विज्ञापन

हाथियों की लड़ाई में चपेट में आई महिला टूरिस्ट, कुचलने से मौत, कर्नाटक वाइल्डलाइफ कैंप का खौफनाक वीडियो

कर्नाटक के एक वाइल्डलाइफ कैंप में एक हाथी महिला टूरिस्ट के ऊपर गिर पड़ा. इससे महिला टूरिस्ट की मौत हो गई. हादसा तब हुआ, जब दो हाथी आपस में लड़ रहे थे.

कोडागु:

कर्नाटक के कोडागु जिले से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक वाइल्डलाइफ कैंप में एक महिला टूरिस्ट की मौत हो गई. महिला हाथियों को नहाते हुए देख रही थी, तभी दो हाथियों की लड़ाई होने लगी और वह एक हाथी के नीचे आ गई. हाथी के नीचे आने से महिला की कुचलकर मौत हो गई. कर्नाटक के कोडागु जिले में दुबारे हाथी कैंप में यह दुर्घटना हुई.

महिला टूरिस्ट की पहचान 33 साल की ज्यूनेश के रूप में हुई है, जो चेन्नई की रहने वाली थीं. वह दुबारे हाथी कैंप में हाथियों को नहाते हुए देख रही थीं, तभी यह दुर्घटना हुई. हाथियों के नहाने के दौरान 'कंचन' नाम के एक हाथी ने दूसरे हाथी 'मार्तंडा' पर हमला कर दिया. हाथियों को काबू करने की महावतों की सारी कोशिशें नाकाम रहीं.

लड़ाई के कारण एक हाथी का संतुलन बिगड़ गया और वह उस महिला के ऊपर गिर पड़ा. उठने की लगातार कोशिश में 'मार्तंडा' हाथी ने महिला को और भी ज्यादा कुचल दिया.

कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर बी. खंड्रे ने महिला की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों को जंगली जानवरों के आस-पास सुरक्षा के कड़े नियमों को लागू करने का भी निर्देश दिया है. 

उन्होंने कहा कि भले ही बंदी हाथियों को ट्रेन्ड किया जाता है, फिर भी जानवरों के बर्ताव का अनुमान लगाना मुश्किल होता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पर्यटकों को हाथियों की सूंड छूने, फोटो खिंचवाने के लिए उनके करीब खड़े होने, हाथियों को नहलाने या उन्हें खाना खिलाने से रोकें. उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि पर्यटक हर समय हाथियों और अन्य वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें.

पिछले महीने, छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक जंगली हाथी ने 55 वर्षीय एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला था. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी, क्योंकि वह हाथी अगले कुछ दिनों तक इलाके में आजाद घूमता रहा.

इससे पहले मार्च में, उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतरनियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के पास एक नर हाथी ने 80 वर्षीय एक महिला को कुचलकर मार डाला था. ग्रामीणों ने बताया कि उसी नर हाथी ने उस सुबह उससे पहले पास के एक खेत में फसलों को भी नुकसान पहुंचाया था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com