- कर्नाटक के विजयपुरा जिले के गोविंदपुर गांव में पुरानी जमीन विवाद के चलते छह लोगों की बेरहमी से हत्या की गई
- हमलावरों ने पहले ताबड़तोड़ फायरिंग की और फिर धारदार हथियारों से पीड़ितों को काट डाला
- मृतकों की पहचान निराले और नदाफ परिवार के सदस्यों के रूप में हुई है, जो सभी उसी गांव के निवासी थे
कर्नाटक के विजयपुरा जिले से एक बेहद ही दिल दहला देने वाली सामूहिक हत्याकांड की घटना सामने आई है. यहां के चड़चण तालुक के गोविंदपुर गांव में पुरानी दुश्मनी और जमीन के विवाद ने ऐसा खूनी रूप अख्तियार किया कि छह लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया. हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पीड़ितों पर पहले ताबड़तोड़ फायरिंग की और जब इतने से भी मन नहीं भरा, तो उन्हें धारदार हथियारों से बेरहमी से काट डाला.
पुरानी रंजिश बनी कत्लेआम की वजह
शुरुआती पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गोविंदपुर गांव के ही रहने वाले निराले और गोलागी परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर कानूनी और सामाजिक विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते घात लगाए बैठे हमलावरों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. मृतकों की पहचान चंदू निराले, दुंडप्पा निराले, शिवपुत्र निराले, राहुल निराले, समर्थ निराले और शब्बीर नदाफ के रूप में हुई है. ये सभी मृतक गोविंदपुर गांव के ही निवासी थे.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
इस सामूहिक हत्याकांड की भनक लगते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और तनाव का माहौल पैदा हो गया. वारदात की सूचना मिलते ही विजयपुरा के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबार्गी भारी पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. एसपी निंबार्गी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चड़चण थाना क्षेत्र के तहत छह लोगों की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है.
शुरुआती शक गोलागी परिवार के सदस्यों पर जताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया है. गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.
यह भी पढ़ें- साहेब! गांजा उगा लूं क्या? प्याज के घाटे से टूटे किसान ने प्रशासन से मांगी अनोखी इजाजत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं