विज्ञापन

कहीं अफवाह तो कहीं शॉर्टेज का डर... दिल्ली से कोटा और कोटा से मुंबई तक, LPG को लेकर मचा है हाहाकार

पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते बाधित हुई सप्लाई ने देश के चूल्हों को ठंडा कर दिया है. दिल्ली से बिहार तक LPG की भारी किल्लत के बीच सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए सख्त ECA लागू कर दिया है.

कहीं अफवाह तो कहीं शॉर्टेज का डर... दिल्ली से कोटा और कोटा से मुंबई तक, LPG को लेकर मचा है हाहाकार

देश में LPG सिलेंडर की मारामारी अब एक बड़े संकट का रूप ले चुकी है. वाराणसी के प्रसाद से लेकर कोटा के मेस तक, गैस की कमी ने रफ्तार रोक दी है. इसकी मुख्य वजह मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होना है, जहां से भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर LPG आयात करता है. सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए सख्त कानून लागू कर दिया है. लेकिन शहरों में हाल खराब होते जा रहे हैं. आइए जानते हैं अलग-अलग शहरों के क्या हैं हालात.

भोपाल में 1500 रुपये में मिल रहा सिलेंडर
MP की राजधानी भोपाल में LPG गैस का काला बाजार चल रहा है. NDTV के स्टिंग ऑपरेशन में राजधानी के अशोका गार्डन इलाके में एक ऐसे रैकेट का पर्दाफाश हुआ है, जहां आम आदमी की मजबूरी को भुनाया जा रहा है और चूल्हा सुधारने वाली दुकानों से खुलेआम दोगुने दामों पर सिलेंडर बेचकर अवैध रीफिलिंग का खेल खेला जा रहा है.

रोहतास में घरेलू एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर छापेमारी, 10 सिलेंडर जब्त
बिहार के रोहतास जिले में घरेलू एलपीजी गैस की कालाबाजारी को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है. बुधवार को सासाराम शहर के जक्की शहीद मोहल्ले में प्रशासन की टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए घरेलू गैस सिलेंडरों का बड़ा भंडार पकड़ा. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

Latest and Breaking News on NDTV

सासाराम में गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ता
इधर सासाराम शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर भी उपभोक्ता परेशान नजर आ रहे हैं. गैस एजेंसियों पर पहुंचने के बाद भी लोगों को आसानी से गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिसके कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस लेने के लिए एजेंसी पर पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी कार्यालय के पास एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ है, लेकिन वह नंबर भी अक्सर नहीं लग रहा है.

दिल्ली के होटलों को नहीं मिल रहे LPG सिलेंडर
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी से दिल्ली का पहाड़गंज होटल व्यवसाय भी जूझ रहा है. पहाड़गंज होटल महासंघ का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर मिल नहीं रहे हैं लेकिन जो मिल भी रहा है वो मंहगा बिक रहा है. कई होटल वालों ने इंडक्शन चूल्हे खरीदने का निर्णय लिया है.

कानपुर में रसोई गैस के लिए हाहाकार
कानपुर शहर में पिछले तीन दिनों से रसोई गैस LPG की भारी किल्लत ने आम आदमी की रसोई का बजट और सुकून दोनों बिगाड़ दिया है. एक तरफ सरकार दावा कर रही है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी तरफ कानपुर की गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें इन दावों की हकीकत बयां कर रही हैं. लोग खाली सिलेंडर लिए सुबह से शाम तक गोदामों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं.

मध्य प्रदेश में LPG सिलेंडर बुकिंग के नियम कड़े
ईरान-इजराइल संघर्ष का असर अब मध्यप्रदेश में भी दिखाई देने लगा है. जहां एक तरफ पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और पीएनजी का करीब सात दिन का स्टॉक बताया जा रहा है, वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडरों को लेकर भी सावधानी बरती जा रही है. सिलेंडर बुकिंग के नियम कड़े कर दिए गए हैं अब बुकिंग केवल रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही की जा सकेगी, एक महीने में सिर्फ एक ही सिलेंडर बुक होगा और दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिन का अंतर रखना होगा. इस बीच कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें भी देखने को मिल रही हैं. कई लोग अपने कार्यस्थल से आधे दिन की छुट्टी लेकर सिलेंडर लेने पहुंचे, जिससे लोगों में संभावित संकट को लेकर चिंता भी साफ नजर आई.

