- भारत सरकार ने ई-वीजा धारक विदेशी नागरिकों के प्रवेश के लिए 11 नए अंतरराष्ट्रीय पोर्ट को मंजूरी दी है
- अब ई-वीजा पर भारत आने वाले विदेशी नागरिक कुल 88 प्रवेश पोर्ट से देश में प्रवेश कर सकेंगे
- नए लैंड पोर्ट में अगरतला, दर्रांगा, गेडे, घोजाडांगा, हरिदासपुर, जयगांव, डावकी, मोरेह और अटारी रोड शामिल हैं
भारत सरकार ने ई-वीजा धारक विदेशी नागरिकों की सुविधा के लिए 11 नए अंतरराष्ट्रीय पोर्ट को मंजूरी दी है. इनमें 9 लैंड पोर्ट और 2 हवाई अड्डे शामिल हैं. इसके साथ ही ई-वीजा पर भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए प्रवेश के विकल्प बढ़कर 88 हो गए हैं.सरकार का कहना है कि इससे भारत आने वाले विदेशी यात्रियों के लिए यात्रा और आसान होगी.
11 नए पोर्ट जोड़े गए
नए जोड़े गए पोर्ट में अगरतला, दर्रांगा, गेडे, घोजाडांगा, हरिदासपुर, जयगांव, डावकी, मोरेह और अटारी (रोड) जैसे लैंड पोर्ट शामिल हैं.इसके अलावा भोपाल और तिरुपति हवाई अड्डों को भी ई-वीजा प्रवेश की सुविधा वाले पोर्ट में शामिल किया गया है. अब ई-वीजा वाले विदेशी नागरिक भारत में कुल 37 हवाई अड्डों, 38 समुद्री बंदरगाहों और 13 लैंड पोर्ट के जरिए प्रवेश कर सकते हैं.
72 घंटे में 95 फीसदी ई-वीजा
भारत में ई-वीजा की सुविधा साल 2014 में 43 देशों के नागरिकों के लिए शुरू की गई थी.अब यह सुविधा 172 देशों के नागरिकों के लिए उपलब्ध है.सरकार के मुताबिक, भारत करीब 95 फीसदी ई-वीजा आवेदन 72 घंटे से कम समय में प्रोसेस कर देता है.वर्तमान में भारत में जारी होने वाले कुल वीजा में करीब 78 फीसदी इलेक्ट्रॉनिक वीजा होते हैं.
17 तरह के ई-वीजा
ई-वीजा सिर्फ पर्यटन के लिए ही नहीं है. यह कई अलग-अलग जरूरतों के लिए उपलब्ध है.इनमें टूरिस्ट, पर्वतारोहण, बिजनेस, मेडिकल, स्टूडेंट, ट्रांजिट और ग्रुप विजिटर वीजा शामिल हैं.बिजनेस और मेडिकल जैसी श्रेणियों में भी अलग-अलग उप-श्रेणियां हैं.
आसान वीजा व्यवस्था पर सरकार का जोर
सरकार का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में विदेशी यात्रियों के लिए भारत की वीजा व्यवस्था को आसान और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया है. इसके साथ ही वीजा प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए तकनीक और डिजिटल बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया गया है.सरकार के मुताबिक नए अंतरराष्ट्रीय पोर्ट जुड़ने से ई-वीजा की सुविधा और उपयोगी होगी. इससे भारत आने वाले विदेशी यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और यात्रा प्रक्रिया भी आसान होगी.
ये भी पढ़ें-स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर 100 फीसदी कंट्रोल हमारा है; ट्रंप का ईरान पर 'अटैक', 50 साल के नुकसान का हर्जाना मांगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं