विज्ञापन

गुवाहाटी होटल शूटआउट में 6 लोगों को मारने वाला मुख्य आरोपी घनाकांत गोगोई मारा गया; शिवसागर में पुलिस एनकाउंटर

गुवाहाटी के चर्चित होटल बिलास इन शूटआउट मामले के आरोपी घनाकांत गोगोई की शिवसागर में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हिरासत से भागने और पुलिस पर हमला करने की कोशिश की थी.

गुवाहाटी होटल शूटआउट में 6 लोगों को मारने वाला मुख्य आरोपी घनाकांत गोगोई मारा गया; शिवसागर में पुलिस एनकाउंटर
गुवाहाटी होटल शूटआउट का आरोपी घनाकांत गोगोई पुलिस एनकाउंटर में मारा गया
NDTV
  • असम में हाई-प्रोफाइल शूटआउट केस का आरोपी एनकाउंटर में मारा गया
  • होटल बिलास इन हत्याकांड का आरोपी शिवसागर ले जाते समय भागने की कोशिश की थी
  • पुलिस पर हमले के बाद हुई जवाबी कार्रवाई, आरोपी की मौत
गुवाहाटी:

असम के चर्चित गुवाहाटी होटल बिलास इन शूटआउट मामले के मुख्य आरोपी घनाकांत गोगोई की बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, गोगोई को एक लंबित मामले में गुवाहाटी से शिवसागर लाया जा रहा था. इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस दल पर हमला कर हिरासत से भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ है.

तड़के 3 बजे के आसपास हुई मुठभेड़

NDTV को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ बुधवार सुबह करीब 3:10 बजे शिवसागर जिले के फुलपानीचिगा क्षेत्र में रंगमोन ढाबा के पास हुई. उस समय पुलिस घनाकांत गोगोई को गुवाहाटी से शिवसागर लेकर जा रही थी. बताया गया है कि रास्ते में गोगोई ने वाहन रुकवाने के लिए प्राकृतिक जरूरत का हवाला दिया. इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने की कोशिश की.

कैसे हुई पूरी घटना

SSP पापोरी चेतिया ने गुवाहाटी होटल फायरिंग मामले के आरोपी घनाकांत गोगोई के एनकाउंटर के बारे में बताया. उन्होंने कहा, घनाकांत ने कहा कि उसे पेशाब करना है. इसके बाद उसने हमारे एक पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीन ली और भागने की कोशिश की. उन्होंने आगे कहा, घनाकांत ने तीन राउंड फायरिंग की. घनाकांत की आपराधिक प्रवृत्ति और हथियारों के इस्तेमाल को देखते हुए तथा पुलिसकर्मियों की जान बचाने के लिए एक अन्य पुलिस अधिकारी ने उस पर गोली चलाई. गुवाहाटी होटल गोलीकांड में पांच लोगों की हत्या के आरोपी घनाकांत गोगोई की उस समय मौत हो गई, जब उसे गुवाहाटी से शिवसागर ले जाया जा रहा था.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी को रोकने के लिए पुलिस ने गोली चलाई. गोली लगने से गोगोई गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. शिवसागर सिविल अस्पताल के इमरजेंसी विभाग के डॉक्टर ने बताया कि घनाकांत गोगोई को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था. डॉक्टर के अनुसार उसके सीने के बीचों-बीच गोली लगी थी, जो शरीर को आर-पार कर गई थी.

एक पुलिस अधिकारी भी घायल

मुठभेड़ के दौरान शिवसागर टाउन पुलिस थाने के उपनिरीक्षक देवाशीष शर्मा भी घायल हो गए. पुलिस ने फिलहाल घायल अधिकारी के उपचार और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

जेल रिमांड से निकलकर पुलिस कस्टडी में आया था

जानकारी के मुताबिक घनाकांत गोगोई को मंगलवार को गुवाहाटी की एक अदालत ने सात दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा था. इसके बाद शिवसागर पुलिस ने उसे एक पुराने लंबित मामले में अपनी हिरासत में लिया था. इसी सिलसिले में उसे रात के समय गुवाहाटी से शिवसागर ले जाया जा रहा था.

होटल बिलास इन शूटआउट से जुड़ा था मामला

घनाकांत गोगोई पिछले सप्ताह गुवाहाटी के होटल बिलास इन में हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना का मुख्य आरोपी था. पुलिस के अनुसार उसने अपने लाइसेंसी पिस्टल से छह लोगों को गोली मारी थी. इस गोलीबारी में होटल मालिक हेलेना भराली, उनके बेटे, बहू, भाई और परिवार के एक देखभालकर्ता की मौत हो गई थी. परिवार का एक ड्राइवर हमले में बच गया था.

होटल लीज विवाद बना था वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि होटल बिलास इन को लेकर लीज समझौते के विवाद के चलते गोलीबारी हुई थी. गोगोई ने होटल को हेलेना भराली से लीज पर लिया था और दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद के बाद होटल में हिंसक घटना हुई थी.

आगे की जांच जारी

घनाकांत गोगोई की मौत के बाद अब पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी घटनाक्रम की जांच कर रही है. वहीं होटल बिलास इन शूटआउट मामले की विवेचना भी जारी रहेगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ और मूल मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.

यह भी पढ़ें : रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड: मुख्य आरोपी आगरा से गिरफ्तार, भोपाल लाते समय शॉर्ट एनकाउंटर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Guwahati Hotel Shootout, Sivasagar, Police Encounter, Ghanakanta Gogoi, Assam Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com