विज्ञापन

अवैध संबंध या कुछ और... युवक पर कोयते से हमला कर लहूलुहान करने वाले पति-पत्‍नी गिरफ्तार

नासिक में पति-पत्नी ने युवक सूरज सोलंकी पर कोयते से हमला किया, जिसके बाद वे फरार हो गए. पुलिस जांच कर रही है कि हमला आर्थिक विवाद से जुड़ा था या इसमें और लोग शामिल थे.

अवैध संबंध या कुछ और... युवक पर कोयते से हमला कर लहूलुहान करने वाले पति-पत्‍नी गिरफ्तार
  • नासिक के विल्होली इलाके में पति-पत्नी ने मिलकर सूरज सोलंकी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था
  • मुख्य आरोपी हनुमंत शिंदे और उसकी पत्नी साधना शिंदे को नासिक-अहिल्यानगर सीमा से पुलिस ने गिरफ्तार किया है
  • हमले के पीछे हनुमंत को अपनी पत्नी और सूरज के बीच अवैध संबंध होने का शक था, जो विवाद की वजह बनी
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नासिक:

महाराष्‍ट्र के नासिक में एक युवक पर पति-पत्‍नी ने मिलकर धारदार हथियार से हमला किया था. इसके बाद वे फरार हो गए थे, अब ये दोनों पुलिस के हत्‍थे चढ़ गए हैं. नासिक के विल्होली इलाके में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपियों पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हनुमंत शिंदे और उसकी पत्नी साधना शिंदे को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को नासिक और अहिल्यानगर (अहमदनगर) जिले की सीमावर्ती इलाके से हिरासत में लिया गया.

अवैध संबंधों का शक

पति-पत्नी ने मिलकर सूरज सोलंकी नामक युवक की जान लेने की कोशिश की थी. हमले के दौरान कोयते का इस्तेमाल किया गया था, जिससे सूरज सोलंकी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है. सूरज सोलंकी पर हुए इस हमले के पीछे अवैध संबंधों का शक मुख्य वजह बताई जा रही है. मुख्य आरोपी हनुमंत शिंदे को संदेह था कि पीड़ित सूरज सोलंकी के उसकी पत्नी साधना शिंदे के साथ अवैध संबंध हैं. इसी शक के चलते उनके बीच पहले भी कहासुनी हुई थी.

कोयते से ताबड़तोड़ वार

बुधवार 15 अप्रैल को हनुमंत और साधना ने मिलकर सूरज को ठिकाने लगाने की योजना बनाई. उन्होंने सूरज पर कोयते से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. नासिक ग्रामीण पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिए दोनों का पीछा किया और उन्हें नासिक-अहिल्यानगर सीमा से तब पकड़ा, जब वे भागने की फिराक में थे.

ये भी पढ़ें :- नासिक में 10वीं का पेपर देकर निकले छात्र पर 10-15 युवकों का जानलेवा हमला

कहीं आर्थिक विवाद तो नहीं था?

फिलहाल, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले में और भी लोग शामिल थे या इसके पीछे कोई और आर्थिक विवाद तो नहीं था? सूरज सोलंकी की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है. नासिक ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटील ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.  

ये भी पढ़ें :- मालेगांव में मामूली विवाद जानलेवा हमले में बदला, दुकानदार पर लोहे की रॉड से हमला, 4 गिरफ्तार 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com