- नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और कई भारतीय नागरिक लापता हैं
- मुंबई के डॉक्टर मिलिंद चितळे और उनकी पत्नी जानवी मानसरोवर यात्रा के दौरान नेपाल में बाढ़ के बाद से लापता हैं
- लंदन में रहने वाला चार सदस्यीय भारतीय परिवार नेपाल में पुल पार करते समय बह गया और कोई पता नहीं मिला
नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ ने हजारों लोगों की जिंदगी प्रभावित की है. इस आपदा के बीच कई भारतीय नागरिक अब भी लापता बताए जा रहे हैं. इनमें डॉक्टर, प्रोफेसर और विदेश में रहने वाले भारतीय परिवार भी शामिल हैं. उनके परिजन लगातार प्रशासन और बचाव एजेंसियों से संपर्क बनाए हुए हैं और सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं.
डॉक्टर दंपती का नहीं चला पता
मुंबई के अंधेरी इलाके के रहने वाले डॉक्टर मिलिंद चितळे और उनकी पत्नी जानवी चितळे का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है. दोनों मानसरोवर यात्रा पर नेपाल गए थे. नेपाल में आई आपदा के बाद से परिवार का उनसे संपर्क टूट गया.
डॉ. मिलिंद चितळे का अंधेरी पूर्व के मालपा डोंगरी इलाके में क्लिनिक है. क्लिनिक 24 अगस्त से बंद है और वहां लगाए गए नोटिस में लिखा था कि वह 6 सितंबर तक मानसरोवर यात्रा पर रहेंगे. संपर्क न होने के कारण परिवार और उनके परिचितों में चिंता का माहौल है. परिजनों ने सरकार से उन्हें सुरक्षित खोजकर वापस लाने की अपील की है.
लंदन में रहने वाला चार सदस्यीय परिवार भी लापता
आंध्र प्रदेश के पार्वतीपुरम मूल का एक एनआरआई परिवार भी इस आपदा के बाद से लापता बताया जा रहा है. परिवार में संतोष कुमार साहू, उनकी पत्नी सुरभि, बेटा स्पंदन और बेटी साइना शामिल हैं.
करीब 20 वर्षों से लंदन में रह रहा यह परिवार कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गया था. बताया जा रहा है कि सीमा क्षेत्र में एक पुल पार करते समय उनकी गाड़ी बाढ़ के तेज बहाव में बह गई. टूर गाइड ने इस घटना की जानकारी परिजनों को दी थी. इसके बाद से परिवार का कोई पता नहीं चल सका है.
पूर्व प्रोफेसर और उनके पति भी संपर्क से बाहर
असम के गुवाहाटी की पूर्व विश्वविद्यालय प्रोफेसर दीपाली सरकार और उनके पति मानस घोष भी लापता लोगों में शामिल हैं. दोनों पर्यटकों के एक समूह के साथ नेपाल गए थे. परिवार और दोस्तों के मुताबिक, 30 लोगों का समूह काठमांडू पहुंचा था. आखिरी बार रात करीब 8:30 बजे संपर्क हुआ था, लेकिन 10:30 बजे के बाद उनसे कोई बात नहीं हो सकी. उनकी बेटी दिल्ली में डॉक्टर है और परिवार लगातार किसी अच्छी खबर का इंतजार कर रहा है.
यह भी पढ़ें- नेपाल जल प्रलय: बाढ़ में बहकर आए लॉकर से चुरा ली 92 लाख की नकदी, 29 गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं