विज्ञापन
This Article is From Jun 28, 2017

'घूंघट' को बढ़ावा देने वाले हरियाणा सरकार के विवादित विज्ञापन पर बवाल, रेसलर गीता फोगाट ने यूं जताई प्रतिक्रिया..

विपक्ष के लोगों का कहना है कि यह भाजपा सरकार की 'पिछड़ी' सोच को दिखाता है.

'घूंघट' को बढ़ावा देने वाले हरियाणा सरकार के विवादित विज्ञापन पर बवाल, रेसलर गीता फोगाट ने यूं जताई प्रतिक्रिया..
हरियाणा सरकार की पत्रिका संवाद के इस विज्ञापन पर विवाद खड़ा हो गया है.
  • हरियाणा सरकार की पत्रिका में घूंघट की तारीफ की गई
  • गीता बोलीं, ऐसी सोच के कारण ही महिलाएं आगे नहीं बढ़ पातीं
  • विवाद बढ़ने के बाद बीजेपी नेता अनिल विज ने दी सफाई
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार की एक पत्रिका में छपी तस्वीर के साथ लगे कैप्शन में 'घूंघट' को 'राज्य की पहचान' बताया गया है, जिससे विवाद पैदा हो गया है. विपक्ष के लोगों का कहना है कि यह भाजपा सरकार की 'पिछड़ी' सोच को दिखाता है. कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स में स्‍वर्ण पदक जीतने वाली हरियाणा की स्‍टार रेसलर गीता फोगाट ने इस विज्ञापन को उस मानसिकता की उपज बताया है जिसके कारण लड़कियों को आगे आने का का मौका नहीं मिल पाता. गौरतलब है कि 28 वर्षीय रेसलर गीता फोगाट के जीवन की कहानी को बॉलीवुड की ब्‍लॉक बस्‍टर फिल्‍म 'दंगल' में दिखाया गया है.

NDTV से बातचीत करते हुए गीता ने कहा कि 'हम उस स्‍थान से हैं जहां लड़कियों को परदे में रखा जाता है. उन्‍हें इससे बाहर आने...स्‍कूल जाने की इजाजत भी नहीं होती.' उन्‍होंने कहा मेरे पिता ने हमें इस स्थिति से बाहर निकाला और हमें उस मुकाम तक पहुंचाने में मदद की, जहां हम हैं. फ्री स्‍टाइल रेसलर गीता ने कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स 2010 में में देश के लिए स्‍वर्ण पदक जीता था. उन्‍होंने कहा कि परदे के पीछे रहने वाली महिलाएं नहीं बल्कि परदे से बाहर आकर अपनी अलग पहचान बनाने वाले महिलाएं हरियाणा का गौरव हैं जैसे कि मानुषी छिल्‍लर, जिन्‍होंने इस वर्ष मिस इंडिया का खिताब जीता है.  हालांकि वरिष्ठ मंत्री अनिल विज ने विपक्ष के इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महिला सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठाए हैं और वह इस बात का समर्थन नहीं कर रही कि महिलाओं को 'घूंघट' रखने के लिए विवश किया जाना चाहिए.

कृषि संवाद नामक पत्रिका के हालिया अंक में घूंघट वाली महिला की तस्वीर छपी है. महिला अपने सिर पर चारा लेकर जा रही है और कैप्शन में लिखा है, ''घूंघट की आन-बान, म्हारे हरियाणा की पहचान''. यह पत्रिका राज्य सरकार की मासिक पत्रिका हरियाणा संवाद की एक परिशिष्ट है.पत्रिका के मुख्य पृष्ठ पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की तस्वीर छपी है.

महिला की तस्वीर के साथ छपे कैप्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यह सत्‍ताधारी भाजपा सरकार की पिछड़ी हुई सोच दिखाता है. हुड्डा ने कहा, ''यह भाजपा सरकार की पिछड़ी सोच दिखाता है. हरियाणा की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे हैं. तीन ही दिन पहले राज्य की एक युवती को मिस इंडिया का ताज पहनाया गया. राज्य की लड़कियों ने खेलों और अन्य क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ी है. भारत में जन्मी अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री दिवंगत कल्पना चावला हरियाणा से ही थीं.'' हाल ही में हरियाणा की लड़की मानुषी चिल्लर को फेमिना मिस इंडिया 2017 का ताज पहनाया गया. (एजेंसी भाषा से भी इनपुट)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana Ad Controversy, Manohar Lal Khattar, Anil Vij, Bhupinder Hooda, Haryana Veil Ad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com