Balasore News: ओडिशा (Odisha) के बालासोर (Balasore) जिले से एक रूह कपां देने वाली घटना सामने आई है. यहां के बस्ता थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चक्र दा गांव में आधी रात को कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर सोते हुए पति-पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की. इस जानलेवा हमले में दंपती गंभीर रूप से झुलस गया. दोनों को बेहद नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, चक्र दा गांव के रहने वाले विजय बेहरा और उनकी पत्नी आरती बेहरा मंगलवार की रात को रोजाना की तरह खाना खाकर सो रहे थे. तभी आधी रात के आस-पास बदमाशों ने उनके घर का दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए. इससे पहले कि सोते हुए दंपती कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उनके बिस्तर पर पेट्रोल छिड़का और माचिस मारकर आग लगा दी. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
चीख पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसी
आग की लपटों के बीच घिरे पति-पत्नी की चीख पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे. पड़ोसियों ने किसी तरह अंदर घुसकर दोनों को आग से बाहर निकाला. दंपती को तुरंत बस्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. हालांकि, दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज के बाद उन्हें बालासोर के एम्स (AIIMS) अस्पताल में रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि आरती बेहरा करीब 70% तक झुलस चुकी हैं और उनकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है.
बेटे के प्रेम प्रसंग का बदला?
इस दर्दनाक घटना के पीछे परिवार ने रंजिश और बदले की आशंका जताई है. परिजनों का आरोप है कि दंपती का बेटा पापू, सदर ब्लॉक के बदाधानदी गांव की एक लड़की के साथ घर से भाग गया था और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था. पीड़ित परिवार को पूरा शक है कि लड़की के घरवालों ने इस शादी से नाराज होकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया है और सोते हुए माता-पिता पर जानलेवा हमला करवाया.
यह भी पढ़ें- Punjab News: पंजाब में दादा-दादी की आंखों के सामने से साढ़े 4 साल की बच्ची का अपहरण, रोंगटे खड़े कर देगा CCTV फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही बस्ता थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पड़ोसियों के बयान भी दर्ज किए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है. हमलावरों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं