विज्ञापन

कर्नाटक: हाथी कैंप में महिला की मौत के बाद सरकार सख्त, हाथियों को खाना खिलाने और सेल्फी लेने पर रोक

कर्नाटक के कोडागु जिले में हाथी कैंप में महिला पर्यटक की मौत के बाद सरकार सख्त हो गई है. दुबारे कैंप में हुए हादसे के बाद अब हाथियों के पास जाने, खाना खिलाने और सेल्फी लेने पर रोक लगा दी गई है. नए नियमों के तहत टूरिस्ट 100 फीट दूर से ही हाथियों को देख सकेंगे.

कर्नाटक: हाथी कैंप में महिला की मौत के बाद सरकार सख्त, हाथियों को खाना खिलाने और सेल्फी लेने पर रोक

Karnataka Elephant Camp Accident: कर्नाटक के कोडागु जिले में हुए दर्दनाक हादसे के बाद सरकार सख्त हो गई है. हाथी कैंप में एक महिला पर्यटक की मौत के बाद अब बड़े फैसले लिए गए हैं. सरकार ने साफ कर दिया है कि अब हाथियों के पास जाना, उन्हें खाना खिलाना या उनके साथ सेल्फी लेना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा. इस घटना ने जंगल पर्यटन में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

रीतू माहेश्वरी की रिपोर्ट...

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

दुबारे हाथी कैंप में यह हादसा उस वक्त हुआ जब चेन्नई की रहने वाली 33 साल की ज्यूनेश हाथियों को नहाते हुए देख रही थीं. अचानक दो हाथियों के बीच लड़ाई शुरू हो गई. एक हाथी ‘कंचन' ने ‘मार्तंडा' पर हमला कर दिया. इस दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि एक हाथी का संतुलन बिगड़ गया और वह महिला के ऊपर आ गिरा.

हाथी के नीचे आने से गई जान

हाथी के गिरते ही महिला बुरी तरह कुचल गईं. बताया जा रहा है कि उठने की कोशिश में हाथी ने उन्हें और ज्यादा दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. महावतों ने दोनों हाथियों को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

100 फीट दूर से ही देख सकेंगे टूरिस्ट

इस हादसे के बाद कर्नाटक सरकार ने तुरंत कड़े कदम उठाए हैं. वन और पर्यावरण मंत्री ईश्वर बी. खांड्रे ने सभी हाथी कैंपों में सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं. नए आदेश के मुताबिक अब पर्यटक हाथियों को कम से कम 100 फीट की दूरी से ही देख पाएंगे. किसी भी व्यक्ति को हाथियों के पास जाने की अनुमति नहीं होगी. यह नियम सभी कैंपों में अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा.

सेल्फी और खाना खिलाने पर रोक

सरकार ने हाथियों के साथ सेल्फी लेने और उन्हें खाना खिलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. पहले पर्यटक हाथियों को केला, गुड़ और गन्ना खिलाते थे, लेकिन अब इस पर सख्त प्रतिबंध रहेगा. वन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि हाथी कैंपों के लिए नया स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार किया जाए. इसके अलावा जंगलों में ट्रेकिंग गतिविधियों को भी फिलहाल रोक दिया गया है, जब तक उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती.

सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

इस घटना के बाद साफ हो गया है कि वाइल्डलाइफ टूरिज्म में छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है. सरकार अब ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है, ताकि भविष्य में किसी और को अपनी जान न गंवानी पड़े.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka Elephant Camp Accident, Dubare Elephant Camp News, Wildlife Tourist Death India, Karnataka Breaking News Today, Elephant Camp Safety Rules
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com