- मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से IT प्रोफेशनल को धमकी भरे ईमेल भेजने के मामले में हिरासत में लिया है
- वैभव मिश्रा ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर आयुष्मान खुराना, तुषार कपूर समेत कई हस्तियों को धमकियां दीं
- पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वैभव का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है, वह केवल नाम का इस्तेमाल कर रहा था
बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी भरे ईमेल भेजने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु से एक एक IT प्रोफेशनल को हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है. उस पर आरोप है कि उसने लॉरेंस बिश्नोई के नाम से अभिनेता तुषार कपूर, आयुष्मान खुराना और कई अन्य मशहूर हस्तियों को ऑडियो संदेश भेजकर धमकियां दी थीं. पुलिस ने यह भी साफ किया है कि आरोपी का लॉरेंस गैंग से कोई संबंध नहीं है. उसने दहशत फैलाने के लिए गैंग के नाम का इस्तेमाल किया था.
IT सेक्टर में काम करता है आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसे बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया है. वैभव आईटी सेक्टर में काम करता है और उस पर तुषार कपूर, आयुष्मान खुराना समेत कई लोगों को ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजकर डराने का आरोप है.
जानकारी के मुताबिक, वैभव मिश्रा नाम के आईटी इंजीनियर को बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया है. आरोप है कि वह खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताकर अलग-अलग लोगों को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेज रहा था. इस मामले में तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना का नाम भी सामने आया.
क्या है मामला?
बता दें कि आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो मैसेज मिला था. इसमें मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और अभिनेता से करोड़ों रुपए की मांग की. मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया था कि जांच टीम ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज का मिलान अपने रिकॉर्ड में मौजूद वॉयस सैंपल से कर रही है. साथ ही, साइबर सेल मैसेज भेजने वाले नंबर और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी थी.
वहीं, अभिनेता तुषार कपूर को भी इससे पहले धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था. इसमें मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया था और 5 करोड़ रुपए की मांग की थी. तुषार ने इस बारे में मुंबई पुलिस को जानकारी दी थी. इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंपी गई थी.
अब वैभव मिश्रा को हिरासत में लेने के बाद जांच में एक नया मोड़ आया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उसने किन-किन लोगों को ऐसे मैसेज भेजे, इन मैसेज के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या उसने किसी दूसरे व्यक्ति या गिरोह के कहने पर ऐसा किया.
यह भी पढ़ें | एक्टर आयुष्मान खुराना को मिली रंगदारी की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगे करोड़ों रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं