- गुरुग्राम के सुशांत लोक ए-ब्लॉक में बीती रात हुई मुठभेड़ में करीब 60 राउंड गोलियां चली.
- इसमें दीपक नांदल गैंग के चार बदमाशों ढेर हुए. ये सभी एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने आए थे.
- पुलिस ने बताया कि मारे गए एक बदमाश पर 18 तो एक अन्य पर पहले से दो केस दर्ज थे.
Gurugram Encounter: गुरुग्राम में बीती रात पुलिस एनकाउंटर में जिन 4 बदमाशों की मौत हुई, वे सभी हरियाणा के कुख्यात बदमाश दीपक नांदल गैंग (Deepak Nandal) से जुड़े थे. गायक बने गैंगस्टर बने दीपक नांदल की खुद की कहानी बेहद फिल्मी है. वह अभी विदेश में रहकर हरियाणा में अपने शूटरों के जरिए आपराधिक वारदात को अंजाम देता है. गुरुग्राम के सुशांत लोक ए-ब्लॉक में हुई इस मुठभेड़ में करीब 60 राउंड गोलियां चली, जिसमें दीपक नांदल गैंग के चार शूटर मारे गए. एक बदमाश घायल है. जबकि पुलिस के तीन जवान भी घायल हुए, जिसमे एक ASI भी शामिल हैं. बताया गया कि ये सभी बदमाश गुरुग्राम के एक बिल्डर से करोड़ों की रंगदारी वसूलने आए थे.
किससे रंगदारी वसूलने आए थे बदमाश
पुलिस ने बताया कि दीपक नांदल के गिरोह के जिन चार बदमाशों की गुरुग्राम मुठभेड़ में मौत हुई, वे कारोबारी विशाल बेरी से कई करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने आए थे. विशाल बेरी गुरुग्राम के सुशांत लोक ए-ब्लॉक में रहते हैं. उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का काम है. विशाल बेरी के पिता SGT यूनिवर्सिटी के संस्थापक हैं.

घटनास्थल के आस-पास मौजूद एक मकान की खिड़की पर गोली के निशान.
Photo Credit: PTI
विशाल बेरी से की जा रही थी रंगदारी की मांग
पुलिस के अनुसार, बेरी को लंबे समय से विदेश में बैठे वांछित गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से रंगदारी के संदेश मिल रहे थे. उसके गिरोह के सदस्यों ने झज्जर जिले के मूल निवासी और प्रॉपर्टी कारोबारी बेरी से कई करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की थी. पुलिस प्रेस नोट के अनुसार बदमाश जिस स्कॉर्पियो से थे, उसकी नंबर प्लेटों को काली टेप से ढका गया था.
मारे गए चार में तीन बदमाश रोहतक के
पुलिस के अनुसार, मारे गए चार बदमाशों में से तीन रोहतक जिले के निवासी थे, जबकि चौथा फतेहाबाद का रहने वाला था. गिरोह का घायल सदस्य शिवम है, जो नूंह जिले के कोटा बिसार गांव का निवासी है. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से बदमाशों की काले रंग की एसयूवी और कई अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

घटनास्थल पर मामले की छानबीन में जुटी पुलिस की टीम.
Photo Credit: PTI
गुरुग्राम एनकाउंटर में मारे गए बदमाशों की पहचान
- दीपा उर्फ संदीप निवासी जिला फतेहाबाद
- आर्यन निवासी जिला रोहतक
- नितिन निवासी जिला रोहतक
- अंकित निवासी जिला रोहतक
घायल बदमाश की पहचान मेवात के शिवम के रूप में हुई है.
बदमाशों का अपराधिक रिकॉर्ड
शुरुआती जांच में पता चला कि मारे गए शूटर दीपा उर्फ संदीप के खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संगीन अपराधों से सम्बन्धित 14 केस दर्ज है. वहीं शूटर नितिन के खिलाफ हत्या का प्रयास और अवैध हथियार रखने के सम्बन्ध में दो केस रोहतक में दर्ज है. पुलिस टीम द्वारा अन्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड को गहनता से खंगाला जा रहा है.
विशाल बेरी को उन्हीं के घर में बना रखा था बंधक
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, दीपक नांदल गिरोह के पांचों बदमाशों ने विशाल बेरी को उनके घर में कथित तौर पर बंधक बना दिया था. घटना के समय बेरी घर पर अकेले थे. पुलिस के मुताबिक, यह घटना रात करीब साढ़े 11 बजे हुई. पुलिस नियंत्रण कक्ष से अपराध शाखा की टीम को सूचना मिली कि हथियारों से लैस कुछ संदिग्ध बदमाश एक एसयूवी में घूम रहे हैं. जब तक पुलिस दल सुशांत लोक क्षेत्र में पहुंचे, तब तक बदमाश कथित तौर पर अत्याधुनिक हथियारों से विशाल बेरी के घर पर गोलीबारी शुरू कर चुके थे.
सरेंडर करने की अपील की तो गोली चलाने लगे
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों से आत्मसमर्पण करने की अपील की, लेकिन उन्होंने पुलिस पर ही गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद हुई जवाबी गोलीबारी में चार बदमाश मारे गए और एक घायल हो गया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशाल बेरी को सुरक्षित बचा लिया गया.
कौन है दीपक नांदेल, जिसके 4 शूटर गुरुग्राम एनकाउंटर में ढेर हुए?@vikasbha | @anushkagarg2000 | #Gurugram pic.twitter.com/n7ufJvshLA
— NDTV India (@ndtvindia) July 10, 2026
ASI सुनील सहित कांस्टेबल मंजीत और शमशेर घायल
गोली लगने से घायल तीन पुलिसकर्मियों की पहचान अपराध शाखा सेक्टर-40 के एएसआई सुनील, कांस्टेबल मंजीत और कांस्टेबल शमशेर के रूप में हुई है. उन्हें उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानिए कौन है गैंग्स्टर दीपक नांदल
दीपक नांदल कभी हरियाणवी संगीत उद्योग का एक चर्चित चेहरा था. बाद में उसका नाम दिल्ली और हरियाणा में रंगदारी, हत्या, अपहरण और फिरौती जैसी कई आपराधिक वारदातों से जुड़ गया. पुलिस का आरोप है कि नांदल विदेश में रहकर अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित करता है और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने गिरोह में शामिल करता है.
उसके संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन और कनाडा जैसे देशों में सक्रिय होने की भी जानकारी है. दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की पुलिस लंबे समय से दीपक नांदल की तलाश कर रही है.
यह भी पढे़ं - गायक से गैंगस्टर बने दीपक नांदल की फिल्मी कहानी जिसके चार शूटर गुरुग्राम में हुए ढेर
यह भी पढ़ें - गुरुग्राम एनकाउंटरः 60 राउंड फायरिंग और दीपक नांदल गैंग के 4 शूटर ढेर... पुलिस एक्शन की कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं