Monsoon Session Live: मॉनसून सेशन का आज तीसरा दिन है. विपक्ष लगाातार दोनों सदनों में हंगामा कर रहा है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार 100 प्रतिशत चर्चा के लिए तैयार है. लेकिन कांग्रेस पहले चर्चा की मांग करती है, जिस पर हम तैयार है, फिर नारेबाजी करके सदन को डिस्टर्ब करती है. बता दें कि कांग्रेस के सांसद आज काले कपड़े पहनकर सदन में प्रदर्शन कर रहे हैं. इससे पहले संसद शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को पहले 12 बजे, फिर 2 बजे और उसके बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई. मंगलवार को भी सदन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई थी. सीजेपी के प्रोटेस्ट के बीच सदन की कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा. कॉकरेच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच मंगलवार पर राहुल गांधी, प्रियंका और अखिलेश यादव सहित कई सांसद पीएम आवास के पास धरने पर बैठ गए, जिसके बाद काफी हंगामा हुआ और उन्हें वहां से हटाया गया. इसके बाद राहुल गांधी ने पांच मांगें रखीं, जिसमें प्रमुख मांग थी धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और इस मामले पर सदन में गृहमंत्री का बयान. राहुल ने साथ ही कहा कि हम छात्रों के मुद्दे पर चर्चा चाहते हैं. इसके बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी बयान दिया कि सरकार नीट पर चर्चा के लिए तैयार है. सरकार समाधान के लिए प्रतिबद्ध है. लेकिन उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा कि वो छात्रों का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रहे हैं. पीएम मोदी ने भी मंगलवार को एनडीए मंगल मिलन कार्यक्रम में पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी.
Monsoon Session LIVE UPDATE :
संसद में हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष का हंगामा जारी है, जिसके चलते सदन की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया.
सरकार 100 प्रतिशत चर्चा को तैयार- किरेन रिजिजू
राज्यसभा में किरने रिजिजू ने कहा कि सरकार नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार हैं. सरकार को छात्रों के भविष्य की चिंता है. हम 100 प्रतिशत चर्चा को तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस नारेबाजी करके सदन को डिस्टर्ब कर रही.
सरकार मांग पूरी करने की मंशा से बात करे- CJP
सीजेपी ने कहा है कि सरकार को बात करनी है तो किसी सार्वजनिक जगह या जंतर-मंतर पर आए और सरकार मांग पूरी करने की मंशा से आए.
जंतर मंतर पर प्रदर्शन जारी तो गतिरोध कैसे खत्म होगा- मनोज झा
RJD के सांसद मनोज झा ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो प्रदर्शन है, वह जारी है. ऐसे में संसद में गतिरोध कैसे खत्म हो सकता है. सरकार ने डार की इमारत जो पिछले 12 साल में बनाई थी वह अब टूट गई है.
राज्यसभा में नेता विपक्ष और नेता सदन बैठकर विवाद सुलझाएं- रामगोपाल
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद रामगोपाल यादव ने एनडीटीवी से कहा कि राज्यसभा में नेता विपक्ष और नेता सदन को बैठकर बातचीत करके विवाद को सुलझाना चाहिए.
नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार - किरेन रिजिजू
किरेन रिजिजू ने कहा है कि सरकार नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन चर्चा किस नियम के तहत हो यह तय करना होगा.उसकी एक प्रक्रिया होती है, सड़क पर प्रदर्शन करने से नहीं होगा. किसी नियम के तहत चर्चा करने के लिए स्पीकर के साथ सभी पार्टी के नेता बैठकर तय करें कि कब चर्चा करना है और किस नियम के तहत चर्चा करना है. कितने घंटे की चर्चा होनी चाहिए यह भी सभी पार्टियों मिलकर एक साथ तय करें.
CJP Protest: जेपी नड्डा के घर पहुंचे जितेंद्र सिंह
जेपी नड्डा के घर पहुंचे जितेंद्र सिंह. सीजेपी के नेताओं से दोनों की मुलाकात हो सकती है.
लोकसभा में सरकार चर्चा को तैयार, हंगामे के बाद कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष के हंगामे पर कहा कि सरकार चर्चा को तैयार है. इसके बाद भी हंगामा होता रहा , जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.
छात्रों की सुनी नहीं जा रही- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने लोकसभा में कहा कि ये युवाओं का मुद्दा है. छात्रों की सुनी नहीं जा रही. छात्रों से साथ गलत हुआ. हम मजबूरी में पीएम आवास तक गए.
