रील बनाने का जुनून कई बार युवाओं पर बहुत भारी पड़ जाता है. झारखंड के रांची में एक युवती ने रेलवे ट्रैक पर रील बनाने के चक्कर में अपने दोनों हाथ गंवा दिए. सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का चस्का उसे जीवनभर का दर्द दे गया. हुआ कुछ यूं कि 19 साल की पूर्णिमा कुमारी गढ़वा जिला के नगर-उटारी रेलखंड पर रेलवे ट्रैक के पास दोस्तों के साथ वीडियो बना रही थी. इसी दौरान वह सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं.
ट्रेन की चपेट में आई रील बना रही लड़की
इस हादसे में लड़की के दोनों हाथ कटकर अलग हो गए, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं. गंभीर हालत में उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. घटना मंगलवार की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, पूर्णिमा कुमारी कुछ दोस्तों के साथ रईसा स्थित रेलवे लाइन के पास गई थीं. सभी लोग मोबाइल फोन से Reel बनाने में व्यस्त थे. इसी दौरान रांची की ओर से आ रही रांची-चोपन एक्सप्रेस की चपेट में पूर्णिमा आ गईं.
लड़की के दोनों हाथ कट गए
पूर्णिमा ट्रेन की रफ्तार और दूरी का सही से अंदाजा नहीं लगा सकीं. ट्रेन की चपेट में आने से उनके दोनों हाथ कटकर अलग हो गए.हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.साथ मौजूद दोस्तों ने गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर्स ने इसका इलाज शुरू किया. हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. हादसे की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे.
व्यूज के लिए जान जोखिम में डालना कितना खतरनाक?
यह हादसा सोशल मीडिया पर वीडियो और Reel बनाने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है. रेलवे ट्रैक, नदी, झरने, ऊंची इमारत या अन्य खतरनाक स्थानों पर वीडियो बनाने की कोशिश कई बार लोगों की जान पर भारी पड़ चुकी है.
रेलवे ट्रैक पर रील बनाने से पहले सावधान
रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की रफ्तार और उसकी दूरी का सही अनुमान लगाना बेहद मुश्किल होता है. ऐसे में महज कुछ लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स के लिए अपनी जिंदगी को जोखिम में डालना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है.पूर्णिमा के साथ हुआ हादसा अन्य युवाओं के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है कि सोशल मीडिया कंटेंट के लिए अपनी जान को खतरे में न डालें और रेलवे ट्रैक जैसे प्रतिबंधित और जोखिम वाले स्थानों से पूरी तरह दूर रहें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं