विज्ञापन
This Article is From Aug 17, 2025

महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन होंगे NDA के उप-राष्ट्रपति उम्मीदवार, जानिए कैसे हुआ चयन?

महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ कई नेताओं की बैठक में इस पर सहमति बनी. जिसके बाद नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका ऐलान किया.

PM मोदी के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन.
  • सीपी राधाकृष्णन को NDA ने उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है, वो अभी में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं.
  • राधाकृष्णन ने झारखंड और तेलंगाना में भी राज्यपाल के रूप में कार्य किया है. उनका राजनीतिक अनुभव 40 साल का है.
  • वे दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं और तमिलनाडु में भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में सक्रिय रहे हैं.

C. P. Radhakrishnan Profile: महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे. रविवार को इसकी घोषणा कर दी गई. रविवार को नई दिल्ली में पार्लियामेंट्री बोर्ड की मीटिंग के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राधाकृष्णन की उम्मीदवारी की घोषणा की. नड्डा ने बताया कि राधाकृष्णन अभी महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं. इससे पहले वो झारखंड में भी राज्यपाल रहे हैं. तेलगाना के गर्वनर का भी चार्ज इनके पास रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि इनके पास 40 साल के राजनैतिक जीवन का अनुभव है. वो दो बार लोकसभा के सांसद भी रहे हैं.

चन्द्रपुरम पोनुस्वामी राधाकृष्णन (C. P. Radhakrishnan) का जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तिरुप्पुर, तमिलनाडु में हुआ. वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रहे हैं और अभी महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं.

सीपी राधाकृष्णन का कैसे किया गया चयन

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद से देश के अगले उपराष्ट्रपति पद के लिए योग्य उम्मीदवार की तलाश चल रही थी. धनखड़ के अंतिम समय में सरकार के साथ उनकी तल्खी को लेकर यह तय हो गया था कि इस बार बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा को मानने वाले किसी नेता को उम्मीदवार चुना जाएगा. 

परिवार के साथ सिद्धिविनायक मंदिर में सीपी राधाकृष्णन.

परिवार के साथ सिद्धिविनायक मंदिर में सीपी राधाकृष्णन.

7 तारीख को NDA के सभी फ्लोर लीडर की बैठक में इस बात का फैसला लिया गया कि उपराष्ट्रपति के उम्मीदवार का चयन पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे. जिसके बाद भाजपा आलाकमान ने उम्मीदवार की तलाश शुरू की. रविवार को दिल्ली में करीब 2 घंटे तक चली पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी.

फिर एनडीए के सभी सहयोगी दलों से राधाकृष्णन की उम्मीदवारी के बारे में बताया गया. साथ ही यह बताया गया कि उन्हें ही क्यों चुना जा रहा है. इसके बाद जेपी नड्डा ने सीपी राधाकृष्णन के नाम की घोषणा की. 

अब 21 अगस्त को सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन करेंगे. उनके नामाकंन में NDA के सभी बड़े नेता शामिल होंगे. उससे पहले 20 अगस्त को एनडीए की एक बैठक भी होगी. 

सीपी राधाकृष्णन की राजनीतिक यात्रा

  • राज्यपाल पद
  • महाराष्ट्र: 31 जुलाई 2024 से राज्यपाल.
  • झारखंड: 18 फरवरी 2023 से 30 जुलाई 2024 तक राज्यपाल.
  • तेलंगाना: मार्च से जुलाई 2024 तक अतिरिक्त प्रभार.
  • पुदुच्चेरी: मार्च से अगस्त 2024 तक उपराज्यपाल (अतिरिक्त प्रभार).
  • सांसद
  • 1998 और 1999 में कोयम्बटूर लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए.
  • भाजपा संगठन में भूमिका
  • 2003 से 2006 तक तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष रहे.
  • आरएसएस और जनसंघ से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की.
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ सीपी राधाकृष्णन की पुरानी तस्वीर.

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ सीपी राधाकृष्णन की पुरानी तस्वीर.

सीपी राधाकृष्णन के उल्लेखनीय पहल

  • 2004–2007 के दौरान भाजपा तमिलनाडु अध्यक्ष रहते हुए 93 दिन की रथ यात्रा निकाली, जिसका उद्देश्य था—
  • नदियों का आपस में जोड़ना
  • आतंकवाद विरोध
  • अस्पृश्यता (अछूत प्रथा) का उन्मूलन
  • संसद में वस्त्र उद्योग पर स्थायी समिति के अध्यक्ष रहे.
  • कई वित्तीय और सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़ी समितियों में काम किया.

शैक्षिक पृष्ठभूमि

• बी.बी.ए. (व्यवसाय प्रशासन स्नातक), वी.ओ. चिदंबरम कॉलेज, कोयम्बटूर से.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CP Radhakrishnan, Vice President, Vice President Election 2025, CP Radhakrishnan Profile
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com