Latest and Breaking News on NDTV

IRCTC ने माइक्रोवेव और इंडक्शन के इस्तेमाल के दिए निर्देश
एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच IRCTC ने अपने कैटरिंग यूनिट्स को कुछ निर्देश दिए हैं.पश्चिम एशिया में चल रहे अंतरराष्ट्रीय संघर्ष के कारण कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इसलिए रेलवे स्टेशनों के फूड प्लाजा, रिफ्रेशमेंट रूम और जन आहार में खाना-पानी की सेवा बंद नहीं होनी चाहिए. IRCTC ने निर्देश दिया है कि अगर LPG की कमी हो तो माइक्रोवेव और इंडक्शन जैसे दूसरे कुकिंग तरीकों का इस्तेमाल करें.

कटिहार में LPG की लाइन में लगी लड़की हुई बेहोश
कटिहार में गैस के किल्लत जैसी अफवाह की स्थिति अब लोगों की जान पर बनी आई हैं. शहर के सती गैस एजेंसी से पर एक लड़की गैस सिलेंडर लेने गई थी और देर तक कतार में लगने के बाद जब गैस नहीं मिली तो लड़की बेहोश हो गई. प्राथमिक इलाज के बाद लड़की होश में आ गई फिर उसे घर भेज दिया गया. पूरे बिहार में गैस की किल्लत कि स्थिति को लेकर अफवाह फैली हुई है.

ईरान-इजरायल युद्ध की अफवाह से भागलपुर में 'गैस पैनिक'
पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच गहराते सैन्य तनाव की आंच अब भागलपुर की रसोई तक पहुंचती दिख रही है।.युद्ध के कारण देशभर में एलपीजी आपूर्ति ठप होने की उड़ती अफवाहों ने शहर में इस कदर अफरा-तफरी मचाई कि सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा. लोग अपने जरूरी कामकाज छोड़कर अहले सुबह से ही खाली सिलेंडर लेकर लंबी कतारों में खड़े हो गए, जिससे शहर के कई इलाकों में मेले जैसा नजारा देखने को मिला.

सुपौल में LPG गैस की किल्लत पर लोगों ने लगाया जाम
बिहार के सुपौल जिले में LPG गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर फूट पड़ा. गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने त्रिवेणीगंज-पिपरा सड़क मार्ग पर NH-327E को जाम कर जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कुछ देर तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा.

कोटा: राजस्थान के कोटा में LPG सिलेंडर की कमी से कोचिंग सेंटरों और मेस ऑपरेटरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
भोपाल:  मध्यप्रदेश के भोपाल में कमर्शियल और घरेलू दोनों तरह के उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी का माहौल है.
मुंबई और बेंगलुरु: कमर्शियल सिलेंडर की भारी कमी के कारण लगभग 20% होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं. कई ने अपना मेन्यू सीमित कर दिया है या लकड़ी के चूल्हों का सहारा ले रहे हैं.
वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रसाद की थाली में कटौती की गई है.
कोटा और लखनऊ: कोचिंग सेंटरों और मेस ऑपरेटरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लखनऊ में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं.
भोपाल और चंडीगढ़: कमर्शियल और घरेलू दोनों तरह के उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी का माहौल है.

यह भी पढ़ें: दुनिया के किन देशों में गैस का सबसे बड़ा भंडार, सऊदी अरब-कतर नहीं तो कहां से खरीदेगा भारत, 33 करोड़ LPG ग्राहक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
LPG Crisis, LPG Crisis In India, LPG Crisis India, Lpg Crisis Middle East Conflict, LPG Crisis Rumors
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com