ने ऐलान किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए अजित डोभाल को यह सम्मान मिलेगा.

अजित डोभाल किए जाएंगे सम्मानित, अमित शाह के हाथों से मिलेगा लोकमान्य तिलक अवॉर्ड
पुणे:

देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल को प्रतिष्ठित लोकमान्य तिलक अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा. उन्हें यह पुरस्कार 1 अगस्त को प्रदान किया जाएगा. होम मिनिस्टर अमित शाह उन्हें पुणे में होने वाले कार्यक्रम में खुद सम्मान प्रदान करेंगे. सोमवार को समिति ने ऐलान किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए अजित डोभाल को यह सम्मान मिलेगा. इस ट्रस्ट के अध्यक्ष रोहित तिलक ने इस फैसले के बारे में जानकारी दी. खबर है कि आयोजन में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार भी मौजूद रहेंगे. 

पुणे के गुलटेकड़ी इलाके के महाराष्ट्रीय मंडल ग्राउंड में यह सम्मान समारोह किया जाएगा. 81 वर्षीय अजित डोभाल ने मिजोरम, सिक्किम, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील इलाकों में काम किया है. इसके अलावा वह इस्लामाबाद और लंदन में भारतीय मिशनों में भी काम कर चुके हैं. वह भारत के सबसे लंबे समय तक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रहे हैं और अब भी इस पद पर बने हुए हैं. बता दें कि डोकलाम में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद तनाव पैदा हो गया था. उसके बाद चीन से बातचीत करने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भी अजित डोभाल ने किया था. 

बता दें कि लोकमान्य तिलक अवार्ड की शुरुआत 1983 में हुई थी. पहला सम्मान एस.एम. जोशी को दिया गया था. यह सम्मान हर साल 1 अगस्त को दिया जाता है. इसी दिन लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि भी होती है. भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली शख्सियतों को यह सम्मान दिया जाता है. बीते कई सालों में कुछ चर्चित हस्तियों को यह सम्मान मिल चुका है. पीएम नरेंद्र मोदी, पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को भी यह सम्मान मिला है. इसके अलावा कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भी यह सम्मान मिला है. मराठा छत्रप शरद पवार भी यह अवॉर्ड हासिल कर चुके हैं.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, Amit Shah News, Amit Shah News In Hindi, Ajit Doval, Ajit Doval Big News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com