- राहुल गांधी ने कहा कि केवल कांग्रेस ही RSS की विचारधारा का मुकाबला कर सकती है और बीजेपी को हरा सकती है.
- उन्होंने कि देश में केवल दो राजनीतिक विचारधाराएं हैं, एक आरएसएस की नफरत और दूसरी कांग्रेस की एकता.
- राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने कई राज्यों में वोट चोरी कर सरकार बनाई है.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि कांग्रेस के अलावा कोई भी पार्टी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा का मुकाबला नहीं कर सकती और केवल कांग्रेस ही बीजेपी को हराने में सक्षम है. कांग्रेस के डीएमके से अलग होने के बाद राहुल गांधी का यह बयान राजनीतिक तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है.
हरियाणा के गुरुग्राम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “देश में दो ही राजनीतिक विचारधाराओं के बीच लड़ाई है. एक आरएसएस की नफरत और बंटवारे की विचारधारा, और दूसरी कांग्रेस की मोहब्बत और एकता की विचारधारा. बाकी सारी पार्टियां इनके सामने खड़ी नहीं हो पाएंगी. अंत में केवल कांग्रेस खड़ी रहेगी और मोदी‑शाह की बीजेपी को कांग्रेस पार्टी ही हराएगी.”
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस ने डीएमके से अलग होकर अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके के साथ गठबंधन किया है. इससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने ममता बनर्जी सरकार पर भ्रष्टाचार और हिंसा के आरोप लगाए थे. वहीं, दिल्ली चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल भी राहुल गांधी के निशाने पर रहे थे. राहुल गांधी के इस रुख से इंडिया गठबंधन के कई घटक दल असहज नजर आ रहे हैं. गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन का गठन पिछले लोकसभा चुनाव से पहले हुआ था और संसद में यह गठबंधन संयुक्त विपक्ष की भूमिका निभा रहा है.
गुरुग्राम में शुक्रवार को राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद अब पश्चिम बंगाल और असम में भी वोट चोरी कर सरकार बनाई है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव चोरी की पूरी व्यवस्था खड़ी कर रखी है. लाखों नाम वोटर लिस्ट से काटे जाते हैं और लाखों नए नाम जोड़े जाते हैं. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग बीजेपी के नियंत्रण में है और बीजेपी को लगता है कि उसका शासन कभी खत्म नहीं होगा, लेकिन उनका समय आने वाला है.
राहुल गांधी पिछले सात महीनों से चल रही हरियाणा कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह की पदयात्रा में शामिल होने गुरुग्राम पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने बृजेंद्र सिंह की सराहना की और पार्टी के युवा नेताओं से जनता के बीच जाकर यात्राएं निकालने की अपील की. राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा को भी याद किया.
ये भी पढ़ें : SIR का क्या असर पड़ा, विपक्ष के आरोप थे सही? जानिए क्या कहते हैं पश्चिम बंगाल के आंकड़े
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं