बिहार के सहरसा में ईंट-भट्ठा मालिक ने महिला मजदूर को गोली मार दी. गोली महिला के जांघ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी. आनन-फानन में उसे अस्पताल भेजा गया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है. आरोप है कि महिला मजूदर भट्ठा मालिक के कमरे में नहीं गई, इसलिए गोली मारी. असम से आए मजदूरों ने कहा कि मालिक रोज रात में उनकी पत्नी या बेटी को अपने कमरे में भेजने का दबाव बनाता है, मना करने पर उसके साथ मारपीट करता है. शिकायत मिलते ही पुलिस ने भट्ठा पर छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
रात 2 बजे मजदूर की पत्नी को बुलाया
सदर थाने में मौजूद महिला असम के मजदूर हैं. वे यहां ईंट-भट्ठे में मजदूरी करने आए हैं. शहर से सटे हटियागाछी स्थित एक चिमनी में काम करते थे, और वहीं रहते भी थे. मजदूरों का आरोप है कि रविवार रात चिमनी का मालिक औवेश करनी उर्फ चुन्ना रोज 2 बजे रात को उनके कमरे के पास आकर उन्हें जगाया, और पत्नी या बेटी को उसके कमरे में भेजने की बात कही. इस दौरान उसने उसकी बेटी से बदसलूकी भी की, और पत्नी के मना करने पर उसे गोली मार दी.
JCB में बांधकर मारने की धमकी देता था
मजदूर ने कहा कि यह सिर्फ कल रात की बात नहीं है. चिमनी मालिक चुन्ना रोज देर रात किसी न किसी मजदूर को जगाता है, और पत्नी या बेटी को उसके कमरे में भेजने को कहता है. मना करने पर जेसीबी में बांधकर मारने की धमकी देता है. कहा कि कुछ महीने पहले उनके चाचा को ऐसे ही मारा था. उसके बाद वे यहां से भाग गए.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सहरसा के डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि गोली मारने की शिकायत मिलते ही पुलिस ने चिमनी पर छापेमारी किया, और वहां मजदूरी कर रही कई लड़कियों का रेस्क्यू भी किया. एक महिला मजदूर को गोली मारने की बात सामने आयी है. महिला का इलाज कराया जा रहा है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 6 दिनों के लिए छुट्टी पर जा रहे हैं मुंबई के मशहूर डब्बावाले, मुंबईकरों से संघ ने की ये भावुक अपील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं