विज्ञापन
This Article is From Nov 20, 2018

कश्मीर: शोपियां में आतंकियों से मुठभेड़ में एक जवान शहीद, चार आतंकी ढेर

सेना को इलाके में आतंकी मौजूद होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया था.

Also Read in
कश्मीर: शोपियां में आतंकियों से मुठभेड़ में एक जवान शहीद, चार आतंकी ढेर
  • सेना को मिली थी आतंकियों के मौजूद होने की जानकारी.
  • एनकाउंटर में सेना का एक जवान भी शहीद
  • जख्मी जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया, वहीं सेना ने चार आतंकियों को मार गिराया.  मुठभेड़ में सेना के दो अन्य जवान घायल भी हुए हैं. पुलिस और सुरक्षाबलों को शोपियां जिले के नादिगाम में आतंकियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने तड़के उस इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. छुपे हुए आतंकियों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने आतंकियों की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया. दोनों तरफ से हो रही गोलीबारी में पैरा कमांडो विजय को गोली लग गई, जिसमें वह जख्मी हो गए. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान हवलदार विजय ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

वहीं दूसरी ओर सुरक्षाबलों ने चार आतंकियों को भी ढेर कर दिया. मारे गए आतंकियों की पहचान आबिद नजीर, बशरत नेंगरू, मेहराज-उद-दीन नजर और मलिक जदा इनाम उल हक के रूप में हुई है. ये सभी आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन से जुड़े हुए थे. मारे गए आतंकी इस क्षेत्र में सेना से जुड़े संस्थानों पर हमला करने और नागरिकों पर अत्याचार में शामिल रहे हैं. मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नागरिकों को उस इलाके से दूर रहने के लिए कहा गया, जहां एनकाउंटर हुआ है. सुरक्षाबलों का कहना है कि उस क्षेत्र में अभी भी विस्फोटक सामग्री हो सकती है, ऐसे में वहां जाना खतरनाक हो सकता है. उस इलाके से विस्फोटक सामग्री हटाने के लिए लोगों से पुलिस का सहयोग करने के लिए कहा गया है.

वहीं न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक पाकिस्तान ने पुंछ सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया है. पुंछ ब्रिगेड हेडक्वार्टर के पास तीन गोले दागे गए हैं.

महाराष्ट्र: पुराना विस्फोटक नष्ट करते समय वर्धा के सेना डिपो में विस्फोट, 3 की मौत, कई जख्मी

बता दें, सेना की मुखबिरी करने की आशंका पर आतंकी कश्मीर में नागरिकों की हत्या कर रहे हैं. हालही में आतंकियों ने शोपियां जिले में एक 19 साल के शख्स का अपहरण करके उसकी हत्या कर दी थी. आतंकियों ने उस पर सेना के मुखबिर होने का आरोप लगाया था. इससे दो दिन पहले पुलवामा में एक युवक की हत्या कर दी गई थी. शोपियां में मारे गए हुजैफ अशरफ का शव दक्षिण कश्मीर के हरमाईं गांव के एक बगीचे से शव मिला जिसका गला कटा हुआ था. पुलिस ने बताया था कि आतंकियों ने इस पहले सफानगरी क्षेत्र के निवासी नदीम मंजूर का गुरुवार की रात अपहरण करने के बाद हत्या कर दी थी. उधर, हिजबुल मुजाहिदीन ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें आतंकियों को एक युवक की हत्या करते हुए दिखाया गया है. जिसे कथित तौर पर सेना का मुखबिर बताया गया. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि आतंकी नदीम मंजूर को गोलियां मार रहे हैं.

(इनपुट: एएनआई)

बडगाम में दो आतंकी ढेर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shopian Encounter, Jammu Kashmir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com