बीजेपी सांसद पीपी चौधरी ने कहा- राहुल जो कर रहे उससे देश की छवि खराब हो रही
बीजेपी सांसद पीपी चौधरी ने कहा- राहुल गांधी जो कर रहे हैं उससे बीजेपी को नहीं पूरे देश को नुकसान हो रहा है. इससे दुनिया में देश की छवि खराब हो रही है. प्रधानमंत्री का निवास एक संवेदनशील जगह है. विपक्ष के नेता को इस तरह से धरना प्रदर्शन सड़कों पर करना शोभा नहीं देता. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा की मांग अनरीजनेबल है क्योंकि कौन मंत्री रहेगा या नहीं रहेगा यह अधिकार प्रधानमंत्री के पास है.
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा बोले- धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पहले इस्तीफा देना होगा उसके बाद चर्चा होगी. छात्रों पर लाठीचार्ज की चर्चा होगी. धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा.
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया, जिसके चलते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.
सरकार पेपर लीक पर चर्चा को तैयार- किरेन रिजिजू
किरेन रिजिजू ने कहा है कि नीट पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार हैं. चर्चा किस नियम के तहत हो इस पर भी बात होगी.
मकर द्वार से गांधी प्रतिमा तक विपक्ष का मार्च
संसद में मकर द्वार से गांधी प्रतिमा तक विपक्ष करेगा मार्च प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद काले कपड़े पहनकर आए.

राहुल गांधी ने बचकानी हरकत की है- एसपी सिंह बघेल
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने NDTV से कहा कि राहुल गांधी की हरकत बचकानी थी. प्रधानमंत्री के निवास जैसे संवेदनशील स्थान के सामने बिना किसी नोटिस के प्रदर्शन करना गलत है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि नीट पेपर लीक मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है.
सरकार को बच्चों से बात करनी चाहिए-उद्धव ठाकरे
हम राजनीति में किस के लिए लड़ रहे हैं वो ये बच्चे है. सरकार ने बच्चों के साथ बातचीत करनी चाहिए वैसे ही विपक्ष ने आपस में बातचीत करनी चाहिए.सभी लोगों ने हम तुम करने बजाए एकसाथ आकर काम करना होगा.
आज विपक्ष का संसद मार्च
संसद में मकर द्वार से गांधी प्रतिमा तक मार्च करेंगे विपक्षी सांसद , थोड़ी में शुरू होगा प्रदर्शन. कांग्रेस पार्टी ने भी कल धरना और प्रदर्शन किया था. आज विपक्षी सांसदों का मार्च.
पीएम नरेंद्र मोदी संसद भवन पहुंचे
पीएम नरेंद्र मोदी संसद की कार्यवाही में भाग लेने के लिए संसद भवन पहुंच गए हैं. पीएम मोदी थोड़ी देर में वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात करेंगे. बताया जा रहा है कि इसमें संसद की रणनीति पर होगी चर्चा होगी. पीएमओ में राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह अभी प्रधानमंत्री कार्यालय में मौजूद. सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार विपक्षी दलों से लगातार बातचीत कर रही है.
सरकार नीट पेपर लीक पर करेगी चर्चा
सरकार दोनों सदनों में नीट पर बहस की शुरुआत करने की कोशिश करेगी,किस नियम के तहत हो इस पर स्पीकर विपक्ष से मिलकर तय करेंगे.
CJP प्रोटेस्ट पर उद्धव से मुलाकात करेंगे अरविंद केजरीवाल
बता दें कि आज अरविंद केजरीवाल उद्धव ठाकरे से मिलेंगे. ये बैठक संजय राउत के घर पर होगी. क्रॉकोच जनता पार्टी के आंदोलन पर चर्चा होगी.
सीपीएम ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज पर की चर्चा की मांग
सीपीएम सांसद डॉ. वी शिवदासन ने राज्यसभा अध्यक्ष को नियम 267 के तहत नोटिस देकर मांग की कि सदन परीक्षा के संचालन में व्यापक अनियमितताओं और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा किए गए क्रूर हमले पर चर्चा करें.
Congress Protest: कांग्रेस के सांसद आज काले कपड़े पहनकर करेंगे संसद में प्रदर्शन
कांग्रेस सांसद संसद में काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करेंगे.सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री मोदी के आवास के बाहर धरने पर बैठे विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य सांसदों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में काले कपड़े पहनकर संसद भवन पहुंचेंगे. विपक्षी नेताओं की बैठक सुबह 10 बजे खरगे के चैंबर में बैठक भी आज होने वाली है.