- गुरुग्राम हॉरर केस के मुख्य आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा जिले से गिरफ्तार किया गया है
- आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने के लिए पेशाब करने का बहाना बनाया और भागने का प्रयास किया था
- भागने की कोशिश के दौरान आरोपी को गिरने से चोटें आईं, जिनका अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया
गुरुग्राम हॉरर केस के आरोपी कल्याण बैसला को पुलिस ने राजस्थान के दौसा से अरेस्ट किया है. इस दौरान जानकारी मिली है कि वह पुलिस की हिरासत से भागने की कोशिश में था. पुलिस ने बताया कि उसने पेशाब के बहाने गाड़ी रुकवाई थी और फिर भागने की कोशिश करने लगा. पुलिस ने बताया, 'आरोपी को काबू करने के बाद आरोपी द्वारा पेशाब करने के बहाने पुलिस से भागने की कोशिश की गई, जिसमें आरोपी को गिरने से कुछ चोटें आई हैं. इसके बाद अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाया गया है.' आरोपी के पास से वह कार भी बरामद कर ली गई है, जिससे उसने घटना को अंजाम दिया था. यह मारुति सियाज कार उसके एक दोस्त के नाम पर रजिस्टर्ड है.
पुलिस का कहना है कि गुरुग्राम की सड़क पर महिला बाइक राइडर को बुरी तरह टक्कर मारने वाला कल्याण बैसला दौसा से अरेस्ट हुआ है. पुलिस का कहना है कि क्राइम ब्रांच सोहना, गुरुग्राम की टीम ने कार्यवाही करते हुए आरोपी को दौसा-राजगढ़ के बीच राजस्थान से गिरफ्तार किया. आरोपी की पहचान कल्याण बैंसला के रूप में हुई है. वह पलवल के चांदहट का रहने वाला है और उसकी उम्र 33 वर्ष है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमों गठित की थीं. पुलिस का कहना है कि जल्दी ही इसे अदालत में पेश किया जाएगा.
इस मामले की जांच कर रही पुलिस टीम का कहना है कि मीडिया चैनल को बाइट देकर कल्याण बैसला फरार हो गया था. उसने इस दौरान अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें बनाई थीं और अंत में उसे राजस्थान के दौसा से पकड़ा गया. पुलिस का कहना है कि इस घटना की जांच के लिए कई सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई है. इसके आधार पर ही कई सख्त धाराएं जोड़ी गई हैं. इनमें से एक हत्या के प्रयास की धारा भी है. बता दें कि इस मामले में पुलिस ने कल्याण बैसला के एक दोस्त लवनीश को भी अरेस्ट किया है. वह भी उस दौरान कार में ही मौजूद था और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का उस पर भी आरोप है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं