- मौलाना सलीम को CM योगी की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में बिहार के पूर्णिया से गिरफ्तार किया गया
- पुलिस मौलाना अब्दुल्ला सलीम को बिहार से उत्तर प्रदेश लेकर आ गई है और बलरामपुर में पहले से मामला दर्ज है
- बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बांसडीह कोतवाली में मौलाना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी
सीएम योगी आदित्यनाथ की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना मौलाना अब्दुल्ला सलीम को महंगा पड़ गया है. मौलाना को बिहार के पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जा रहा है यूपी STF उसे बिहार से गोरखपुर लेकर आई है. अभी ये मालूम नहीं कि मौलाना को पूछताछ के लिए गोरखपुर में ही रखा जाएगा या लखनऊ ले जाया जाएगा. वहीं इस बारे में पुलिस ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के बारे में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मौलवी के खिलाफ देश के कई हिस्सों में शिकायतें दर्ज की गईं थी. जबकि पुलिस ने कहा था कि बलरामपुर जिले में पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है.
ये भी पढ़ें : CM योगी की मां पर शर्मनाक टिप्पणी करने वाले मौलाना पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार! UP के 83 थानों में FIR दर्ज
मौलाना का ओवैसी पार्टी से गहरा नाता
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार, फिलहाल उत्तर प्रदेश पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है. यूपी STF ने सोमवार को बिहार से मौलाना को पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया. मौलाना मौलाना बिहार के अररिया जोकीहाट का रहने वाला है, जिसका AIMIM से भी गहरा नाता बताया जा रहा है. मौलाना ने रमजान के महीने में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर टिप्पणी की, जिसके बाद उनका वीडियो तेजी से वायरल हुआ.
मौलाना पर कार्रवाई की मांग
बलिया में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने बांसडीह कोतवाली थाने में मौलवी मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ मामला दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी. तब थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि शिकायत सोमवार को मिली और पुलिस मामले की जांच कर रही है. एक अन्य घटनाक्रम में, अलीगढ़ जिले के खैर से भाजपा विधायक सुरेंद्र दिलेर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मौलवी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी.
ये भी पढ़ें: बिहार के मौलाना के बिगड़े बोल, CM योगी की मां पर की विवादित टिप्पणी, लखनऊ में लोगों ने फूंका पुतला
मौलाना अब्दुल्ला सलीम कौन?
मौलाना अब्दुल्ला सलीम, बिहार, बंगाल और यूपी के बड़े मुस्लिम धर्मगुरुओं में शामिल हैं. उन्होंने अपनी तकरीर के दौरान योगी की मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की. दरअसल तंज कसते हुए मौलाना ने कहा था कि यूपी में अगर किसी के पास सिर्फ 250 ग्राम मांस भी मिल जाए, तो प्रशासन उसे अपराधी समझ लेता है और उसके खिलाफ सख्त एक्शन लेता है. इस दौरान उन्होंने सीएम योगी की मां को भी इसमें घसीट लिया. जिसके बाद मौलाना का जमकर विरोध हो रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं