विज्ञापन

गाजियाबाद मर्डर केस: सूर्या की हत्या के लिए आरोपी असद को उसके पिता ने ही उकसाया था

गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड में पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी असद को उसके पिता नवाब ने कथित तौर पर हत्या के लिए उकसाया था. नवाब को असद और सूर्या की दोस्ती पसंद नहीं थी. इस मामले में नवाब पहले ही गिरफ्तार हो चुका है.

गाजियाबाद मर्डर केस: सूर्या की हत्या के लिए आरोपी असद को उसके पिता ने ही उकसाया था
सूर्या चौहान (L), हत्यारा असद (R)
NDTV
नई दिल्ली:

गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान एक नया खुलासा सामने आया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले के मुख्य आरोपी असद को हत्या के लिए उसके पिता नवाब ने कथित तौर पर उकसाया था. जांच में पता चला है कि नवाब को अपने बेटे असद की दोस्ती सूर्या चौहान के साथ पसंद नहीं थी और वह लगातार इस रिश्ते को लेकर नाराज रहता था.

पुलिस की अब तक की जांच के अनुसार, नवाब ने असद के मन में सूर्या के प्रति नफरत भरने का काम किया. समय के साथ यह नाराजगी और कटुता बढ़ती गई, जिसके बाद असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया. इस मामले में नवाब की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है.

Latest and Breaking News on NDTV

बकरीद के दिन हुई थी हत्या

खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में रहने वाले 17 वर्षीय सूर्या चौहान पर 28 मई, बकरीद के दिन चाकुओं से हमला किया गया था. आरोप है कि असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या को कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए.

परिजनों का दावा है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सूर्या करीब 200 मीटर तक अपनी जान बचाने के लिए भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर दोबारा हमला किया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.

हत्या के बाद भड़का था आक्रोश

सूर्या की हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला था. परिजनों और विभिन्न हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था. मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और तीन आरोपियों को शुरुआती कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया था.

हालांकि मुख्य आरोपी असद लगातार फरार चल रहा था, जिसके चलते पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.

पुलिस मुठभेड़ में मारा गया असद

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने और पैसे लेकर फरार होने की योजना के तहत खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है. इसके बाद खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में चेकिंग अभियान चलाया.

पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान असद ने अपने साथी के साथ बाइक से पहुंचकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में असद गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया.

यह भी पढ़ें- सूर्या मर्डर केस का आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, बकरीद के दिन चाकू घोंपकर की थी हत्या

घायल असद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ. मौके से असद की बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं.

डीसीपी ने क्या कहा?

डीसीपी धवल जायसवाल के मुताबिक, सूर्या चौहान की हत्या के मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था. तीन आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार था. पुलिस को उसके आने की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई, जिसके दौरान मुठभेड़ हुई और असद मारा गया.

यह भी पढ़ें- खोड़ा मर्डर केसः सूर्या के कातिल असद का जहां हुआ एनकाउंटर, वहां से ग्राउंड रिपोर्ट

परिवार ने बाकी आरोपियों पर भी कार्रवाई की मांग की

असद के मारे जाने के बाद सूर्या की मां ने कहा कि उन्हें आंशिक रूप से न्याय मिला है, लेकिन मामले में शामिल बाकी आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है.

अब पुलिस का फोकस फरार आरोपियों की तलाश और हत्या के पीछे की पूरी साजिश की जांच पर है. वहीं, ताजा खुलासे में सामने आई पिता नवाब की कथित भूमिका ने मामले को नया मोड़ दे दिया है. पुलिस इस एंगल से भी जांच आगे बढ़ा रही है कि हत्या की साजिश में नवाब की भूमिका कितनी गहरी थी और उसने असद को किस तरह प्रभावित किया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com