- अमित शाह ने बंगाल चुनाव में वोट चोरी की आशंकाओं पर कहा कि किसी गुंडे की ऐसा करने की हिम्मत नहीं है
- उन्होंने दावा किया कि बीजेपी इस चुनाव में आधी से अधिक सीटें जीत सकती है... हम यहां सरकार बनाने आए हैं
- चुनाव आयोग पर पक्षपात के आरोपों पर कहा कि ममता को जनता ने फाइनली टाटा बाय बाय कह दिया है
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव का घोषणापत्र जारी करने के बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीटीवी से एक्सक्लूसिव बात की. इस दौरान ममता बनर्जी के आरोपों से लेकर चुनाव में बीजेपी की उम्मीदों और हुमायूं कबीर से लेकर वोट चोरी तक तमाम सवालों के जवाब दिए.
वोट चोरी की आशंकाओं पर
बंगाल चुनावों में वोट चोरी की आशंकाओं पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीटीवी से कहा कि अब किसी गुंडे की हिम्मत नहीं कि वो बंगाल में वोट चोरी कर सके. उन्होंने कहा कि जिस तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और जैसी चुनाव आयोग ने व्यवस्था की है, उसमें मुझे नहीं लगता कि किसी की वोट चोरी करने की हिम्मत होगी.
आधी से ज्यादा सीटें जीतेंगेः शाह
पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी का घोषणापत्र जारी करने के बाद मिदनापुर में रोड शो करने पहुंचे अमित शाह ने चुनावों में अपनी जीत को लेकर भी एनडीटीवी से एक्सक्लूसिव बात की. बंगाल चुनाव में बीजेपी को कितनी सीटें जीतने का अंदाजा है, इस सवाल पर अमित शाह ने कहा कि हम कंफर्टेबल मार्जिन से जीतेंगे. पहले चरण के बाद ही इस बारे में कुछ ठोस बता पाएंगे. लेकिन इतना तय है कि हम आधी से काफी ज्यादा सीटें जीतने वाले हैं.
#NDTVExclusive | 'ममता बनर्जी को बंगाल की जनता ने फाइनली टाटा बाय-बाय कह दिया'
— NDTV India (@ndtvindia) April 10, 2026
NDTV से #EXCLUSIVE बातचीत में बोले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह #WestBengalElection | #AmitShah | #BJP | @manogyaloiwal pic.twitter.com/okDuZNVIJK
'ममता को जनता ने टाटा बाय-बाय कह दिया है'
चुनाव आयोग पर पक्षपात के तृणमूल कांग्रेस के आरोपों पर शाह ने कहा कि सब जगह चुनाव हो रहे हैं, कहीं पर भी आरोप नहीं लगे. ममता बनर्जी को सिंपैथी वोट लेने की आदत पड़ी हुई है. लेकिन इस बार बंगाल की जनता ने उन्हें फाइनली टाटा बाय-बाय कह दिया है.
हुमायूं कबीर से संबंधों पर दिया दोटूक जबाव
अमित शाह ने हुमायूं कबीर के नए वीडियो को लेकर विवाद पर भी टिप्पणी की. हुमायूं कबीर पर बीजेपी की बी टीम होने और वोट तोड़ने में मदद करने के आरोपों पर शाह ने कहा कि जो बंगाल की भूमि पर बाबरी मस्जिद बनाए, उसके साथ बीजेपी के जाने का सवाल ही नहीं उठता. इससे अच्छा तो हम विपक्ष में बैठें.
'कांग्रेस को न जनता भाव दे रही, न ममता'
कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी है कि उन्हें न जनता भाव दे रही है और न ममता भाव दे रही हैं, और खामखा वो बाजार में घूम रहे हैं. बंगाल में चुनावी सभाओं में उमड़ रही भीड़ के बीच अमित शाह ने कहा कि हमें यहां सरकार बनानी है. मैं बीजेपी का कार्यकर्ता हूं, जहां भी चुनाव होते हैं, वहां जाना मेरे लिए और पार्टी के लिए जरूरी है.
देखें- महिलाओं को 3000, किसानों को 9000...बंगाल के लिए BJP के घोषणापत्र में बड़े वादे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं