विज्ञापन

गर्लफ्रेंड को आईफोन करना था गिफ्ट, नाबालिग चुराने लगे डिजाइनर नलों की महंगी टोटियां

नागपुर में दो नाबालिगों ने अपनी गर्लफ्रेंड को महंगा iPhone गिफ्ट करने के लिए एक गोदाम से 6.5 लाख रुपये के लग्जरी डिजाइनर नल चुरा लिए.

गर्लफ्रेंड को आईफोन करना था गिफ्ट, नाबालिग चुराने लगे डिजाइनर नलों की महंगी टोटियां
iPhone gift crime Nagpur: नागपुर पुलिस ने चोरी के आरोप में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया
Nagpur Police Twitter
  • नागपुर के कलमना क्षेत्र में एक गोदाम से 11 लाख रुपये से ज्यादा के लग्जरी सेनेटरी प्रोजेक्ट चोरी
  • पुलिस ने करीब 30 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से मिली सूचना पर स्पेशल टीम बनाई
  • चोरी के मुख्य आरोपी के साथ दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गई

महाराष्ट्र के नागपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अपनी प्रेमिका को महंगा आईफोन गिफ्ट करने के लिए दो नाबालिगों ने गोदाम से लग्जरी डिजाइनर नल चोरी कर लिए. नागपुर शहर की कलमना पुलिस की जांच टीम ने 12 घंटे के भीतर इस चोरी का पर्दाफाश कर दिया है और चोरी गए माल में से 6.5 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली है.

छत की टिन उखाड़ गोदाम में हुए थे दाखिल

जानकारी के अनुसार, लकड़गंज निवासी राहुल जयचंद बत्रा का चिखली कलमना के दालमिल रोड पर 'राहुल सिरामिक्स प्रा. लिमिटेड' नाम से टाइल्स, सेनेटरी और सीपी फिटिंग का गोदाम है. 27 से 28 मई 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने गोदाम की छत के टिन उखाड़ी और अंदर दाखिल हो गए. चोरों ने वहां से कुल 11,39,710 रुपये के महंगे और लग्जरी सेनेटरी उत्पाद चोरी कर लिए. इस मामले में राहुल बत्रा की शिकायत पर कलमना पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था.

पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष जांच टीम का गठन किया. इस टीम ने तकनीकी और खुफिया जानकारी का इस्तेमाल करते हुए जांच शुरू की. पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के इलाके के करीब 20 से 35 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला. स्थानीय मुखबिरों से संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई. पुख्ता गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और संदिग्धों को हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने इस मामले में एक मुख्य आरोपी के साथ दो नाबालिगों को हिरासत में लिया. जब इन नाबालिगों से कड़ी पूछताछ की गई, तो उन्होंने चोरी के पीछे की जो वजह बताई उसे सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. दोनों ने कबूल किया कि वे अपनी गर्लफ्रेंड को एक महंगा आईफोन खरीदकर देना चाहते थे, जिसके लिए उन्हें पैसों की सख्त जरूरत थी. इसी चाहत में उन्होंने इस गोदाम को निशाना बनाया.

उन्होंने बताया कि चोरी किए गए लग्जरी डिजाइनर नल उन्होंने एक फेरीवाले को महज 20 हजार रुपये में बेच दिए थे. पुलिस ने इस मामले में सामान खरीदने वाले 38 साल के मुख्य आरोपी इरफान अली उर्फ इम्मु रमजान अली को गिरफ्तार किया है, जबकि दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है.

यह भी पढ़ें: फोटो में दिख रहे लोगों को पहचानों और 5 हजार रुपये ले जाओ, औरंगाबाद पुलिस कर रही अपील

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com