- तेलंगाना ईगल टास्क फोर्स और पुलिस ने हैदराबाद के रिसॉर्ट में जैक जॉनसन के म्यूजिक कार्यक्रम में छापेमारी की.
- छापेमारी के दौरान 35 लोगों का यूरिन टेस्ट लिया गया. इनमें से 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
- अधिकारियों ने कहा कि छापेमारी के वक्त कार्यक्रम में फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग मौजूद थे.
तेलंगाना की ईगल टास्क फोर्स और पुलिस ने हैदराबाद के एक रिसॉर्ट में शनिवार देर रात छापेमारी की. उस वक्त रिसोर्ट में अमेरिकी गायक और गीतकार जैक जॉनसन का म्यूजिक कार्यक्रम चल रहा था. यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई, जिसमें आशंका जताई गई थी कि इस हाई‑प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान नशीले पदार्थों का सेवन किया जा सकता है. अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में कई फिल्मी हस्तियां और सेलिब्रिटी मौजूद थे. छापेमारी के दौरान छह 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
हैदराबाद में ड्रग्स के कथित दुरुपयोग पर शिकंजा कसने के लिए शहर के नाइटलाइफ स्पॉट्स और म्यूजिक इवेंट्स पर निगरानी बढ़ा दी गई है. इस छापेमारी के दौरान ईगल टीमों ने स्थानीय पुलिस और नारकोटिक्स अधिकारियों के साथ मिलकर कार्यक्रम को बाधित किए बिना रिसॉर्ट परिसर में जांच की.

6 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया
सूत्रों के अनुसार, मौके पर उपलब्ध ड्रग टेस्टिंग किट की मदद से करीब 35 लोगों के यूरिन का टेस्ट किया गया. इनमें से छह लोगों में नशीले पदार्थों के सेवन की आशंका सामने आई, जिसके बाद उन्हें आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल पॉजिटिव पाए गए लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है.

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि छापेमारी के वक्त कार्यक्रम में फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई नामी लोग मौजूद थे. इसके साथ ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि प्रतिबंधित ड्रग्स कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचे.

EAGLE की ओर से चलाया जा रहा है अभियान
यह कार्रवाई तेलंगाना सरकार के एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट (EAGLE) द्वारा चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है. इस अभियान के तहत हैदराबाद के पब, रिसॉर्ट और सेलिब्रिटी इवेंट्स में ड्रग्स के कथित दुरुपयोग पर शिकंजा कसा जा रहा है. हाल के दिनों में शहर के नाइटलाइफ स्पॉट्स और म्यूजिक इवेंट्स पर निगरानी काफी बढ़ा दी गई है.
इससे पहले, इसी हफ्ते कोंडापुर के एक पब में अंतरराष्ट्रीय डीजे इवेंट के दौरान छापेमारी में सात लोग ड्रग्स टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे.
अधिकारियों ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट की पुष्टि के बाद एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किए जा सकते हैं. मामले की जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं