महाराष्ट्र के पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस की मुख्य आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें रूबी हॉल क्लीनिक ले जाया गया. मेडिकल स्टाफ ने उन्हें ICU में भर्ती किया है. बताया जा रहा है कि केतन मर्डर केस की चल रही जांच के बहुत ज्यादा तनाव के कारण उन्हें हार्ट अटैक आया.
उनकी हालत पर नजर रखने और ICU के आस-पास के इलाके की सुरक्षा के लिए अस्पताल परिसर में कड़ी निगरानी का इंतजाम किया गया है. अधिकारियों ने परिवार को कड़ी निगरानी में रखा है, जबकि डॉक्टर लगातार आरोपी के पिता की रिकवरी और सेहत से जुड़े पैरामीटर्स पर नजर रख रहे हैं.
केतन अग्रवाल की 18 जून को हत्या हो गई थी. शुरुआत में इसे हादसा बताया गया था. बाद में छानबीन में सामने आया कि ये हादसा नहीं हत्या थी. पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है.
यह भी पढ़ेंः केतन मर्डर: सिया और चेतन का CCTV फुटेज आया सामने, हत्या करने से पहले कैफे में करते दिखे प्लानिंग
केतन हत्याकांड में नया मोड़
केतन अग्रवाल हत्याकांड में गुरुवार को उस वक्त नया मोड़ आ गया है, जब पुलिस ने चेतन चौधरी के दोस्त नीरज चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले और घटना वाले दिन नीरज की क्या भूमिका रही थी.
पुलिस के अनुसार, जिस दिन लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान कथित तौर पर केतन की हत्या हुई, उस दिन चेतन चौधरी अपना मोबाइल फोन घर या दुकान पर छोड़कर गया था. उसकी जगह वह नीरज कुमार का फोन अपने साथ लेकर गया था. जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के दिन चेतन चौधरी और सह-आरोपी सिया गोयल एक-दूसरे के संपर्क में नीरज के मोबाइल फोन के जरिए थे.
चेतन के चाचा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि चेतन अपना फोन दुकान पर छोड़कर गया था और नीरज का फोन लेकर गया था. उन्होंने कहा कि चेतन और नीरज अक्सर बातचीत और अन्य कामों के लिए एक-दूसरे के फोन का इस्तेमाल करते थे. नीरज पिछले तीन-चार सालों से उनके यहां काम कर रहा है और परिवार के काफी करीब माना जाता है.
यह भी पढ़ेंः राजा रघुवंशी, केतन अग्रवाल, सौरभ राजपूत... देश में 100 में से 10 कत्ल की वजह मोहब्बत; जानलेवा बन रहा ये इश्क?
पुलिस का खुलासा- दो बार नाकाम कोशिश के बाद हत्या
इस मामले में एसपी संदीप गिल ने मामले की जांच से जुड़ी अहम जानकारियां दी. उन्होंने कहा कि केतन और सिया 31 मई को पुणे के लोनावला स्थित लोहागढ़ किले पर गए थे. केतन को ट्रेकिंग का शौक था. उस दिन और अगले कुछ दिनों में दोनों आरोपियों के मन में यह ख्याल आया कि केतन को उस जगह से नीचे धकेला जा सकता है.
उन्होंने बताया कि दो बार नाकाम कोशिश के बाद केतन की हत्या हुई थी. एसपी ने बताया कि फिर 4 बजे, उन्होंने किले पर वापस जाने की योजना बनाई. हालांकि, उस दिन ऐसा संभव नहीं हो पाया. फिर 18 जून को इस वारदात को अंजाम दिया गया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिया और चेतन ने पिछले छह महीने में एक-दूसरे को 2,004 बार फोन किया और कुल 238 घंटे बातचीत की. दोनों के बीच फोन पर कई बार दो-तीन घंटे से ज्यादा समय तक भी बातचीत हुई. पुलिस को शक है कि सिया और चेतन के बीच इतनी ज्यादा बातचीत का संबंध केतन की हत्या की साजिश से हो सकता है.
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि घटना वाले दिन सिया और चेतन लोहागढ़ किला जाने से पहले एक कैफे में मिले थे और उन्होंने केतन को खत्म करने की साजिश को अंतिम रूप दिया था.
यह भी पढ़ेंः सिया, सोनम, मुस्कान…क़ातिल पत्नियों की ख़बर से इतर डेटा दिखाता है बिल्कुल अलग पिक्चर!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं