- हरियाणा के पंचकूला जिले के मोरनी में एक बस के ब्रेक फेल हो गए. इस दौरान बस में करीब 50 बच्चे सवार थे.
- बस में सवार बच्चे महेंद्रगढ़ और नारनौल से एडवेंचर गतिविधियों के बाद पिंजौर लौट रहे थे.
- ड्राइवर नरेंद्र पाल ने बस को खाई की ओर जाने से बचाते हुए पहाड़ी दिशा में मोड़कर बड़ा हादसा टाल दिया.
हरियाणा के पंचकूला जिले के हिल स्टेशन मोरनी में शनिवार सुबह बच्चों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई. बस के ब्रेक फेल हो गए थे. हालांकि ड्राइवर की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया. इस दुर्घटना के वक्त बस में 50 बच्चे सवार थे. इनमें से करीब 20 बच्चों को मामूली चोटें आई हैं. घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10 बजे की है. हरियाणा के महेंद्रगढ़ और नारनौल से आए स्कूली बच्चे मोरनी में एडवेंचर गतिविधियों के बाद पिंजौर लौट रहे थे. इसी दौरान पहाड़ी रास्ते पर बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिससे बस अनियंत्रित हो गई.

ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
बस ड्राइवर नरेंद्र पाल ने हालात को भांपते हुए मौके पर बड़ी समझदारी दिखाई. उन्होंने ब्रेक फेल होने के बाद बस को खाई की ओर जाने से बचाते हुए पहाड़ की दिशा में मोड़ दिया, जिससे बस कम गति से पहाड़ से टकरा गई और आगे जाकर के रुक गई. इस कारण से बड़ा हादसा टल गया. इससे पहले उन्होंने बस में सवार बच्चों को सतर्क भी किया और उन्हें खिड़कियों और सीटों को मजबूती से पकड़ने के लिए कहा.

बच्चों को अस्पताल में कराया भर्ती
इस हादसे में 20 बच्चों को चोटें आई हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी. बस में सवार बच्चों को तुरंत दूसरी बस के माध्यम से पंचकूला के सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार कुछ बच्चों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं