बिहार के मधेपुरा जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया. जिले के चौसा थाना क्षेत्र के घोषई पंचायत अंतर्गत अरसंडी गांव वार्ड संख्या-10 में शुक्रवार सुबह एक बहू ने कथित रूप से अपनी ही सास की हत्या कर दी. मृतका की पहचान प्रमिला देवी( 68) के रूप में हुई है.
बहू को गाली देने से किया था मना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे प्रमिला देवी अपने घर के दरवाजे के पास उगे घास-पतवार की सफाई कर रही थीं. इसी दौरान उनकी बहू राजो देवी, पति तूफानी यादव, अपने बच्चे को किसी बात पर गंदी-गंदी गालियां दे रहे थे. जिसे सुनकर सास प्रमिला ने बहू को बच्चे के सामने अपशब्दों का प्रयोग करने से मना किया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
बहू ने गुस्से में जमीन पर पटका सास का सिर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि राजो देवी ने प्रमिला देवी के बाल पकड़कर सड़क की पक्की जमीन पर पटक दिया. जान बचाने के लिए प्रमिला देवी शोर मचाते हुए सड़क की ओर भागीं, लेकिन आरोप है कि बहू ने उनका पीछा कर लकड़ी के पीढ़िया से उनके सिर पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से प्रमिला देवी अचेत होकर गिर गईं.
अस्पताल में इलाज के ौरान थमीं सांसे
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल प्रमिला देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान एवं एएसआई शैलेंद्र कुमार रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है.
जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने बताया कि घटना के संबंध में एक महिला को हिरासत में लिया गया है. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश एवं चर्चा है.
यह भी पढ़ें: Bihar: मधेपुरा के सरकारी स्कूल के छात्र 19 साल से कर रहे छत का इंतजार, आंधी के बाद मलबे से निकले जहरीले सांप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं