विज्ञापन
This Article is From Mar 02, 2026

ईरान‑इजरायल तनाव का असर, महाराष्ट्र से राजस्थान तक के सैंकड़ों लोग खाड़ी देशों में अटके

पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र बंद होने और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक के कारण दुबई, अबू धाबी और अन्य खाड़ी शहरों में सैकड़ों भारतीय फंस गए हैं. अलग‑अलग राज्यों से जुड़े पर्यटक, मजदूर, छात्र और धार्मिक यात्रा पर गए लोग फिलहाल अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं. 

ईरान‑इजरायल तनाव का असर, महाराष्ट्र से राजस्थान तक के सैंकड़ों लोग खाड़ी देशों में अटके
  • इजरायल-US और ईरान के बीच सैन्य टकराव के कारण पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र बंद होने से कई भारतीय फंस गए हैं.
  • महाराष्ट्र के धुले जिले के पर्यटक दुबई में फंसे हुए हैं और उनकी वापसी की उड़ान रद्द कर दी गई है.
  • MP और छत्तीसगढ़ के कई लोग ईरान और खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं, जिनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला भी शामिल हैं.
नई दिल्‍ली:

इजरायल‑अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव का सीधा असर अब भारतीय नागरिकों पर भी साफ दिखने लगा है. पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र बंद होने और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक के कारण दुबई, अबू धाबी और अन्य खाड़ी शहरों में सैकड़ों भारतीय फंस गए हैं. अलग‑अलग राज्यों से जुड़े पर्यटक, मजदूर, छात्र और धार्मिक यात्रा पर गए लोग फिलहाल अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं. 

महाराष्ट्र के धुले जिले के पर्यटकों का एक समूह दुबई में फंसा हुआ है. यह लोग एक कंपनी ट्रिप के सिलसिले में दुबई पहुंचे थे और उनकी वापसी 3 मार्च को तय थी. हालांकि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई के बाद हवाई क्षेत्र बंद होने से उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई. एहतियात के तौर पर पूरा ग्रुप दुबई के एक होटल में रुका हुआ है. टूर ऑर्गनाइजर और स्थानीय अधिकारी लगातार उनके संपर्क में हैं और आगे के निर्देश दे रहे हैं. 

ये भी पढ़ें: खामेनेई के अंतिम संस्कार में उमड़ सकता है जनसैलाब, खुमैनी के अंतिम संस्‍कार में जुटे थे एक करोड़ लोग 

मध्‍य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के लोग भी फंसे 

ईरान और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं. इनमें अकेले मध्य प्रदेश से 100 से ज्यादा लोग शामिल बताए जा रहे हैं. महाकाल मंदिर के एक पुजारी और इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला दुबई में फंस गए हैं. उन्हें उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद ही विमान से उतरना पड़ा, जब हवाई सेवाएं अचानक रोकी गईं. एक वीडियो सामने आया है, जिसमें संजय शुक्ला दावा कर रहे हैं कि दुबई एयरपोर्ट के पास भी धमाका हुआ है और लगातार ड्रोन हमले तथा अलार्म की स्थिति बनी हुई है. 

इसके अलावा ईरान में फंसे मध्य प्रदेश‑छत्तीसगढ़ के नागरिकों और यहां की एक्सपोर्ट इंडस्ट्री पर भी इस संघर्ष का असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. खामेनेई की मौत के बाद भोपाल में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला, जिससे माहौल और संवेदनशील हो गया है. 

राजस्‍थान के 100 से ज्‍यादा लोग फंसे

राजस्थान से भी बड़ी संख्या में लोग खाड़ी देशों में अटके हैं. जोधपुर के बड़े रामद्वारा के दो संतों सहित करीब 120 श्रद्धालु दुबई में फंसे हुए हैं. वहीं, कोटा के तीन छात्र अबू धाबी में और चित्तौड़गढ़ का एक निवासी दुबई में फंसा हुआ है. सभी लोग उड़ानें बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं. 

चिराग पासवान ने दिया भरोसा 

इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खाड़ी संकट पर भरोसा दिलाया है. उन्होंने कहा कि भले ही फिलहाल एयरबेस बंद हैं, लेकिन सरकार वैकल्पिक रास्तों से फंसे हुए भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने बिहार के करीब 300 मजदूरों के फंसे होने पर चिंता जताते हुए कहा कि हर एक व्यक्ति को सुरक्षित भारत लाया जाएगा. उन्होंने यूक्रेन युद्ध के दौरान किए गए सफल रेस्क्यू ऑपरेशन का हवाला देते हुए भारत की कूटनीतिक ताकत पर भरोसा जताया. 

कुल मिलाकर, पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर अब भारत के कई राज्यों तक पहुंच चुका है और हजारों परिवार अपने परिजनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Stranded Abroad, Middle East Crisis, Dubai Abu Dhabi Flights
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com